ये क्या हो रहा है? 72 घंटे में अल्मोड़ा कोर्ट को दूसरी बार RDX से उड़ाने की धमकी, पुलिस महकमे में हड़कंप
उत्तराखंड के अल्मोड़ा कोर्ट को 72 घंटे में दूसरी बार RDX से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला. इसकी जानकारी मिलने के बाद कोर्ट परिसर में सर्च ऑपरेशन चलाया. साइबर जांच तेज करने के साथ सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.
उत्तराखंड के न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. गुरुवार को एक बार फिर अल्मोड़ा न्यायालय को आरडीएक्स का प्रयोग कर बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. तीन दिन के भीतर दूसरी बार धमकी मिलने से न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और जज, कर्मचारियों व अधिवक्ताओं में दहशत देखी गई. धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और विशेषज्ञ सुरक्षा टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे न्यायालय परिसर में सघन जांच अभियान चलाया गया.
कोर्ट परिसर के सभी कक्षों, कोर्ट रूम, वाहनों और आसपास के क्षेत्रों की गहन तलाशी ली गई. संदिग्ध वस्तुओं की बारीकी से जांच की गई, हालांकि किसी भी प्रकार की विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई.
पुलिस ने ई-मेल की तकनीकी जांच शुरू कर दी है और साइबर विशेषज्ञों की मदद से धमकी भेजने वाले की पहचान की जा रही है. साथ ही न्यायालय परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. पुलिस ने जिला न्यायालय के सभी प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं. पुलिस बल की संख्या बढ़ा दी गई है और परिसर में आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन तलाशी ली जा रही है. बाहरी लोगों से पूछताछ भी की जा रही है. अधिकारियों ने कोर्ट परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.
इससे पहले कब मिली थी धमकी?
इससे पूर्व बीते मंगलवार (17 फरवरी) को भी अल्मोड़ा न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों द्वारा मॉक ड्रिल आयोजित कर कर्मचारियों और अधिवक्ताओं को आपात स्थिति से निपटने के लिए जागरूक किया गया था. लगातार मिल रही धमकियों से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की चिंता बढ़ गई है.
SSP ने क्या कहा?
एसएसपी चंद्रशेखर आर. घोड़के इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि कोर्ट में एक बार फिर धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ है. पूरे मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
चार दिनों से अदालत को उड़ाने की लगातार धमकी क्यों?
पिछले चार दिनों से इस तरह की धमकी भरे ई-मेल आ रहे हैं. इससे पहले नैनीताल, उत्तरकाशी, टिहरी और रुद्रप्रयाग जिला न्यायालयों को भी धमकी भरे ई-मेल मिले थे, हालांकि कहीं भी तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली.





