Andes Hantavirus Explained: आखिर क्या है एंडीज हंटावायरस, जिसने क्रूज शिप से लेकर अर्जेंटीना तक मचाई दहशत?
अर्जेंटीना में 2018 में फैले Andes Hantavirus आउटब्रेक ने वैज्ञानिकों को चौंका दिया, क्योंकि यह वायरस इंसानों से इंसानों में फैलता है. अब इसी वायरस से जुड़े मामलों ने एक क्रूज शिप पर भी चिंता बढ़ा दी है, जहां कई यात्री संक्रमित हुए हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि यह वायरस बेहद खतरनाक है और करीब 40% मामलों में जानलेवा साबित हो सकता है.
एंडीज हंटावायरस से दुनिया में मची दहशत
What is Andes Hantavirus: दुनिया एक बार फिर एक ऐसे वायरस को लेकर अलर्ट हो गई है, जिसका नाम पहले बहुत कम लोगों ने सुना था. यह है- एंडीज हंटावायरस. दक्षिण अमेरिका से जुड़े इस दुर्लभ लेकिन बेहद खतरनाक वायरस ने वैज्ञानिकों और स्वास्थ्य एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है. हाल ही में MV Hondius नाम के क्रूज शिप पर कई यात्री बीमार पड़े, जिसके बाद जांच में एंडीज वायरस संक्रमण की आशंका जताई गई. यही वायरस 2018 में अर्जेंटीना के छोटे से गांव एपुएन में फैला था, जहां 11 लोगों की मौत हो गई थी.
विशेषज्ञों की मानें तो एंडीज हंटावायरस बाकी हंटावायरस से अलग और ज्यादा खतरनाक है, क्योंकि यह इंसान से इंसान में भी फैल सकता है. यही वजह है कि WHO और वैज्ञानिक इसे संभावित पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी मानकर निगरानी कर रहे हैं.
क्या है Andes Hantavirus?
हंटावायरस आमतौर पर चूहों और दूसरे कृंतकों (Rodents) से फैलने वाला वायरस होता है. इंसान संक्रमित चूहों के मल, पेशाब या लार के संपर्क में आने से बीमार होते हैं, लेकिन एंडीज वायरस इस परिवार का एक ऐसा स्ट्रेन है जो इंसानों के बीच भी फैल सकता है. यह वायरस मुख्य रूप से दक्षिण अमेरिका, खासकर अर्जेंटीना और चिली में पाया जाता है. वैज्ञानिकों के मुताबिक यह Long-tailed pygmy rice rat नाम के चूहे में पाया जाता है.
कैसे फैलता है Andes Hantavirus?
विशेषज्ञों के अनुसार Andes Hantavirus का सबसे खतरनाक पहलू इसका person-to-person transmission है. यानी संक्रमित व्यक्ति दूसरे इंसान को भी संक्रमित कर सकता है. 2018 के एपुएन आउटब्रेक में वैज्ञानिकों ने पाया कि
- संक्रमित व्यक्ति बुखार आने वाले दिन सबसे ज्यादा संक्रामक होता है.
- केवल कुछ मिनटों का संपर्क भी संक्रमण फैला सकता है.
- एक बर्थडे पार्टी में सिर्फ 90 मिनट की मौजूदगी से 5 लोग संक्रमित हो गए थे.
- एक महिला ने अपने पति के अंतिम संस्कार में शामिल होकर 10 अन्य लोगों को संक्रमित कर दिया था.
हालांकि, विशेषज्ञ यह भी कहते हैं कि इसका संक्रमण विंडो बहुत छोटा होता है. इसलिए यह कोविड की तरह तेजी से नहीं फैलता.
Andes Hantavirus के लक्षण क्या-क्या हैं?
एंडीज हंटावायरस के शुरुआती लक्षण सामान्य फ्लू जैसे हो सकते हैं, जिसमें शामिल हैं;
- तेज बुखार
- शरीर में दर्द
- कमजोरी
- सिरदर्द
- सांस लेने में दिक्कत
गंभीर मामलों में मरीज को निमोनिया और फेफड़ों में गंभीर संक्रमण हो सकता है. कई मरीज ICU तक पहुंच जाते हैं. WHO के अनुसार इसकी मृत्यु दर 40% तक हो सकती है.
एंटीज हंटावायरस को खतरनाक क्यों माना जा रहा?
वैज्ञानिकों को सबसे ज्यादा चिंता एंटीज हंटावायरस की लंबी incubation period यानी संक्रमण और लक्षण आने के बीच लंबे अंतराल को लेकर है. कई मामलों में 2 से 6 हफ्ते बाद लक्षण सामने आए. इससे संक्रमित लोगों को ट्रैक करना बेहद मुश्किल हो जाता है. क्रूज शिप जैसे बंद वातावरण में यह ज्यादा चिंता पैदा करता है.
MV Hondius Cruise Ship मामला क्या है?
हाल ही में MV Hondius नाम के क्रूज शिप पर कई यात्री बीमार पड़ गए. शुरुआत में डॉक्टरों को लगा कि यह बर्ड फ्लू या Legionella संक्रमण हो सकता है, लेकिन बाद में जांच में हंटावायरस पॉजिटिव मिला. अब वैज्ञानिक पूरे वायरस की genome sequencing कर रहे हैं ताकि पता लगाया जा सके कि वायरस कहां से आया और इसमें कोई नया mutation तो नहीं हुआ.
क्या दुनिया को घबराने की जरूरत है?
विशेषज्ञ फिलहाल इसे कोविड जैसी स्थिति नहीं मान रहे. उनका कहना है कि यह वायरस बहुत सीमित परिस्थितियों में फैलता है. फिर भी WHO और वैज्ञानिक लगातार निगरानी कर रहे हैं क्योंकि;
- यह इंसान से इंसान में फैल सकता है
- मृत्यु दर काफी ज्यादा है
- इसका व्यवहार अभी पूरी तरह समझा नहीं गया है
संक्रामक रोग विशेषज्ञों का मानना है कि यह वैज्ञानिकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण केस स्टडी बन चुका है. आने वाले समय में इससे जुड़े और मामले सामने आ सकते हैं.




