Trump इफेक्ट या लाइफस्टाइल च्वॉइस- क्यों खुद का देश छोड़ रहे अमेरिकी?
अमेरिकी क्यों छोड़ रहे अपना देश? क्या ट्रंप इफेक्ट, महंगाई या बेहतर लाइफस्टाइल की तलाश इसकी वजह है. जानिए बदलते ‘अमेरिकन ड्रीम’ की पूरी कहानी.
दशकों तक अमेरिका को “ड्रीम लैंड” माना गया, जहां मेहनत के दम पर हर सपना सच हो सकता है. लेकिन अब तस्वीर बदल रही है. हाल के वर्षों में एक नया ट्रेंड उभरा है, जिसमें खुद अमेरिकी नागरिक बड़ी संख्या में देश छोड़कर विदेशों में बसने लगे हैं. सवाल उठता है - क्या यह सिर्फ Donald Trump की नीतियों का असर है या बदलती लाइफस्टाइल प्राथमिकताओं का नतीजा? अमेरिका में बढ़ती महंगाई, बढ़ती जीवन लागत, सुरक्षा को लेकर चिंता और रिमोट वर्क की आजादी ने इस बदलाव को तेज किया है. अब अमेरिकी सिर्फ “ज्यादा कमाई” नहीं, बल्कि “बेहतर जीवन” की तलाश में हैं. यूरोप, कनाडा और एशिया के देश नए विकल्प बनकर उभर रहे हैं. यह सिर्फ माइग्रेशन नहीं, बल्कि एक बड़ा माइंडसेट शिफ्ट है, जहां “अमेरिकन ड्रीम” की परिभाषा बदलती नजर आ रही है.
क्या “अमेरिकन ड्रीम” कमजोर पड़ रहा है?
U.S. Census Bureau के अनुमानों के अनुसार 2024–2026 के बीच नेट इंटरनेशनल माइग्रेशन में गिरावट दर्ज हुई है. जबकि Internal Revenue Service के माइग्रेशन डेटा से संकेत मिलता है कि आउट-माइग्रेशन लगातार बढ़ रहा है. यह केवल संख्या का बदलाव नहीं, बल्कि सोच का परिवर्तन है. जहां अब अमेरिकी नागरिक “कमाई” के साथ-साथ “जीवन की गुणवत्ता” को प्राथमिकता देने लगे हैं. अभी अमेरिकन ड्रीम को कमजोर कहना सही नहीं हो सकता.
10 साल में US से पलायन कितना बढ़ा?
अमेरिका से बाहर बसने वाले नागरिकों का कोई एक केंद्रीकृत डेटाबेस नहीं है, लेकिन विभिन्न स्रोतों - जैसे IRS माइग्रेशन फ्लो, फेडरल रिपोर्ट्स और प्रवासी संगठनों- से एक स्पष्ट ट्रेंड के मुताबिक 2016 में लगभग 1.2 लाख अमेरिकी विदेश जाकर बसे, जो 2017 में बढ़कर 1.3 लाख और 2018 में 1.4 लाख हो गया. 2019 में यह आंकड़ा 1.5 लाख तक पहुंचा. 2020 में COVID-19 के कारण यह गिरकर करीब 1.1 लाख रह गया, लेकिन इसके बाद फिर तेजी आई. 2021 में 1.3 लाख, 2022 में 1.5 लाख, 2023 में 1.6 लाख, 2024 में 1.7 लाख और 2025 में 1.8 लाख से अधिक लोगों ने देश छोड़ा. अनुमान है कि आज की तारीख में 50 से 55 लाख अमेरिकी विदेशों में रह रहे हैं. यह आंकड़ा बताता है कि यह कोई अस्थायी ट्रेंड नहीं, बल्कि लगातार बढ़ता हुआ पैटर्न है.
क्या Trump की नीतियों ने ट्रेंड को तेज किया?
डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों को लेकर मतभेद जरूर हैं, लेकिन यह स्पष्ट है कि उनके कार्यकाल और उसके बाद के राजनीतिक माहौल ने इस ट्रेंड को गति दी है. सख्त इमिग्रेशन और वीजा नीतियां, बढ़ता राजनीतिक ध्रुवीकरण और सामाजिक तनाव, वहां के नागरिकों के फैसलों को प्रभावित करते हैं. 2024 के चुनावों के बाद विदेश में बसने से जुड़ी ऑनलाइन सर्च और कंसल्टेंसी क्वेरीज में तेज उछाल देखा गया है, जो अमेरिका के पढ़े लिखा प्रोफेशनल्स के देश छोड़ने की मानसिकता को दर्शाता है.
हालांकि, यह भी ध्यान रखना जरूरी है कि यह ट्रेंड ट्रंप के आने से पहले ही शुरू हो चुका था. इसलिए उनकी नीतियां इसे “कैटलिस्ट” जरूर बनाती हैं, लेकिन इसे पूरी तरह उसी से जोड़ना अधूरा माना जा सकता हैं. हां, उनकी नीतियोां की वजह से संख्या में बढ़ोतरी हुई है और माहौल जरूर खराब हुआ है.
क्या महंगाई और लिविंग कॉस्ट भी बड़ी वजह है?
अमेरिका छोड़ने के पीछे सबसे बड़ा और ठोस कारण “कॉस्ट ऑफ लिविंग” है. यूएस Bureau of Labor Statistics के अनुसार पिछले पांच वर्षों में हाउसिंग, हेल्थकेयर और शिक्षा की लागत में लगातार बढ़ोतरी हुई है. न्यूयॉर्क और सैन फ्रांसिस्को जैसे शहरों में किराया और दैनिक खर्च दुनिया के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच चुके हैं. एक अनुमान इसके मुकाबले Portugal, Spain और Mexico जैसे देशों में 30% से 60% तक कम खर्च में बेहतर जीवन संभव है. यही वजह है कि मिडिल क्लास और रिटायर्ड नागरिक तेजी से इन देशों की ओर रुख कर रहे हैं.
क्या अमेरिका पहले जैसा सुरक्षित नहीं रहा?
सुरक्षा का मुद्दा भी अब माइग्रेशन के फैसलों में अहम भूमिका निभा रहा है. Centers for Disease Control and Prevention के आंकड़े बताते हैं कि गन से जुड़ी मौतें कई वर्षों से चिंता का विषय बनी हुई हैं. स्कूल शूटिंग और सार्वजनिक स्थानों पर हिंसा की घटनाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में रहती हैं. हालांकि अमेरिका अभी भी विकसित देशों में सुरक्षित माना जाता है, लेकिन “सुरक्षा की भावना” यानी perception of safety कमजोर हुई है. यही वजह है कि कई परिवार ऐसे देशों की ओर जा रहे हैं जहां सामाजिक माहौल ज्यादा शांत और स्थिर माना जाता है.
रिमोट वर्क/डिजिटल ट्रेंड ने माइग्रेशन को बढ़ावा दिया?
COVID-19 के बाद रिमोट वर्क ने माइग्रेशन की पूरी परिभाषा बदल दी है. अब नौकरी अमेरिका की हो सकती है, लेकिन व्यक्ति कहीं भी रह सकता है. Thailand, Indonesia और यूरोप के कई देशों ने डिजिटल नोमैड वीजा की सुविधा देकर इस ट्रेंड को बढ़ावा दिया है. इससे “लोकेशन इंडिपेंडेंट लाइफस्टाइल” तेजी से लोकप्रिय हुआ है. खासकर टेक और क्रिएटिव प्रोफेशन में. अब लोग यह सोचने लगे हैं कि अगर वही काम किसी सस्ते और बेहतर जीवन गुणवत्ता वाले देश में किया जा सकता है, तो अमेरिका में रहना क्यों जरूरी है.
किन देशों में बसना पसंद कर रहे हैं अमेरिकन?
हालिया रिपोर्ट्स और सर्वे (जैसे Pew Research Center और Gallup) बताते हैं कि अमेरिकी नागरिक यूरोप, कनाडा और एशिया के कुछ देशों को प्राथमिकता दे रहे हैं. Canada बेहतर हेल्थकेयर और सामाजिक सुरक्षा के कारण आकर्षक है, जबकि Germany और Ireland नौकरी और स्थिरता के लिए लोकप्रिय हैं. एशिया में थाईलैंड और इंडोनेशिया (खासतौर पर बाली) डिजिटल नोमैड्स के लिए हॉटस्पॉट बन चुके हैं. सर्वे बताते हैं कि 15–20% अमेरिकी गंभीरता से विदेश में बसने पर विचार कर रहे हैं, जबकि 40% से अधिक लोग कभी न कभी विदेश में रहने की इच्छा रखते हैं. यह दर्शाता है कि माइग्रेशन अब मजबूरी नहीं, बल्कि लाइफस्टाइल च्वॉइस बनता जा रहा है.
ट्रेंड खतरे की घंटी है या बदलती दुनिया का संकेत?
अगर यह ट्रेंड इसी तरह जारी रहा, तो अमेरिका को “टैलेंट आउटफ्लो” और संभावित ब्रेन ड्रेन जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है. टेक, हेल्थ और एजुकेशन सेक्टर के प्रोफेशनल्स का बाहर जाना इनोवेशन पर असर डाल सकता है. हालांकि, अमेरिका अभी भी दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था और इनोवेशन का केंद्र बना हुआ है, इसलिए यह तत्काल संकट नहीं है.
असल में यह बदलाव अमेरिका की कमजोरी से ज्यादा दुनिया के बदलने का संकेत है. आज विकल्प ज्यादा हैं, अवसर वैश्विक हो गए हैं और 'ड्रीम' अब किसी एक देश तक सीमित नहीं रहा. पहले सपना था - अमेरिका जाना. अब सपना है - जहां बेहतर जीवन मिले, वहां बसना. यही कारण है कि “अमेरिकन ड्रीम” खत्म नहीं हुआ, बल्कि उसका रूप बदल गया है.
Migration नहीं, Mindset Shift
इंटरनेशनल मामलों के जानकार राजेश भारती का कहना है कि अमेरिका से बढ़ता आउट-माइग्रेशन किसी एक कारण का परिणाम नहीं है, बल्कि कई संरचनात्मक बदलावों का संयुक्त प्रभाव है. “यह ट्रेंड ‘एंटी-अमेरिका’ नहीं, बल्कि ‘प्रो-लाइफ क्वालिटी’ है.” डिजिटल इकॉनमी, रिमोट वर्क और वैश्विक अवसरों ने लोगों को लोकेशन-फ्री बना दिया है. पहले जहां करियर के लिए अमेरिका जाना मजबूरी थी, अब वही करियर कहीं और रहते हुए भी संभव है. आने वाले समय में यह ट्रेंड और बढ़ सकता है, खासकर युवा और हाई-स्किल्ड प्रोफेशनल्स में. हालांकि, अमेरिका की आर्थिक ताकत और इनोवेशन कैपेसिटी इसे अभी भी दुनिया का शीर्ष गंतव्य बनाए रखेगी. लेकिन अब प्रतिस्पर्धा बढ़ गई है और यही इस बदलाव का सबसे बड़ा संकेत है.




