Ashok Kharat की शिकार महिलाएं बड़ी मुश्किल में, वीडियो हुए वायरल, अब ऐसे कट रहा जीवन

अशोक खरात मामले में जिन महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो वायरल हुए थे, उनके लिए अब जीवन काटना मुश्किल हो चुका है. कई महिलाएं डिप्रेशन में चली गई हैं.

अशोक खरात मामला

Edited By :  विशाल पुंडीर
Updated On :

Ashok Kharat Case: नासिक से सामने आए ज्योतिषी अशोक खरात मामले में आए दिन नए-नए खुलासे हो रहे हैं. महिलाओं के साथ यौन शोषण करके उनको वीडियो के जरिए ब्लैकमेल और ठगी करने वाला अशोक खरात फिलहाल पुलिस की गिरफ्त में हैं. इस पूरे घटनाक्रम ने तब और गंभीर रूप ले लिया जब पीड़ित महिलाओं के निजी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, जिससे उनकी पहचान भी उजागर हो गई.

इस घटना के बाद पीड़ित महिलाओं पर मानसिक और सामाजिक दोनों तरह का भारी दबाव बना हुआ है. बताया जा रहा है कि कई महिलाएं गहरे सदमे में चली गई हैं और सामान्य जीवन जीना उनके लिए बेहद कठिन हो गया है.

कैसे जीवन काट रही पीड़ित महिलाएं?

अशोक खरात के जाल में फंसी 8 से 9 महिलाओं ने मानसिक आघात से उबरने के लिए मनोचिकित्सकों की मदद ली है. ये महिलाएं अब अंधविश्वास और धोखे की सच्चाई को समझ चुकी हैं और उपचार के जरिए अपने जीवन को पटरी पर लाने की कोशिश कर रही हैं. जानकारी के मुताबिक, सामाजिक दबाव और सार्वजनिक रूप से पहचान उजागर होने के कारण इन महिलाओं को बाहर निकलने और लोगों का सामना करने में भी परेशानी हो रही है.

वीडियो हुए थे वायरल

पीड़ित महिलाओं की मुश्किलें उस समय और बढ़ गईं जब उनके निजी वीडियो सोशल मीडिया पर फैल गए. इसके चलते वे घरों में सिमटने को मजबूर हो गई हैं. सूत्रों के अनुसार, कई महिलाएं इस घटना के बाद डिप्रेशन का शिकार हो चुकी हैं और लगातार मानसिक तनाव झेल रही हैं. उनका सबसे बड़ा डर यह है कि वे समाज में दोबारा सामान्य तरीके से कैसे जीवन जी पाएंगी?

कैसे मदद कर रही पुलिस और SIT?

इस मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने पीड़ित महिलाओं से अपील की है कि वे किसी भी तरह का दबाव न लें और न्याय प्रक्रिया में सहयोग करें. अधिकारियों ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी. साथ ही, यह भी सुझाव दिया गया है कि महिलाओं से पूछताछ एक सुरक्षित और गोपनीय स्थान पर की जाए, ताकि उनके मानसिक स्वास्थ्य पर और असर न पड़े.

वीडियो वायरल करने वालों पर होगा एक्शन

पुलिस प्रशासन ने इस मामले में सख्ती दिखाते हुए स्पष्ट किया है कि न केवल मुख्य आरोपी अशोक खरात के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, बल्कि उन लोगों पर भी नजर रखी जा रही है जिन्होंने आपत्तिजनक वीडियो वायरल किए. साइबर पुलिस ऐसे सभी लोगों की पहचान कर रही है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है. प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि इस तरह के वीडियो को न तो शेयर करें और न ही फॉरवर्ड करें. ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और उनके खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा.

Similar News