जन सुनवाई बनी रणभूमि! सांडों के हमले से भागे कर्मचारी, मचा हड़कंप - VIDEO वायरल
उत्तराखंड के ऋषिकेश में आयोजित जन सुनवाई कार्यक्रम में दो सांड घुस आए, जिससे भगदड़ मच गई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. हालांकि, इस घटना में अभी तक किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.
सुबह लोग अपनी समस्याएं लेकर उम्मीद के साथ जन सुनवाई में पहुंचे थे, लेकिन कुछ ही मिनटों में वही मंच रणभूमि बन गया. उत्तराखंड के ऋषिकेश में खुले मैदान में चल रहे कार्यक्रम के बीच अचानक दो सांड आपस में भिड़ते हुए पंडाल में घुस आए. पहले हल्की अफरा-तफरी हुई, फिर देखते ही देखते भगदड़ मच गई. शिकायतें सुनने पहुंचे कर्मचारी खुद जान बचाकर भागते नजर आए, महिलाएं और बुजुर्ग कुर्सियां छोड़कर इधर-उधर दौड़ पड़े.
मंच तक पहुंचे सांडों ने शमियाना हिलाकर रख दिया और पूरे माहौल को दहशत में बदल दिया. गनीमत रही कि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही सुरक्षा व्यवस्था पर सवालों की बौछार शुरू हो गई है.
ऋषिकेश में जन सुनवाई के दौरान क्यों मचा हड़कंप?
उत्तराखंड के ऋषिकेश में खुले मैदान में आयोजित जन सुनवाई कार्यक्रम अचानक दहशत में बदल गया, जब दो सांड आपस में भिड़ते हुए पंडाल में घुस आए. देखते ही देखते मौके पर मौजूद अधिकारी, कर्मचारी और फरियादी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है.
सांडों की एंट्री कैसे हुई?
वीडियो में साफ दिख रहा है कि जन सुनवाई कार्यक्रम चल रहा था और लोग अपनी शिकायतें दर्ज करा रहे थे. इसी बीच दो सांड आपस में लड़ते हुए भीड़ की ओर बढ़ गए. एक सांड सीधे पंडाल के भीतर घुस गया और मुख्य मंच तक पहुंच गया. कुछ समय के लिए कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. लोग कुर्सियां छोड़कर भागते नजर आए. बाद में सांड खुद ही बाहर निकल गए.
कर्मचारियों को क्यों दौड़ाया?
वीडियो में देखा जा सकता है कि सांडों के घुसते ही शिकायतें सुनने पहुंचे कर्मचारी भी घबराकर भागने लगे. सांडों ने शमियाने को नुकसान पहुंचाया और मंच के पास तक पहुंच गए. यह दृश्य इतना अचानक था कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला. मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोग जान बचाकर सुरक्षित जगह की ओर भागे.
सुरक्षा व्यवस्था पर क्यों उठे सवाल?
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा पशुओं की समस्या लंबे समय से बनी हुई है.बार बार शिकायत कि बाद भी आवारा पशुओं के खिलाफ स्थानीय अधिकारी अभियान नहीं चलाते. बावजूद इसके प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.
जन सुनवाई जैसे सार्वजनिक कार्यक्रम में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने पर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं. लोगों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसे आयोजनों के दौरान सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए.
वायरल वीडियो ने बढ़ाई चिंता?
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो देखकर लोग हैरान भी हैं और नाराज भी। कई यूजर्स प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं. यह घटना एक बार फिर शहरी इलाकों में बढ़ती आवारा पशुओं की समस्या और सार्वजनिक सुरक्षा की तैयारी पर सवाल खड़े करती है.





