खामेनेई ही नहीं परिवार के और भी सदस्यों का हो रहा अंतिम संस्कार, 14 महीने की बच्ची कौन, जिसके ताबूत ने किया हर किसी को भावुक
ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में जनसैलाब उमड़ रहा है. खामेनेई के साथ उनके परिवार का भी अंतिम संस्कार हो रहा है, जिसमें एक 14 महीने की बच्ची भी शामिल है.
Ayatollah Ali Khamenei funeral
Ayatollah Ali Khamenei Funeral: मिडिल ईस्ट जंग की शुरुआत के पहले ही दिन ईरान ने अयातुल्ला अली खामेनेई के रूप में अपना सुप्रीम लीडर खो दिया था. अमेरिका और इजरायल की संयुक्त एयर स्ट्राइक में खामेनेई के साथ-साथ उनके कई परिवार के सदस्यों की भी मौत हो गई थी. वहीं अब लगभग 131 दिनों के बाद उनका अंतिम संस्कार होने जा रहा है, जिससे पहले 6 दिनों तक उनकी अंतिम यात्रा निकाली जा रही है. दुनियाभर के कई नेता खामेनेई को श्रद्धांजलि देने तेहरान पहुंचे.
खामेनेई के पार्थिव शरीर को इस्लामी गणराज्य के झंडे में लपेटकर लाया गया, जबकि उनके ताबूत के ऊपर उनकी काली पगड़ी रखी गई थी. उनके परिवार के अन्य सदस्यों के पार्थिव शरीर भी उसी परिसर में रखे गए. इस दौरान एक छोटा सा ताबूत देखकर वहां मौजूद हर कोई रोने लगा. उस छोटे ताबूत में 14 महीने की बच्ची का शव था, जो खामेनेई की बेहद करीरी थी.
कौन थी 14 महीने की बच्ची?
अंतिम संस्कार के दौरान अयातुल्ला अली खामेनेई के पार्थिव शरीर को विशेष सम्मान के साथ प्रदर्शित किया गया. उनके ताबूत को इस्लामी गणराज्य के झंडे में लपेटा गया था और उसके ऊपर उनकी पारंपरिक काली पगड़ी रखी गई थी. परिवार के अन्य सदस्यों के ताबूत भी पास में रखे गए, जिसमें उनकी छोटी पोती ज़हरा मोहम्मदी गोलपायगानी का ताबूत लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा था.
खामेनेई की 14 महीने की पोती ज़हरा मोहम्मदी गोलपायगानी की मृत्यु 28 फरवरी को हुई थी. वह उस समय परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मौजूद थीं. शुक्रवार को उनके छोटे ताबूत को राष्ट्रीय ध्वज में लपेटकर उनकी तस्वीर के साथ प्रदर्शित किया गया, जिसने अंतिम संस्कार में मौजूद लोगों को गहरे शोक में डाल दिया. वहां मौजूद हर किसी आंखें ये दृश्य देखकर भर आई.
कितने दिनों तक चलेगा अंतिम संस्कार कार्यक्रम?
अयातुल्ला अली खामेनेई का पार्थिव शरीर शुक्रवार को तेहरान पहुंचा, जिसके बाद छह दिनों तक ईरान और इराक के विभिन्न शहरों में सार्वजनिक अंतिम संस्कार समारोह आयोजित किए जाएंगे. पार्थिव शरीर को कई प्रमुख शहरों से होते हुए धार्मिक परंपराओं के अनुसार आगे ले जाया जाएगा.
शोक सभा के दौरान क्या लगे नारे?
समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार, शोक सभा के दौरान भीड़ ने कई नारे लगाए. इस दौरान अमेरिका का नाश हो और प्रतिशोध, प्रतिशोध जैसे नारे सुनने को मिले. इस दौरान माहौल काफी तनावपूर्ण और भावनात्मक दोनों ही नजर आया, जहां लोग अपने नेता को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ अपने भाव भी व्यक्त कर रहे थे.




