भारत-पाक युद्ध पर फिर छिड़ा विवाद, ट्रंप ने PM मोदी का जिक्र कर कहा- 11 जेट विमानों को मार गिराया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर मई 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए युद्ध को रोकने के अपने दावों को दोहराया है. ट्रंप के इन दावों ने नई दिल्ली में विवाद खड़ा कर दिया है
भारत ने गुरुवार को वॉशिंगटन डी.सी. में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा आयोजित ‘बोर्ड ऑफ पीस’ की पहली बैठक में ऑब्जर्वर के तौर पर हिस्सा लिया. यह बैठक गाजा पट्टी के पुनर्निर्माण और स्थायी शांति की दिशा में सम्मानित अंतरराष्ट्रीय पहल के रूप में आयोजित की गई थी, जिसमें कई देशों ने भाग लिया और अमेरिका ने इस बोर्ड के लिए भारी फंडिंग का वादा भी किया. हालांकि भारत ने इस बोर्ड का सदस्य बनने का निर्णय नहीं लिया है, लेकिन उसने बैठक में शामिल होकर वैश्विक कूटनीति के इस मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई.
इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर मई 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए युद्ध को रोकने के अपने दावों को दोहराया है. ट्रंप के इन दावों ने नई दिल्ली में विवाद खड़ा कर दिया है, जहां भारतीय सरकार पहले बोल चुकी है कि किसी तीसरे ने युद्ध नहीं रुकवाया था.
क्या बोले डोनाल्ड ट्रंप?
ट्रंप ने अपने हाल के भाषण में कहा “जब भारी नुकसान की बात आई, तो उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि हम लड़ना नहीं चाहते. 11 जेट विमानों को मार गिराया गया. बहुत महंगे जेट विमान थे.” पिछले कुछ महीनों में उन्होंने इस युद्ध में मार गिराए गए विमानों की संख्या अलग-अलग रूप में पेश की है.
कब-कब ट्रंप ने बदला आंकड़ा?
1. सबसे पहले कहा गया कि 5 जेट विमान गिराए गए
2. बाद में यह संख्या 7, फिर 8 और फिर 10 तक बढ़ाई गई
3. अब उन्होंने इसे 11 तक बताया
युद्ध रुकवाने के लिए और क्या किया?
ट्रंप ने यह भी दावा किया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान को युद्ध टालने के लिए व्यापार नीतियों और टैरिफ का इस्तेमाल किया था. उन्होंने कहा “मैंने उन्हें फोन किया और कहा, सुनो, अगर तुम दोनों इस मामले को नहीं सुलझाते हो तो मैं तुम्हारे साथ कोई व्यापार समझौता नहीं करूंगा और अचानक, हमने एक समझौता कर लिया. मैंने कहा, अगर तुम लड़ते हो, तो मैं तुम्हारे दोनों देशों पर 200 प्रतिशत शुल्क लगा दूंगा.” हालांकि भारत सरकार ने इस दावे को अभी तक स्वीकार नहीं किया है.
पीएम मोदी का क्यों किया जिक्र?
भाषण के दौरान ट्रंप ने सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी जिक्र किया और कहा कि वे कार्यक्रम को देख रहे हैं. उन्होंने कहा “मैंने प्रधानमंत्री मोदी से बात की. वे उत्साहित हैं. वे अभी हमें देख रहे हैं.” ट्रंप का यह बयान भी भारत-पाकिस्तान गतिरोध के संदर्भ में उनके दिए गए दावों को लेकर विवाद का नया केंद्र बन गया है.




