बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर मतदान से कुछ घंटे पहले जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर और पुलिस के बीच तीखी बहस का वीडियो सामने आया. प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि उनके दो कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लेने के बाद कहीं और भेज दिया, लेकिन उनकी जानकारी नहीं दी जा रही. उन्होंने दावा किया कि कार्यकर्ताओं को बीजेपी के इशारे पर परेशान किया जा रहा है और पुलिस पारदर्शिता नहीं बरत रही. थाना परिसर में प्रशांत किशोर और जक्कनपुर थाने के प्रभारी के बीच इस मुद्दे पर लंबी बहस हुई. पुलिस अधिकारी ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि किसी को अवैध तरीके से हिरासत में नहीं रखा गया है और पूरी विधानसभा में ऐसी कोई कार्रवाई नहीं हुई. बहस के दौरान दोनों पक्षों के बीच कानून, हिरासत और पुलिस की जिम्मेदारी को लेकर तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली. प्रशांत किशोर ने कहा कि अगर उनके कार्यकर्ताओं को कोई नुकसान हुआ तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय होगी. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.