FAQ: GenZ आखिर क्यों जियोर्जिया मेलोनी से हुआ इतना नाराज, क्या है इसके पीछे का कारण, कहीं 2027 इटली चुनाव में न हो जाए खेला?
इटली का युवा मौजूदा पीएम जियोर्जिया मेलोनी से काफी नाखुश देखने को मिल रहा है. इसका खुलासा एक रिपोर्ट में हुआ है. ऐसे में अगले साल होने वाले चुनाव में मेलोनी की टेंशन बढ़ सकती है.
Giorgia Meloni
इटली में साल 2027 में चुनाव होने वाले हैं, लेकिन उससे पहले पीएम जियोर्जिया मेलोनी और उनकी पार्टी की टेंशन बढ़ती हुई दिखाई दे रही है. जिसकी वजह इटली के GenZ का उनसे नाराज होना, उनके फैसलों पर सहमत न होना है, रिपोर्ट के मुताबिक मेलोनी के दक्षिणपंथी गठबंधन 35 साल से कम उम्र के वोटर्स मध्य-वामपंथी विपक्ष की तुलना में काफी कम समर्थन मिलने की बात सामने आई है.
रिपोर्ट के मुताबिक 35 साल से कम उम्र के मतदाताओं में मेलोनी के दक्षिणपंथी गठबंधन को 30 प्रतिशत से भी कम समर्थन मिल रहा है, जबकि मध्य-वामपंथी विपक्ष को करीब 50 प्रतिशत समर्थन हासिल है. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर इटली के युवा प्रधानमंत्री मेलोनी से क्यों दूरी बना रहे हैं और 2027 के चुनाव में इसका कितना असर पड़ सकता है?
मेलोनी सरकार के लिए सबसे बड़ी चुनौती युवा मतदाताओं के बीच समर्थन में कमी बताई जा रही है. 18 से 34 साल की उम्र के वोटर्स के बीच उनकी सरकार को लेकर असंतोष की स्थिति सामने आई है. 35 वर्ष से कम उम्र के मतदाताओं के बीच दक्षिणपंथी गठबंधन को 30 प्रतिशत से कम समर्थन और मध्य-वामपंथी विपक्ष को करीब 50 प्रतिशत समर्थन मिलने की बात सामने आई है. अगर चुनाव तक यह रुझान कायम रहता है तो युवा वोटर्स नतीजों पर असर डाल सकते हैं.
YouTrend के प्रमुख लोरेंजो प्रेग्लियास्को के मुताबिक युवा मतदाता फिलहाल मध्य-वामपंथी विचारधारा की ओर स्पष्ट रूप से झुक रहे हैं. यह रुझान मेलोनी के दक्षिणपंथी गठबंधन के लिए चिंता का विषय माना जा रहा है.
रोजगार और बेहतर आर्थिक अवसरों की कमी को युवाओं के असंतोष की प्रमुख वजहों में गिना जा रहा है. मेलोनी के प्रधानमंत्री बनने के बाद युवाओं के लिए रोजगार और आर्थिक अवसर बढ़ाने की उम्मीदें थीं, लेकिन आलोचकों का कहना है कि सरकार इस मोर्चे पर बड़े बदलाव नहीं कर सकी. रोम की Luiss University के राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर लोरेंजो डी सियो ने रॉयटर्स से कहा कि मेलोनी सरकार ने आर्थिक क्षेत्र में ऐसे बड़े सुधार नहीं किए हैं, जिनसे युवाओं के लिए नए अवसर पैदा हो सकें.
Eurostat के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया गया है कि 15 से 24 साल की उम्र के लोगों की रोजगार दर 21 देशों वाले यूरो जोन में इटली में सबसे कम है. इससे इटली के युवा वर्ग के सामने रोजगार की चुनौती का अंदाजा लगाया जा सकता है. आर्थिक अवसरों की कमी आने वाले चुनाव में महत्वपूर्ण राजनीतिक मुद्दा बन सकती है.
बैंक ऑफ इटली के आंकड़ों के अनुसार, जर्मनी में एक युवा ग्रेजुएट जितनी औसत कमाई करता है, उसके मुकाबले इटली में उसी स्तर का युवा ग्रेजुएट करीब 20 प्रतिशत कम कमाता है. कम वेतन और सीमित रोजगार अवसरों की यह स्थिति युवा मतदाताओं के बीच सरकार के आर्थिक प्रदर्शन को लेकर असंतोष बढ़ाने वाली वजहों में शामिल हो सकती है.
सरकार की कानून व्यवस्था से जुड़ी कई नीतियों को लेकर युवाओं और छात्रों के एक वर्ग में विरोध देखने को मिला है. मेलोनी सरकार ने रेव पार्टियों, भांग, सड़कों पर विरोध-प्रदर्शन, बिना अनुमति किसी जगह पर कब्जा करने और नाबालिगों से जुड़े अपराधों को लेकर सख्त कदम उठाए हैं. सरकार का तर्क कानून व्यवस्था को मजबूत करना है, लेकिन आलोचकों का कहना है कि इन नीतियों का असर युवा वर्ग पर पड़ा है.
नवंबर 2025 में हजारों छात्रों ने ‘No Meloni Day’ के तहत प्रदर्शन किया था. इन प्रदर्शनों में छात्रों ने सरकार की कई नीतियों का विरोध किया. प्रदर्शनकारियों की प्रमुख आपत्तियों में सख्त सिक्योरिटी लॉ, शिक्षा बजट में कटौती और गाजा में इजरायल के समर्थन को लेकर सरकार का रुख शामिल था.
मेलोनी सरकार ने 14 से 17 साल की उम्र के नाबालिगों की आपराधिक जिम्मेदारी से जुड़े नियमों को और सख्त करने का प्रस्ताव रखा है. इसके अलावा 2023 में नाबालिग अपराधियों पर सख्ती किए जाने के बाद किशोर जेलों में बंद कैदियों की संख्या करीब 50 प्रतिशत बढ़ने का दावा राइट्स ग्रुप Antigone ने किया है. इस मुद्दे पर भी सरकार की नीतियों की आलोचना हुई है.
स्कूलों में सेक्स एजुकेशन को लेकर भी मेलोनी सरकार आलोचना के घेरे में आई है. सरकार की ओर से स्कूलों में सेक्स एजुकेशन के लिए माता-पिता की लिखित अनुमति जरूरी करने का कदम उठाया गया है. इस फैसले को लेकर भी शिक्षा और युवा अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर बहस तेज हुई है और सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए गए हैं.




