मां बनने जा रही थी मेयर, छुट्टी मांगी तो हुआ हंगामा, मैटरनिटी लीव पर जापान में बवाल क्यों, क्या कहते हैं नियम?
मां बनने से पहले छुट्टी लेने का एक फैसला जापान में बहस का विषय बन गया है. दरअसल जापान में ऊंचे पदों पर बैठे लोगों के लिए मैटरनिटी लीव का कोई रूल नहीं है.
मैटरनिटी लीव पर जापान में बवाल क्यों
मां बनने की खुशी हर महिला के लिए खास होती है, लेकिन जापान में एक महिला मेयर के लिए यही फैसला बड़ी बहस की वजह बन गया. यावाता शहर की मेयर शोको कावाता ने बच्चे के जन्म से पहले और बाद में मैटरनिटी लीव लेने का ऐलान किया, जिसके बाद पूरे देश में इस पर पक्ष और विपक्ष की चर्चा शुरू हो गई.
दरअसल, जापान में आम कर्मचारियों के लिए मैटरनिटी लीव का नियम है, लेकिन चुने हुए जनप्रतिनिधियों जैसे मेयर के लिए ऐसा कोई स्पष्ट नियम नहीं है. ऐसे में उनके लिए अलग व्यवस्था करनी पड़ी, जिस पर कुछ लोगों ने समर्थन जताया तो कुछ ने सवाल उठाए. आखिर क्या हैं नियम और क्यों मचा इतना बवाल, आइए जानते हैं.
कौन हैं शोको कावाता?
शोको कावाता पश्चिमी जापान के यावाता शहर की मेयर हैं. वह 2023 में सिर्फ 33 साल की उम्र में चुनी गई थीं. वह इस शहर की पहली महिला मेयर हैं और जापान की सबसे कम उम्र में चुनी गई महिला मेयर भी मानी जाती हैं.
क्यों लिया मैटरनिटी लीव का फैसला?
शोको कावाता सितंबर में अपने पहले बच्चे को जन्म देने वाली हैं. उन्होंने तय किया है कि वह डिलीवरी से पहले करीब दो महीने और बच्चे के जन्म के बाद करीब दो महीने की छुट्टी लेंगी. इस दौरान शहर का रोजमर्रा का काम डिप्टी मेयर संभालेंगे, जबकि बड़े फैसलों में कावाता की भूमिका बनी रहेगी.
बवाल क्यों मच गया?
दरअसल जापान में सामान्य कर्मचारियों को मैटरनिटी लीव का अधिकार मिलता है, लेकिन चुने हुए जनप्रतिनिधियों जैसे मेयर के लिए ऐसा कोई साफ नियम नहीं है. इसलिए यावाता प्रशासन को उनके लिए अलग व्यवस्था करनी पड़ी. इसी वजह से यह मामला पूरे देश में चर्चा का विषय बन गया. कुछ लोगों का कहना है कि मेयर का पद बहुत महत्वपूर्ण होता है और इतने लंबे समय तक छुट्टी लेना सही नहीं है. वहीं कुछ लोगों ने सवाल उठाया कि क्या जनता के टैक्स के पैसे से इस तरह की व्यवस्था की जानी चाहिए.
महिलाओं के सामने अब भी बड़ी चुनौती
जापान में आज भी कई कामकाजी महिलाओं को गर्भावस्था और मातृत्व के दौरान भेदभाव का सामना करना पड़ता है. इसे वहां 'माताहारा' (मैटरनिटी हैरेसमेंट) कहा जाता है. कई महिलाएं डरती हैं कि अगर उन्होंने मैटरनिटी लीव ली, तो उनके करियर पर असर पड़ सकता है.




