पहले दिल्ली-मुंबई और अब कोलकाता, भारत के बड़े शहरों पर नापाक नजर, नई गीदड़भभकी में क्या?
पाकिस्तान के डिफेंस मिनिस्टर ख्वाजा आसिफ ने भारत को लेकर खोखले दावे किए है. उनका कहना है कि अगर भारत कोई भी संघर्ष करता है तो वह कोलकाता तक को निशाना बनाएगा.
Pakistan: कोलकाता अब पाकिस्तान की भारत को दी जाने वाली चेतावनियों की लंबी लिस्ट में नया नाम बनकर उभरा है, लेकिन पहले की तरह इस बार भी ये बयान बड़े दावों के साथ दिए गए हैं, जिसके समर्थन में पाक कुछ पुख्ता सबूत पेश नहीं कर पाया है.
दरअसल, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने शनिवार को कहा कि भविष्य में अगर कोई संघर्ष होता है, तो वह सिर्फ सीमावर्ती इलाकों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि भारत के अंदर गहराई तक पहुंच सकता है. उन्होंने कोलकाता का नाम लेते हुए इसे संभावित निशाना बताया. सियालकोट में पत्रकारों से बात करते हुए आसिफ ने कहा, "अगर भारत इस बार कोई फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन करने की कोशिश करता है, तो इंशाअल्लाह हम इसे कोलकाता तक ले जाएंगे."
ख्वाजा आसिफ ने क्या किया खोखला दावा?
उन्होंने यह भी दावा किया कि फॉल्स फ्लैग की एक साजिश के संकेत मिल रहे हैं, जिसमें उनके अपने लोग या पाकिस्तान की हिरासत में मौजूद लोग शामिल हो सकते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि शवों का इस्तेमाल कर आतंकवाद का आरोप लगाया जा सकता है. हालांकि, इन दावों के समर्थन में उन्होंने कोई सबूत नहीं दिया.
आसिफ यहीं नहीं रुके. उन्होंने कहा कि अगला संघर्ष पहले से कहीं ज्यादा व्यापक होगा. उन्होंने कहा,"अगर वे फिर कोशिश करते हैं, तो उन्हें पिछले साल से भी ज्यादा अपमान का सामना करना पड़ेगा. इस बार संघर्ष 200 से 250 किलोमीटर तक सीमित नहीं रहेगा. हम उनके क्षेत्र में घुसकर उनके घरों के अंदर वार करेंगे."
उनके ये बयान पाकिस्तान की तरफ से पहले भी दिए गए ऐसे संकेतों से मेल खाते हैं, जिनमें संघर्ष को पूर्व दिशा तक बढ़ाने की बात कही गई थी, हालांकि जमीनी स्थिति में क्या बदलाव हुआ है, इस पर कोई स्पष्टता नहीं दी गई. यह चेतावनी भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के उस सख्त बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि किसी भी 'दुस्साहस' का जवाब 'अभूतपूर्व और निर्णायक' होगा.
राजनाथ सिंह ने क्या कहा?
केरल में बोलते हुए राजनाथ सिंह ने अप्रैल 2025 में हुए पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र किया था, जिसमें 26 लोगों की मौत हुई थी. उन्होंने कहा था, "मैं आपको बताना चाहता हूं कि ऑपरेशन अभी खत्म नहीं हुआ है. अगर पाकिस्तान इस तरह की हरकतें दोहराता है, तो हमारी सशस्त्र सेनाएं ऐसा जवाब देंगी जिसे वे कभी नहीं भूल पाएंगे."
इससे पहले, भारत में पाकिस्तान के पूर्व उच्चायुक्त अब्दुल बासित ने भी कुछ दिन पहले विवादित बयान दिया था. उन्होंने एक काल्पनिक स्थिति का जिक्र करते हुए कहा था, “अगर अमेरिका पाकिस्तान पर हमला करता है, तो हमें बिना सोचे-समझे भारत-मुंबई और नई दिल्ली-पर हमला करना होगा. हम इसे नहीं छोड़ेंगे, बाद में जो होगा देखा जाएगा." अब्दुल बासित 2014 से 2017 के बीच नई दिल्ली में तैनात रह चुके हैं और भारत-पाकिस्तान के कूटनीतिक संबंधों से करीबी तौर पर जुड़े रहे हैं.