Begin typing your search...

नवी मुंबई में मनाई जाएगी गुरु तेग बहादुर साहिब जी की 350वीं शहीदी शताब्दी, PM मोदी-शाह समेत कई राज्यों के CM होंगे शामिल

श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी की 350वीं शहीदी शताब्दी पर ‘हिंद दी चादर’ नाम से विशाल गुरमत समागम 28 फरवरी और 1 मार्च 2026 को खारघर, नवी मुंबई में होगा. आयोजन महाराष्ट्र सरकार के सहयोग से किया जा रहा है, जिसमें संगतों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई है.

नवी मुंबई में मनाई जाएगी गुरु तेग बहादुर साहिब जी की 350वीं शहीदी शताब्दी, PM मोदी-शाह समेत कई राज्यों के CM होंगे शामिल
X

Hind Di Chadar Gurmat Samagam Navi Mumbai: धन-धन साहिब श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी महाराज की 350वीं शहीदी शताब्दी (Guru Tegh Bahadur Ji 350th Martyrdom Anniversary) के पावन अवसर पर एक ऐतिहासिक और भव्य गुरमत समागम ‘हिंद दी चादर’ का आयोजन किया जा रहा है. यह महान समागम महाराष्ट्र सरकार के विशेष सहयोग से नवी मुंबई में आयोजित होगा. यह धार्मिक आयोजन 28 फरवरी और 1 मार्च 2026 को खारघर, नवी मुंबई में संपन्न होगा. समागम का उद्देश्य साहिब श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी की महान शहादत, उनके बलिदान और मानवता की रक्षा के लिए दिए गए संदेश को संगत तक पहुंचाना है.

गुरु तेग बहादुर साहिब जी को ‘हिंद दी चादर’ इसलिए कहा जाता है क्योंकि उन्होंने धर्म, आस्था और मानव अधिकारों की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए. यह समागम उसी महान विरासत को याद करने और नई पीढ़ी तक गुरु साहिब के विचारों को पहुंचाने का प्रयास है. आयोजकों की ओर से समस्त संगतों से विनम्र अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पावन समागम में हाजिरी भरें और गुरु घर की बख्शिशें व अनमोल आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करें.


बाबा हरनाम सिंह जी धुमा ने क्या कहा?

बाबा हरनाम सिंह जी धुमा, मुखी, दमदमी टकसाल ने एक वीडियो जारी कर कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उनकी सरकार इस आयोजन को कराने के लिए जी जान से जुटी हुई है. उन्होंने कहा कि 28 फरवरी और 1 मार्च, दिन शनिवार और रविवार को भव्य आयोजन होने जा रहा है. बड़ी संख्या में लोग यहां आने वाले हैं.



पीएम मोदी और अमित शाह कब आएंगे?

बाबा हरनाम सिंह धुमा ने कहा कि सिख समुदाय के रागी कीर्तन करने के लिए आ रहे हैं. हिंदू और सिख धर्म के संत भी आयोजन में शामिल होंगे. गोवा, गुजरात, राजस्थान के मुख्यमंत्री भी इसमें शामिल होंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी इसमें हिस्सा लेंगे. पीएम मोदी 1 मार्च को, जबकि अमित शाह 28 फरवरी को शिरकत करेंगे.



India News
अगला लेख