Iran War: 'स्टोन एज में पहुंचाने' वाली धमकी से पीछे हटे ट्रंप, 2 हफ्तों के सीजफायर का किया ऐलान, फैसले के पीछे क्या रही वजह?
Donald Trump ने दो दिनों के सीजफायर का ऐलान किया है. उन्होंने कहा है कि अगलो दो दिनों तक ईरान पर कोई बमबारी नहीं होने वाली है. वहीं ईरान ने इसे अपनी जीत बताया है.
Iran War Ceasefire: अमेरिका के राष्ट्रपति Donald Trump ने मंगलवार को ऐलान किया कि अमेरिका और ईरान के बीच दो हफ्ते का सीजफायर (युद्धविराम) तय हुआ है. इससे पहले 79 वर्षीय ट्रंप ने तेहरान को चेतावनी दी थी कि जरूरत पड़ने पर 'पूरी सभ्यता को खत्म' कर दिया जाएगा. अब उन्होंने कहा है कि इस सीजफायर अवधि के दौरान ईरान पर होने वाली बमबारी और हमले रोक दिए गए हैं.
अपने संदेश में उन्होंने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री Shehbaz Sharif और फील्ड मार्शल Asim Munir का भी जिक्र किया. ईरान ने भी आईआरजीसी को हमले रोकने का आदेश दिया है और इसे अपनी बड़ी जीत बताया है.
डोनाल्ड ट्रंप ने क्या कहा?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर पोस्ट करते हुए ट्रंप ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच एक समझौता हुआ है. उन्होंने लिखा, “पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के साथ बातचीत के आधार पर, और उनके अनुरोध पर कि मैं आज रात ईरान के खिलाफ भेजी जा रही विनाशकारी ताकत को रोक दूं, और इस शर्त पर कि इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान तुरंत, पूरी तरह और सुरक्षित तरीके से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खोलने के लिए सहमत हो, मैं दो हफ्ते के लिए ईरान पर बमबारी और हमले रोकने के लिए तैयार हूं.” ट्रंप ने यह भी कहा कि इस फैसले के पीछे एक खास वजह है.
सीजफायर पर सहमति की वजह क्या है?
राष्ट्रपति ने कहा कि अमेरिका अपने सैन्य उद्देश्यों को पहले ही पूरा कर चुका है और उनसे आगे भी बढ़ चुका है. उन्होंने कहा, “यह एक दोतरफा सीजफायर होगा. ऐसा करने का कारण यह है कि हम अपने सभी सैन्य उद्देश्यों को पूरा कर चुके हैं और उनसे आगे निकल चुके हैं. साथ ही ईरान के साथ लंबे समय की शांति और मध्य पूर्व में स्थायी शांति को लेकर एक ठोस समझौते के काफी करीब पहुंच चुके हैं.”
क्या ईरान का प्रस्ताव भी बना वजह?
ट्रंप ने यह भी बताया कि अमेरिका को ईरान की ओर से 10 बिंदुओं का प्रस्ताव मिला है और इसे बातचीत के लिए एक अच्छा आधार माना जा रहा है. अगले दो हफ्तों में इस पर बातचीत होगी.
उन्होंने कहा, “हमें ईरान से 10 बिंदुओं का प्रस्ताव मिला है और हमें लगता है कि इस पर बातचीत की जा सकती है. पहले से चले आ रहे कई विवादित मुद्दों पर दोनों पक्षों के बीच सहमति बन चुकी है, लेकिन दो हफ्तों का समय इस समझौते को अंतिम रूप देने के लिए जरूरी है. अमेरिका की ओर से, राष्ट्रपति के रूप में और मध्य पूर्व के देशों का प्रतिनिधित्व करते हुए, यह कहना मेरे लिए सम्मान की बात है कि यह लंबे समय से चला आ रहा मुद्दा अब समाधान के करीब है.”
ट्रंप का यह ऐलान उस समय आया जब उन्होंने इससे पहले ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा था कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो “आज रात पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी.”
अमेरिका और इजरायल ने हाल के दिनों में ईरान पर कई हमले किए हैं, जिनमें उसकी सैन्य क्षमता, नेतृत्व और परमाणु कार्यक्रम को निशाना बनाया गया. इसके जवाब में ईरान ने भी इजरायल और खाड़ी देशों पर लगातार हमले किए हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है और आर्थिक व राजनीतिक स्तर पर बड़ा असर पड़ा है.




