Begin typing your search...

पिता मुलायम सिंह, भाई अखिलेश... फिर भी राजनीति से दूर रहने वाले कौन थे प्रतीक यादव?

अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव का 13 मई को निधन हो गया. प्रतीक मुलायम सिंह यादव के सौतेले बेटे थे. हालांकि वे राजनीति से दूर रहते थे.

who is Prateek Yadav
X

who is Prateek Yadav

( Image Source:  X/ @nitinyadav0940 )

समाजवादी पार्टी परिवार को आज यानी 13 मई को उस वक्त बड़ा झटका लगा, जब मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और अखिलेश के भाई प्रतीक यादव के निधन की खबर सामने आई. आज सुबह लखनऊ के सिविल अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया, उनकी उम्र महज 38 साल थी. प्रतीक राजनीति से दूर रहते थे, जिसके चलते उनकी चर्चाएं कम होती थी.

पिता, भाई और पत्नी की तरह प्रतीक को राजनीति का शौक नहीं था. उनकी पत्नी भाजपा नेता अपर्णा यादव हैं, जिनके साथ बीते कुछ दिन पहले प्रतीक के झगड़े की खबर भी सामने आई थी. जिसको लेकर प्रतीक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट भी शेयर की थी.

कौन थे प्रतीक यादव?

प्रतीक यादव का जन्म 7 जुलाई 1987 को हुआ था. वे मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे. राजनीति से दूरी बनाए रखने वाले प्रतीक ने अपनी अलग पहचान बिजनेस, फिटनेस और सामाजिक कार्यों के जरिए बनाई. लग्जरी लाइफस्टाइल, महंगी कारों और फिटनेस इंडस्ट्री में उनकी पहचान हमेशा सुर्खियों में रही.

हाल के सालों में प्रतीक यादव का नाम निजी जिंदगी को लेकर भी लगातार चर्चा में रहा. पत्नी अपर्णा यादव के साथ उनकी लव स्टोरी से लेकर तलाक की खबरों और फिर सुलह तक, हर घटनाक्रम ने राजनीतिक और सोशल सर्किल में खूब सुर्खियां बटोरीं. हालांकि, इन सबके बीच प्रतीक ने खुद को राजनीति से दूर रखते हुए बिजनेस और सामाजिक कार्यों पर ही फोकस किया.

कहां से की पढ़ाई?

प्रतीक यादव ने ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी से अपनी पढ़ाई पूरी की थी. उच्च शिक्षा हासिल करने के बाद उन्होंने राजनीति में आने के बजाय बिजनेस की दुनिया को चुना. परिवार के राजनीतिक प्रभाव के बावजूद उन्होंने कभी सक्रिय राजनीति में दिलचस्पी नहीं दिखाई.

क्या था प्रतीक का बिजनेस?

प्रतीक यादव का मुख्य कारोबार रियल एस्टेट और फिटनेस सेक्टर से जुड़ा हुआ था. लखनऊ में वे ‘द फिटनेस प्लानेट’ नाम से एक प्रीमियम जिम चलाते थे, जो शहर के चर्चित फिटनेस सेंटरों में गिना जाता है. फिटनेस को लेकर उनका जुनून अक्सर सोशल मीडिया और सार्वजनिक आयोजनों में भी दिखाई देता था.

कब हुई थी शादी?

प्रतीक यादव और अपर्णा यादव की प्रेम कहानी भी काफी चर्चित रही. दोनों की पहली मुलाकात साल 2001 में एक बर्थडे पार्टी के दौरान हुई थी. इसके बाद ई-मेल एक्सचेंज के जरिए दोनों की बातचीत बढ़ी और धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई. करीब एक दशक तक रिलेशनशिप में रहने के बाद दोनों ने 4 दिसंबर 2011 को सैफई, इटावा में धूमधाम से शादी की. यह शादी उस समय की हाई-प्रोफाइल शादियों में शामिल रही, जिसमें अमिताभ बच्चन समेत कई बड़ी हस्तियां शामिल हुई थीं.

अगला लेख