IAS Rinku Singh Rahi कौन, जिनके इस्तीफे से हिल गया पूरा सिस्टम? कान पकड़ लगाई थी उठक-बैठक, 10 प्वाइंट में जानें पूरी कहानी
आईएएस (IAS) रिंकू सिंह राही के इस्तीफे ने यूपी प्रशासन में हलचल मचा दी. जानिए उनके इस्तीफे की वजह, संघर्ष की कहानी, घोटाले का खुलासा और विवादों से जुड़ी पूरी जानकारी.
IAS रिंकू सिंह राही इस्तीफा देने के बाद चर्चा में क्यों?
यूपी कैडर के युवा IAS अधिकारी Rinku Singh Rahi का अचानक इस्तीफा सुर्खियों में है. एक साधारण परिवार से निकलकर प्रशासनिक सेवा तक पहुंचने वाले राही ने अपने पद से हटते हुए जो कारण बताए, उसने पूरे प्रशासनिक अमले को हिलाकर रख दिया है. उन्होंने अपने इस्तीफे देने की वजह बताते हुए कहा कि “काम नहीं, सिर्फ सैलरी” मिल रहा था. इसके अलावा उन्होंने कहा कि लोक सेवा में “समानांतर व्यवस्था” बनी हुई है. इस बात ने मामले को और भी चर्चा में ला दिया है.
दरअसल, उनकी कहानी सिर्फ एक अफसर के इस्तीफे की नहीं, बल्कि उस संघर्ष, ईमानदारी और सिस्टम की चुनौतियों की भी है, जिनसे गुजरकर वे यहां तक पहुंचे. आटा चक्की चलाने वाले पिता के बेटे से लेकर आईएएस बनने और फिर अचानक इस्तीफा देने तक का उनका सफर कई मायनों में प्रेरणादायक भी है और सोचने पर मजबूर करने वाला भी. जानिए, पूरा मामला 10 Points में.
1. अचानक इस्तीफे से मचा हड़कंप
Rinku Singh Rahi के अचानक इस्तीफे ने उत्तर प्रदेश के प्रशासनिक ढांचे में हलचल पैदा कर दी. 2022 बैच के इस अधिकारी का कदम इसलिए भी चौंकाने वाला रहा क्योंकि उन्होंने अपने पद से हटने के पीछे जो कारण बताए, वे सिस्टम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं और चर्चा का बड़ा विषय बन गए.
2. ‘सिर्फ वेतन मिलना पर्याप्त नहीं'
राही ने इस्तीफा देते हुए कहा कि उन्हें लंबे समय से कोई ठोस जिम्मेदारी नहीं दी जा रही थी. वे राजस्व परिषद से संबद्ध जरूर थे, लेकिन सक्रिय भूमिका नहीं निभा पा रहे थे. उनका कहना है कि सिर्फ वेतन मिलना पर्याप्त नहीं, बल्कि अफसर के रूप में काम करना और जनता की सेवा करना ही असली उद्देश्य होता है.
3. समानांतर सिस्टम होने का दावा
आईएएस रिंकू सिंह राही ने आरोप लगाया कि प्रशासन में एक “समानांतर व्यवस्था” काम कर रही है, जो आधिकारिक ढांचे से अलग है. उनके मुताबिक, इसी वजह से योग्य अधिकारियों को सही मौके नहीं मिलते. उन्होंने इसे लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए अपने इस्तीफे को एक नैतिक कदम करार दिया.
4. आम परिवार से निकल बने थे IAS
राही का जन्म उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में एक साधारण परिवार में हुआ. उनके पिता आटा चक्की चलाते थे और सीमित संसाधनों में परिवार का पालन-पोषण करते थे. ऐसे माहौल में पले-बढ़े राही ने शुरुआती शिक्षा सरकारी स्कूल से प्राप्त की और अपनी मेहनत के दम पर आगे बढ़ते गए.
5. संघर्ष से गढ़ी थी अपनी सफलता की कहानी
आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद रिंकू सिंह राही ने स्कॉलरशिप के जरिए इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने सिविल सेवा का लक्ष्य तय किया और लगातार मेहनत करते रहे. सीमित साधनों के बीच पढ़ाई करते हुए उन्होंने अपने सपनों को जिंदा रखा और प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल की.
6. PCS से IAS तक का सफर
राही ने 2008 में पीसीएस परीक्षा पास कर प्रशासनिक सेवा में कदम रखा. बाद में उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा दी और 2021 में 683वीं रैंक हासिल कर आईएएस बने. यह सफर उनके धैर्य, संघर्ष और निरंतर प्रयासों का उदाहरण है, जो कई युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुका है.
7. घोटाले का खुलासा और जानलेवा हमला
2009 में मुजफ्फरनगर में समाज कल्याण अधिकारी रहते हुए राही ने करीब 83 करोड़ रुपये के घोटाले का पर्दाफाश किया. इसके बाद उन पर हमला हुआ और उन्हें सात गोलियां लगीं. गंभीर हालत के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपने कर्तव्य के प्रति समर्पित रहते हुए सेवा जारी रखी.
8. सख्ती और संवेदनशीलता दोनों की छवि
शाहजहांपुर में एसडीएम रहते हुए उन्होंने नियमों के पालन को लेकर सख्ती दिखाई. गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई की, लेकिन विवाद होने पर खुद भी जिम्मेदारी लेते हुए माफी मांगी. यह दिखाता है कि वे कानून के पालन के साथ-साथ जवाबदेही और विनम्रता में भी विश्वास रखते थे.
9. उठक-बैठक वाला वायरल मामला
एक बार वकीलों के विरोध के बाद रिंकू सिंह राही ने खुद कान पकड़कर उठक-बैठक लगाई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. इस कदम को उन्होंने यह संदेश देने के लिए उठाया कि कानून सभी के लिए समान है और अधिकारी भी नियमों से ऊपर नहीं होते.
10. क्या हुआ उनके साथ अन्याय?
रिंकू सिंह राही ने आरोप लगाया कि वे करीब 8 महीने तक साइडलाइन रहे और उन्हें कोई जिम्मेदारी नहीं दी गई. उनका कहना था कि बिना काम के सिर्फ वेतन लेना उनके सिद्धांतों के खिलाफ है. ऐसे में उनका इस्तीफा यह सवाल खड़ा करता है कि क्या सिस्टम में ईमानदार अधिकारियों को पर्याप्त अवसर मिल पाते हैं या नहीं.




