'मैं बलात्कारी नहीं हूं', शूटर ने ऐसा क्या लिखा कि सवाल पूछने पर भड़क गए ट्रंप?
व्हाइट हाउस डिनर में फायरिंग की घटना के बाद डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान, इंटरव्यू में पत्रकार पर भड़के. बोले- मैं नहीं हूं रेपिस्ट. हमलावर को बताया कट्टरपंथी और “बीमार व्यक्ति”.
White House Party Shooting: व्हाइट हाउस पार्टी में हमलावर घुसा और इस दौरान 8-10 राउंड फायर भी हुए, यह घटना तब पेश आई जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप डिनर पार्टी के लिए वहां मौजूद थे. हमलावर को दबोच लिया गया. इसके बाद जो अटैकर टॉमस एलेन ने एक बड़ा बयान दिया. जिसके बारे में जब ट्रंप से पूछा गया तो वह खुद को रोक नहीं पाए और भड़क गए और कहने लगे कि मैं बलात्कारी नहीं हूं.
ट्रंप ने व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर में हुई फायरिंग की घटना के बाद एक इंटरव्यू के दौरान एक पत्रकार पर नाराजगी जाहिर की. ट्रंप ने हमलावर को “कट्टरपंथी”, “ईसाई विरोधी” और “बीमार सोच वाला व्यक्ति” बताया.
कौन है टॉमस एलन?
31 वर्षीय कोल टॉमस एलेन, जो कैलिफोर्निया का रहने वाला है, कई बंदूकें और चाकू लेकर व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स एसोसिएशन के डिनर में घुसने की कोशिश कर रहा था. हालांकि, उसे एजेंट्स ने उसके मकसद को नाकाम कर दिया.
घटना के कुछ घंटों बाद ट्रंप ने रविवार को CBS न्यूज की पत्रकार नोरा ओ’डॉनेल से बात की. शुरुआत में ट्रंप शांत नजर आए और उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद पत्रकारों के साथ उस घबराहट को साझा किया, जो इस घटना के दौरान हुई. लेकिन जैसे ही ओ’डॉनेल ने हमलावर के कथित मैनिफेस्टो का एक हिस्सा पढ़ा, ट्रंप नाराज हो गए.
आखिर मैनिफेस्टो में क्या था जो भड़क गए ट्रंप?
मैनिफेस्टो में लिखा था, "मैं अब किसी पीडोफाइल, रेपिस्ट और देशद्रोही के अपराधों का हिस्सा नहीं बनना चाहता." यह सुनते ही ट्रंप ने कहा, "मुझे पता था कि आप यह पढ़ेंगी, क्योंकि आप लोग बहुत खराब हैं." उन्होंने आगे कहा, ठहां, उसने ऐसा लिखा है, लेकिन मैं रेपिस्ट नहीं हूं. मैंने किसी के साथ रेप नहीं किया है."
ट्रंप ने क्या कहा?
जब पत्रकार ने बीच में पूछने की कोशिश की कि क्या यह आरोप ट्रंप पर है, तो उन्होंने बिना रुके कहा, "मैं पीडोफाइल भी नहीं हूं." ट्रंप को लगा कि यह बात उनके और जेफ्री एपस्टीन के कथित संबंधों की ओर इशारा कर रही है, जबकि मैनिफेस्टो में एपस्टीन का जिक्र नहीं था. उन्होंने कहा, "आप एक बीमार व्यक्ति की लिखी बात पढ़ रही हैं? मेरा इससे कोई लेना-देना नहीं है. मुझे पूरी तरह क्लीन चिट मिल चुकी है."
उन्होंने यह भी कहा कि दूसरी तरफ के लोग ऐसे मामलों में शामिल रहे हैं और पत्रकार को ऐसी बातें पढ़ने पर शर्म आनी चाहिए. ट्रंप ने हमलावर के बारे में कहा, "मैंने उसका मैनिफेस्टो पढ़ा है. वह कट्टरपंथी हो गया था. पहले वह ईसाई था, फिर ईसाई विरोधी बन गया. वह शायद एक बीमार व्यक्ति था."
डेमोक्रेटिक नेताओं पर हमलावर क्यों हुए ट्रंप?
ट्रंप ने अमेरिका में बढ़ती राजनीतिक हिंसा के लिए डेमोक्रेटिक नेताओं के हेट स्पीच को जिम्मेदार ठहराया और इसे खतरनाक बताया. उन्होंने कहा, "मैं पहले भी ऐसे हालात से गुजर चुका हूं, लेकिन फर्स्ट लेडी के लिए यह नया अनुभव था. उन्होंने इसे मजबूती से संभाला. हमें कुछ समय के लिए एक सुरक्षित कमरे में ले जाया गया, और मैंने कोशिश की कि अगर संभव हो तो कार्यक्रम जारी रहे."
ट्रंप ने यह भी कहा कि जब गोलियां चल रही थीं, तब उन्हें ज्यादा चिंता नहीं हुई. उन्होंने कहा, "हम एक अजीब दुनिया में जी रहे हैं, मुझे हालात की समझ है." पिछले दो सालों में ट्रंप पर यह तीसरा हमला बताया जा रहा है.




