फारसी में ‘हां’, अंग्रेजी में गायब, Iran की सीजफायर के लिए शर्त पर छिड़ी नई बहस, यूरेनियम का है जिक्र
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2 हफ्तों के लिए सीजफायर की घोषणा कर डाली. जहां सीजफायर की खबर से दुनियाभर में थोड़ी राहत की लहर दौड़ी तो वहीं इसके साथ ही कई नए सवाल भी खड़े हो गए.
Iran US Ceasefire
Iran US Ceasefire: 28 फरवरी 2026 से मिडिल ईस्ट में ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच जारी जंग पर 8 अप्रैल को उस वक्त विराम लग गया जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2 हफ्तों के लिए सीजफायर की घोषणा कर डाली. जहां सीजफायर की खबर से दुनियाभर में थोड़ी राहत की लहर दौड़ी तो वहीं इसके साथ ही कई नए सवाल भी खड़े हो गए. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस समझौते से पहले तेहरान ने एक 10 सूत्रीय प्रस्ताव रखा था, जिसे लेकर अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बहस तेज हो गई है.
खासकर इस प्रस्ताव में शामिल ‘यूरेनियम संवर्धन’ की शर्त को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं. दिलचस्प बात यह है कि जहां ईरानी सरकारी मीडिया इस प्रस्ताव को पूरी तरह स्वीकार किए जाने का दावा कर रहा है, वहीं अमेरिकी पक्ष की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. इसी बीच, Associated Press की एक रिपोर्ट ने इस पूरे मामले को और पेचीदा बना दिया है.
10 सूत्रीय प्रस्ताव में क्या था खास?
ईरान द्वारा पेश किए गए 10 सूत्रीय प्रस्ताव की सबसे अहम शर्त यह बताई जा रही है कि अमेरिका ईरान के यूरेनियम संवर्धन के अधिकार को स्वीकार करे. हालांकि, Associated Press के अनुसार यूरेनियम संवर्धन का अधिकार वाला वाक्यांश केवल प्रस्ताव के फारसी संस्करण में ही मौजूद था, जबकि अंग्रेजी संस्करण में इसका कोई उल्लेख नहीं था. रिपोर्ट में यह स्पष्ट नहीं किया गया कि दोनों संस्करणों में यह अंतर क्यों रखा गया, जिससे इस समझौते की पारदर्शिता पर सवाल उठने लगे हैं.
क्या अमेरिका ने सच में मानी ईरान की शर्तें?
ईरानी सरकारी मीडिया का दावा है कि अमेरिका ने तेहरान के सभी 10 प्रस्तावों को स्वीकार कर लिया है. हालांकि, वाशिंगटन की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. रिपोर्ट्स की माने तो अगर अमेरिका वास्तव में ईरान के यूरेनियम संवर्धन को मान्यता देता है, तो यह उसकी अब तक की नीति के बिल्कुल विपरीत होगा. क्योंकि डोनाल्ड ट्रंप पहले ही स्पष्ट कर चुके थे कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम को पूरी तरह समाप्त करना इस युद्ध का प्रमुख उद्देश्य था.
क्या हैं ईरान की 10 शर्तें?
1. भविष्य में कोई हमला न हो
2. होर्मुज स्ट्रेट पर ईरान का नियंत्रण
3. यूरेनियम संवर्धन का अधिकार
4. ईरान से सभी प्रतिबंधों को हटाना
5. सभी द्वितीयक प्रतिबंधों को हटाना
6. संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के सभी प्रस्तावों को समाप्त करना
7. IAEA के सभी प्रस्तावों को समाप्त करना
8. ईरान को हुए नुकसान के मुआवजे का भुगतान
9. मिडिल ईस्ट से अमेरिकी सेना की वापसी
10. लेबनान में हिजबुल्लाह के खिलाफ सभी मोर्चों पर युद्ध विराम




