Bangladesh के लिए दोस्ती का पैगाम! PM Modi ने दिया तारिक रहमान को भारत आने का न्यौता; क्या दूर होगी रिश्तों की कड़वाहट?
बांग्लादेश में नई सरकार आने के बाद रिश्तों की कड़वाहट दूर होती दिख रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तारिक रहमान को लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के ज़रिए भारत आने का न्योता भेजा है.
PM Modi Invites Bangladesh PM Tarique Rahman: ढाका में मंगलवार को बांग्लादेश की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भारत की ओर से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश और न्यौता बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री तारिक रहमान को सौंपा.
तारिक रहमान ने हाल ही में हुए 12 फरवरी के आम चुनाव में जीत हासिल करने के बाद प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी. उनकी पार्टी, बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी), ने दो-तिहाई बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की है. रहमान चुनाव से पहले 17 सालों के लंदन प्रवास के बाद ढाका लौटे थे.
ओम बिरला ने तारिक रहमान से क्या कहा?
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान ओम बिरला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक निजी पत्र तारिक रहमान को सौंपा. उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की ओर से शुभकामनाएं दीं और उन्हें भारत आने का निमंत्रण दिया. बिरला ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री रहमान के साथ रचनात्मक बैठक की और दोनों देशों के बीच मजबूत और स्थायी साझेदारी को और गहरा करने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई.
यह राजनीतिक बदलाव ऐसे समय में आया है जब शेख हसीना के इस्तीफे के लगभग दो साल बाद नई सरकार बनी है. हसीना ने बड़े पैमाने पर हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद पद छोड़ा था और फिलहाल भारत में रह रही हैं.
पीएम मोदी ने तारिक रहमान को क्या दी थी बधाई?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी 13 फरवरी को तारिक रहमान को चुनावी जीत पर बधाई दी थी. उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा था कि उन्हें रहमान से बात करके खुशी हुई और बांग्लादेश की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के उनके प्रयासों के लिए शुभकामनाएं और समर्थन व्यक्त किया. मोदी ने यह भी दोहराया कि भारत और बांग्लादेश ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से गहरे जुड़े पड़ोसी देश हैं, और दोनों देशों के लोगों की शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए भारत प्रतिबद्ध है.
क्या बांग्लादेश और भारत के बीच तनाव है?
भारत की ओर से यह पहल ऐसे समय में हुई है जब अंतरिम सरकार के दौरान दोनों देशों के संबंधों में तनाव की चर्चा रही थी. चुनाव परिणाम के बाद प्रधानमंत्री मोदी उन पहले नेताओं में शामिल थे जिन्होंने तारिक रहमान से संपर्क किया, जिसे संबंधों में संभावित नरमी के संकेत के रूप में देखा जा रहा है.
नई सरकार में कैसे होंगे भारत बांग्लादेश के रिश्ते?
प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने साफ किया है कि उनकी सरकार की विदेश नीति 'बांग्लादेश फर्स्ट' के सिद्धांत पर आधारित होगी. भारत-बांग्लादेश संबंधों के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि देश के द्विपक्षीय संबंधों का निर्धारण बांग्लादेश और उसके लोगों के हितों के आधार पर किया जाएगा.
क्या तारिक रहमान ने प्रधानमंत्री को भेजा था न्यौता?
बांग्लादेश के मौजूदा प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होना का न्यौता भेजा था. लेकिन, उनकी पहले सी ही मीटिंग प्रस्तावित होने के कारण वह इस समारोह में शामिल नहीं हो पाए. उनकी जगह लोकसभा स्पीकर इस प्रोग्राम में शामिल हुए थे.





