चार मैसेज के 1 रुपए! 1 अक्टूबर से WhatsApp पर Message भेजने के लिए देना होगा चार्ज? आम यूजर्स के लिए No Tension
1 अक्टूबर से WhatsApp Business Platform पर कुछ सर्विस और यूटिलिटी मैसेज के लिए कंपनियों को भुगतान करना होगा, जिससे 14 पैसे प्रति मैसेज वाली चर्चा शुरू हुई है. आम WhatsApp यूजर दोस्तों को मैसेज भेजने या किसी बिजनेस को रिप्लाई करने के लिए कोई नया चार्ज नहीं देगा.
अगर आपने भी सोशल मीडिया पर सुना है कि WhatsApp पर एक मैसेज भेजने के लिए 14 पैसे देने होंगे, तो पहले थोड़ा रुकिए. यह खबर आम WhatsApp यूजर्स के लिए नहीं है. 1 अक्टूबर 2026 से Meta अपने WhatsApp Business Platform की मैसेजिंग कीमतों में बदलाव करने जा रहा है. इसका सीधा असर उन कंपनियों और बिजनेस पर पड़ेगा, जो बड़े पैमाने पर ग्राहकों को WhatsApp के जरिए ऑटोमेटेड मैसेज भेजते हैं.
यानी आप दोस्तों या परिवार को WhatsApp पर पहले की तरह फ्री में मैसेज करते रहेंगे. यहां तक कि किसी बिजनेस को WhatsApp पर मैसेज करने पर भी आपसे कोई 14 पैसे नहीं लिए जाएंगे. चार्ज उस बिजनेस को देना होगा, जो WhatsApp Business Platform के जरिए आपको मैसेज भेज रहा है.
क्या 1 अक्टूबर से WhatsApp पर मैसेज भेजना महंगा हो जाएगा?
नहीं. नॉर्मल WhatsApp यूजर्स के लिए कोई नया मैसेजिंग चार्ज नहीं लगाया जा रहा है. आप रोज की तरह अपने दोस्तों, परिवार या किसी अन्य व्यक्ति को WhatsApp पर मैसेज, फोटो, वीडियो या डॉक्यूमेंट भेज सकते हैं. इसके लिए Meta आपसे प्रति मैसेज कोई शुल्क नहीं लेगा. अगर आपने किसी बैंक, शॉपिंग कंपनी या दूसरे बिजनेस से WhatsApp पर संपर्क किया है, तब भी आपके भेजे गए मैसेज के पैसे आपसे नहीं लिए जाएंगे. नया नियम मुख्य रूप से उन कंपनियों पर लागू होगा, जो WhatsApp Business Platform का इस्तेमाल करके बड़ी संख्या में ग्राहकों को मैसेज भेजती हैं.
फिर 14 पैसे वाली बात क्या है?
यहीं सबसे ज्यादा कन्फ्यूजन हो रहा है. Meta के अक्टूबर 2026 के भारत के रेट कार्ड के मुताबिक, कुछ तरह के बिजनेस मैसेज के लिए कंपनियों से ₹0.115 प्रति डिलीवर्ड मैसेज, टैक्स से पहले, चार्ज किया जाएगा. 18% GST जोड़ने पर यह रकम करीब 14 पैसे प्रति मैसेज बैठती है. लेकिन इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि आपको WhatsApp पर मैसेज भेजने के लिए 14 पैसे देने होंगे. यह रकम उस बिजनेस से ली जाएगी, जो अपने ग्राहक को WhatsApp के जरिए मैसेज भेज रहा है.
किन कंपनियों पर पड़ेगा WhatsApp के नए चार्ज का असर?
इस बदलाव का असर खास तौर पर उन कंपनियों पर पड़ेगा जो WhatsApp के जरिए बड़े पैमाने पर ग्राहकों से संपर्क करती हैं. मसलन-
- बैंक
- ई-कॉमर्स कंपनियां
- बड़ी स्टार्टअप कंपनियां
- ऑनलाइन सर्विस प्लेटफॉर्म
- कस्टमर केयर सिस्टम इस्तेमाल करने वाले बिजनेस
- ऑटोमेटेड WhatsApp मैसेज भेजने वाली कंपनियां
मान लीजिए आपके बैंक ने WhatsApp पर खाते का अलर्ट भेजा. या आपने ऑनलाइन शॉपिंग की और कंपनी ने ऑर्डर या डिलीवरी का अपडेट WhatsApp पर भेज दिया. ऐसे मैसेज के लिए संबंधित बिजनेस को Meta को भुगतान करना पड़ सकता है.
1 अक्टूबर से बिजनेस के लिए क्या बदलेगा?
1 अक्टूबर 2026 से कुछ Service और Utility messages के लिए नई कीमतें लागू होंगी. नए सिस्टम के तहत हर बिजनेस फोन नंबर को हर महीने 1,000 फ्री सर्विस मैसेज की सुविधा मिलेगी. इस सीमा के बाद भेजे जाने वाले अतिरिक्त सर्विस मैसेज पर शुल्क लागू होगा. इसके अलावा 24 घंटे वाली Customer Service Window भी खत्म नहीं हो रही है. हालांकि इस विंडो के अंदर भेजे जाने वाले Utility Messages भी नए नियमों के तहत चार्जेबल होंगे.
OTP, बैंक अलर्ट और ऑर्डर अपडेट पर क्या होगा?
यही वह हिस्सा है जिसे लेकर आम यूजर सबसे ज्यादा जानना चाहता है. अगर आपको- OTP, बैंक अलर्ट, पेमेंट अपडेट, ऑर्डर कन्फर्मेशन, डिलीवरी अपडेट या कस्टमर सर्विस से जुड़ा WhatsApp मैसेज मिलता है, तो उसका चार्ज बिजनेस को देना पड़ सकता है. आपको नहीं. यानी अगर किसी ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी को आपको ऑर्डर अपडेट भेजने के लिए Meta को पैसे देने पड़ते हैं, तो वह भुगतान कंपनी करेगी. ग्राहक से अलग से 14 पैसे प्रति WhatsApp मैसेज नहीं लिए जाएंगे.
Marketing Messages के लिए कितना चार्ज है?
प्रमोशनल या मार्केटिंग मैसेज की कीमत अलग है. Meta के अक्टूबर 2026 के रेट कार्ड के अनुसार भारत में Marketing Messages के लिए करीब ₹0.8631 प्रति डिलीवर्ड मैसेज, टैक्स से पहले, की दर है. इसलिए किसी कंपनी की सेल, ऑफर या प्रमोशनल कैंपेन का खर्च उसके भेजे जाने वाले मैसेज की संख्या के हिसाब से काफी बढ़ सकता है.
क्या WhatsApp Business ऐप इस्तेमाल करने वालों को भी पैसे देने होंगे?
यहां भी फर्क समझना जरूरी है. WhatsApp Business Platform और WhatsApp Business App एक ही चीज नहीं हैं. यह बदलाव मुख्य रूप से उस बिजनेस मैसेजिंग प्लेटफॉर्म से जुड़ा है, जिसका इस्तेमाल कंपनियां बड़े स्तर पर ऑटोमेटेड और ग्राहक-केंद्रित मैसेज भेजने के लिए करती हैं. इसलिए सिर्फ यह देखकर कि कोई व्यक्ति या छोटा बिजनेस WhatsApp Business ऐप इस्तेमाल कर रहा है, यह नहीं कहा जा सकता कि उस पर 14 पैसे वाला नया चार्ज लागू हो जाएगा.
क्या आम WhatsApp यूजर को 1 अक्टूबर से कुछ करना होगा?
नहीं. अगर आप WhatsApp का इस्तेमाल सिर्फ दोस्तों, परिवार या निजी बातचीत के लिए करते हैं, तो इस बदलाव के कारण आपको कोई नया भुगतान नहीं करना है. आपके लिए WhatsApp की सामान्य चैटिंग पहले की तरह जारी रहेगी.
तो फिर WhatsApp पर 14 पैसे की खबर क्यों वायरल हो रही है?
कन्फ्यूजन इसलिए पैदा हो रहा है क्योंकि नए रेट में कुछ बिजनेस मैसेज के लिए करीब 14 पैसे की रकम दिखाई दे रही है. इसे कई जगह इस तरह समझा जा रहा है कि WhatsApp यूजर्स को प्रति मैसेज भुगतान करना पड़ेगा. जबकि असल बदलाव Business Platform की pricing में है. सीधी भाषा में समझें तो- मैसेज पाने वाला ग्राहक नहीं, मैसेज भेजने वाला संबंधित बिजनेस भुगतान करेगा.




