Vrindavan : Instagram Reels ने कैसे बचाई महिला की डूबने से जान? VIDEO में सुने पूरी कहानी, नाव पलटने से 15 लोगों की हुई थी मौत
वृंदावन में हुए दर्दनाक नाव हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है, जिसमें 15 लोगों की जान चली गई. इस दुखद घटना के बीच एक बुजुर्ग महिला के चमत्कारिक रूप से बचने की कहानी सामने आई है.
वृंदावन में नाव पलटने के बाद हादसा
Vrindavan Boat Accident: वृंदावन में हुए दर्दनाक नाव हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है, जिसमें 15 लोगों की जान चली गई. इस दुखद घटना के बीच एक बुजुर्ग महिला के चमत्कारिक रूप से बचने की कहानी सामने आई है, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. खास बात यह है कि महिला ने अपनी जान बचने का श्रेय सोशल मीडिया पर देखे गए एक छोटे से वीडियो को दिया है.
यह घटना अब केवल एक हादसा नहीं रही, बल्कि सोशल मीडिया के प्रभाव और उपयोगिता को लेकर नई बहस छेड़ चुकी है. महिला का दावा है कि एक साधारण सी रील में बताए गए निर्देशों ने संकट की घड़ी में उसकी जान बचा ली.
क्या बोली महिला?
घटना के बाद एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पीड़िता पंजाबी भाषा में अपनी पूरी आपबीती साझा कर रही है. वीडियो में वह बताती हैं कि कैसे एक ऑनलाइन देखी गई सलाह ने उन्हें मुश्किल समय में शांत रहने और सही फैसले लेने में मदद की. उन्होंने कहा "मैंने एक बार एक छोटी सी रील देखी थी जिसमें बताया गया था कि ऐसी दुर्घटना होने पर क्या करना चाहिए. मैंने उन निर्देशों का पालन किया और पानी की सतह पर बने रहने में कामयाब रही."
किस तकनीक से बची जान?
महिला ने बताया कि वीडियो में कुछ आसान निर्देश दिए गए थे जिसमें सांस रोककर रखना, मुंह बंद रखना, शरीर को सीधा बनाए रखना और पैरों को लगातार चलाते रहना. इन उपायों का पालन करते हुए वह पानी की सतह पर बनी रहीं. महिला के अनुसार, नाव अचानक असंतुलित होकर पलट गई, जिससे सभी यात्री नदी में गिर गए. तैरना न आने के बावजूद, उन्होंने घबराने के बजाय उस वीडियो में देखी गई तकनीक को अपनाया.
क्या महिला को लगी चोट?
महिला ने यह भी खुलासा किया कि हादसे के दौरान पोंटून पुल के पास उनका सिर कई बार नाव से टकराया. गंभीर स्थिति के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और न ही घबराईं. उन्होंने विशेष रूप से यह ध्यान रखा कि पानी उनके मुंह में न जाए, जो उनके अनुसार उनकी जान बचाने में निर्णायक साबित हुआ.
दूसरी तरफ प्रशासन इस दर्दनाक हादसे के कारणों की जांच कर रहा है. अधिकारियों का कहना है कि घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.




