Middle East War का तीस मार खां है ईरान! बम-बारूद में पीछे, दिमाग में आगे; अमेरिका को कैसे रुलाया खून के आंसू?
मिडिल ईस्ट वॉर में Iran की असली ताकत क्या है? जानिए कैसे वह Asymmetric Warfare, प्रॉक्सी नेटवर्क और रणनीति के दम पर अमेरिका जैसी सुपरपावर को चुनौती देता है.
मिडिल ईस्ट वॉर को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump लगातार एक से बढ़कर एक बयान दे रहे हैं. हालिया बयान में उन्होंने World War I, World War II और Vietnam War का जिक्र करते हुए कहा कि उनका मकसद एक बड़ा संदेश देना था. अमेरिका ने इतिहास के सबसे बड़े युद्ध झेले हैं, लेकिन आज एक ऐसा देश है, जो उसे बार-बार चुनौती दे रहा है. जो न तो शक्तिशाली राष्ट्र है और न ही तकनीकी के मामले में एडवांस नेशन. यानी Iran एक इस्लामिक राष्ट्र है. सवाल यह है कि क्या सच में ईरान असली “तीस मारखान” है? क्या उसकी ताकत इतनी है कि वह अमेरिका जैसी महाशक्ति को “खून के आंसू” रुला सके? इसका जवाब सीधा नहीं, बल्कि कई परतों में छिपा है. जैसे :
1. पारंपरिक युद्ध बनाम एसीमिट्रिक ताकत क्या?
अगर अमेरिका और ईरान के बीच सीधे सैन्य ताकत की तुलना करें, तो यूएस आज भी दुनिया की सबसे शक्तिशाली सेना रखता है. उसके पास अत्याधुनिक हथियार, वैश्विक सैन्य ठिकाने और अरबों डॉलर का रक्षा बजट है. इसके मुकाबले ईरान पारंपरिक युद्ध में कमजोर दिखता है. लेकिन ईरान की असली ताकत Asymmetric Warfare में है. यानी वह सीधे भिड़ने के बजाय छापामार रणनीति, प्रॉक्सी युद्ध (proxy war) और क्षेत्रीय नेटवर्क के जरिए अमेरिका को नुकसान पहुंचाता है. यही वजह है कि वह कम संसाधनों में भी बड़ी ताकत को परेशान कर देता है. इस युद्ध में जीत ताकत से नहीं, बल्कि रणनीति, धैर्य और “दिमागी खेल” से होती है. यही वजह है कि छोटे देश भी बड़ी ताकतों को चुनौती दे पाते हैं.
2. प्रॉक्सी नेटवर्क: ईरान की सबसे बड़ी ताकते कैसे?
ईरान ने मध्य-पूर्व में एक मजबूत नेटवर्क तैयार किया है. जैसे लेबनान में हिज्जबुल्लाह, यमन में हूती और इराक-सीरिया में शिया मिलिशिया. ये संगठन सीधे ईरान के लिए लड़ते नहीं दिखते, लेकिन उसके हितों को आगे बढ़ाते हैं. अमेरिका ने इराक और अफगानिस्तान में लंबे समय तक युद्ध लड़ा, लेकिन इन प्रॉक्सी ताकतों ने उसकी रणनीति को लगातार चुनौती दी. यही वजह है कि कई बार अमेरिका को सीधे युद्ध के बजाय “छोटे-छोटे हमलों” से ज्यादा नुकसान झेलना पड़ा.
3. ईरान की असली ताकत क्या?
ईरान की भौगोलिक बुरावट ही उसकी असली ताकत है. पहाड़ी इलाके, रेगिस्तान और रणनीतिक लोकेशन, उसे बाहरी हमले से बचाते हैं. खासकर Hormuz Strait (हॉर्मुज जलडमरूमध्य) पर उसकी पकड़ बेहद अहम है. यह दुनिया के तेल सप्लाई का बड़ा रास्ता है. अगर ईरान यहां तनाव बढ़ाता है, तो पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था हिल सकती है. यही कारण है कि अमेरिका भी सीधे टकराव से पहले कई बार सोचता है.
4. मिसाइल और ड्रोन खतरनाक क्यों?
ईरान ने पिछले कुछ सालों में अपनी बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन तकनीक को काफी मजबूत किया है. उसकी मिसाइलें इजराइल और खाड़ी देशों तक पहुंच सकती हैं, जहां अमेरिका के ठिकाने भी मौजूद हैं. यही वजह है कि भले ही ईरान के पास अमेरिका जैसा एयरफोर्स या नेवी न हो, लेकिन वह दूर से ही बड़े हमले करने की क्षमता रखता है.
5. क्या यूएस ने वियतनाम से नहीं सीखा सबक?
वियतनाम वॉर का जिक्र Donald Trump ने यूं ही नहीं किया. उस युद्ध में अमेरिका तकनीकी रूप से बहुत आगे था, लेकिन फिर भी जीत नहीं सका. ईरान ने इसी मॉडल को अपनाया. सीधी लड़ाई से बचो, दुश्मन को लंबे समय तक उलझाए रखो, उसकी लागत बढ़ाओ. यही “थकाने वाली रणनीति” (war of attrition) अमेरिका के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनती है.
6. अफगानिस्तान वॉर में क्या हुआ था?
अफगानिस्तान वॉर (Afghanistan War) का जिक्र करना इसलिए जरूरी है क्योंकि यह दिखाता है कि सुपरपावर भी लंबे “एसीमिट्रिक वॉर” में फंस सकता है. अमेरिका ने 20 साल तक लड़ाई लड़ी, लेकिन आखिरकार उसे वापसी करनी पड़ी. Iran ने इसी तरह की रणनीति अपनाई. वह सीधी टक्कर से बच रहा है. प्रॉक्सी और क्षेत्रीय दबाव बनाने में जुटा है. यही कारण है कि भले ही ईरान सैन्य रूप से छोटा हो, लेकिन वह अमेरिका को लंबे समय तक उलझाकर भारी कीमत चुकाने पर मजबूर कर सकता है.
7. बैन के बाद भी पहले से ज्यादा मजबूत कैसे ईरान?
अमेरिका ने ईरान पर कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगाए हैं, जिससे उसकी अर्थव्यवस्था पर भारी असर पड़ा. लेकिन इसके बावजूद ईरान ने खुद को पूरी तरह टूटने नहीं दिया. तेल की तस्करी, वैकल्पिक व्यापार नेटवर्क और चीन-रूस जैसे देशों के साथ संबंधों ने उसे जिंदा रखा. यानी आर्थिक दबाव के बावजूद वह पूरी तरह झुका नहीं—यह भी उसकी “जिद्दी ताकत” को दिखाता है.
8. क्या ईरान सच में अमेरिका को हरा सकता है?
इस सवाल का सीधा जवाब है, नहीं. पारंपरिक युद्ध में ईरान अमेरिका को नहीं हरा सकता, लेकिन असली खेल “हार-जीत” का नहीं, बल्कि “नुकसान” का है. ईरान यह सुनिश्चित कर सकता है कि अगर युद्ध हुआ, तो अमेरिका को भारी कीमत चुकानी पड़े.श्सै जैसे सैनिकों की जान लेकर, अरबों डॉलर का खर्च कराकर, वैश्विक छवि खराब कर और तेल बाजार में उथल-पुथल मचाकर. यानी जीत भले अमेरिका की हो, लेकिन कीमत इतनी ज्यादा होगी कि वह “खून के आंसू” जैसा अनुभव हो सकती है.
इस लिहाज से Donald Trump का बयान रणनीतिक ज्यादा हो सकता है, लेकिन उसमें एक सियासी सच्चाई छिपी है. Iran कोई पारंपरिक महाशक्ति नहीं है, लेकिन वह “असमान युद्ध” का मास्टर है. World War I और World War II जैसे बड़े युद्धों में ताकत का मतलब था, बड़ी सेना और हथियार. लेकिन आज के दौर में रणनीति, नेटवर्क और धैर्य भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं. इसीलिए ईरान को “तीस मारखान” कहना पूरी तरह गलत भी नहीं और पूरी तरह सही भी नहीं. वह अमेरिका को हरा नहीं सकता, लेकिन उसे लंबे समय तक उलझाकर भारी नुकसान जरूर पहुंचा सकता है, जैसाकि मिडिल ईस्ट वॉर में देखने को मिल भी रहा है. यही ईरान की असली ताकत है.




