सांस लेने में दिक्कत हो रही, तेज आंधी में होर्डिंग के साथ 50 फीट तक उड़ने वाले नन्हे मियां ने क्या-क्या बताया?
उत्तर प्रदेश में आए भयंकर तूफान के बीच बरेली का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स हवा में उड़ता दिखाई दे रहा है. हादसे में व्यक्ति के दोनों हाथ और पैर टूट गए हैं, जबकि पूरे प्रदेश में तूफान ने भारी तबाही मचाई है.
उत्तर प्रदेश में बीते बुधवार को आए तेज आंधी और तूफान ने पूरे प्रदेश में तबाही मचा दी. जहां कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए, बिजली के खंभे गिर गए और दीवारें ढह गईं, वहीं बरेली जिले का एक दिल दहला देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एक शख्स कागज की तरह हवा में उड़ता दिख रहा है, जिसे देखकर किसी का भी कलेजा कांप जाए.
क्या है पूरा मामला?
बरेली जिले में रहने वाले नन्हे मियां नाम के व्यक्ति को इस तूफान ने अपनी चपेट में ले लिया. उस समय तेज हवाएं चल रही थी और चारों तरफ धूल-मिट्टी का गुबार उठा हुआ था. नन्हे मियां एक बारातघर (शादी घर) के पास खड़े थे. वहां लगा टीनशेड हवा के जोर से उड़ने लगा. इसे बचाने के लिए नन्हे मियां ने छत के लोहे के पाइप को दोनों हाथों से मजबूती से पकड़ लिया. लेकिन आंधी इतनी तेज और भयंकर थी कि पूरी टीनशेड उखड़ गई और पाइप को पकड़े हुए नन्हे मियां को भी हवा में ऊपर उठा लिया. वीडियो में साफ दिख रहा है कि वह कई सेकंड तक हवा में लहराते रहे, जैसे कोई पतंग उड़ रही हो. फिर वे काफी दूर एक खेत के बीचों-बीच जा गिरे.
अब क्या बोले नन्हे मियां?
इस भयानक हादसे में नन्हे मियां को बहुत गंभीर चोटें आई. ऊंचाई से गिरने की वजह से उनके दोनों हाथ और दोनों पैर टूट गए हैं. स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया था. अब उन्होंने न्यूज24 से बातचीत में बताया कि आखिर यह सब कैसे हुआ. घटनाक्रम के बारें में पूछे जाने पर नन्हें मियां ने कहा, 'उन्हें नहीं पता कि कब अचानक आंधी आई. मैं रस्सी पड़के खड़ा और अचानक तेज हवा के साथ 50 फ़ीट तक उड़ गया.' नन्हें ने बताया कि उन्हें सिर में चोट आई है और सांस लेने में तकलीफ हो रही है. उनकी हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है. परिवार और आसपास के लोग इस घटना से बेहद सदमे में हैं.
पूरे प्रदेश में भारी तबाही
यह तूफान सिर्फ बरेली तक ही सीमित नहीं था. उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बुधवार को आंधी, तेज हवाओं, बिजली गिरने और पेड़ गिरने की घटनाओं ने भारी नुकसान पहुंचाया. अधिकारियों के अनुसार, पूरे प्रदेश में 70 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है. कई लोग घायल भी हुए हैं।सबसे ज्यादा नुकसान उन इलाकों में हुआ जहां खेतों में लोग काम कर रहे थे या खुले में थे. कई जगहों पर बिजली के खंभे टूट गए, जिससे बड़े इलाकों में बिजली गुल हो गई. घरों की दीवारें और छतें गिरने से लोगों को भारी आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा.




