Elections 2027: BJP-SP की तैयारी तेज, 'विजय' की राह पर चंद्रशेखर, मायावती का साइलेंट प्लान क्या?
UP Elections 2027 में BJP-SP की तैयारी तेज कर दी है. चंद्रशेखर आजाद नई दलित राजनीति पर दांव लगा रहे हैं, जबकि मायावती साइलेंट रणनीति पर काम कर रही हैं. कांग्रेस का रुख स्पष्ट नहीं है.
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की राजनीतिक बिसात अभी से सजने लगी है. भारतीय जनता पार्टी सत्ता बचाने के लिए संगठन, हिंदुत्व और लाभार्थी योजनाओं के सहारे मैदान मजबूत कर रही है, तो अखिलेश यादव PDA यानी पिछड़ा-दलित-अल्पसंख्यक समीकरण के जरिए वापसी की रणनीति पर काम कर रहे हैं. इसी बीच आजाद समाज पार्टी के चंद्रशेखर आजाद तमिलनाडु में जेसेफ विजय की तरह आक्रामक जमीनी राजनीति और युवाओं के बीच सीधी पकड़ बनाकर खुद को नए राजनीतिक विकल्प के तौर पर पेश करने में जुटे हैं. उनकी ‘सत्ता परिवर्तन यात्रा’ को इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है.
इन सबके बीच मायावती भले शांत दिख रही हों, लेकिन BSP अभी भी अपने कोर दलित वोट और बूथ नेटवर्क को बचाने में लगी है. ऐसे में सवाल यही है कि 2027 में यूपी की लड़ाई हिंदुत्व बनाम PDA होगी या दलित राजनीति का नया चेहरा पूरा समीकरण बदल देगा.
BJP रणनीति क्या? बंगाल-असम मॉडल से UP में सोशल इंजीनियरिंग
भारतीय जनता पार्टी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को केवल राज्य चुनाव नहीं, बल्कि 2029 लोकसभा चुनाव का सेमीफाइनल मानकर चल रही है. पश्चिम बंगाल, असम और हालिया दक्षिण भारतीय राजनीति के बदलते समीकरणों ने BJP को यह संदेश दिया है कि केवल हिंदुत्व नहीं, बल्कि मजबूत संगठन, लाभार्थी राजनीति और नए सामाजिक गठबंधन ही निर्णायक होंगे. बंगाल में BJP की आक्रामक संगठनात्मक रणनीति और असम में हिमंत बिस्वा सरमा मॉडल ने पार्टी को यह भरोसा दिया है कि क्षेत्रीय दलों के मजबूत गढ़ भी तोड़े जा सकते हैं.
फिलहाल, यूपी में BJP की रणनीति तीन स्तरों पर चल रही है. पहला, गैर-यादव OBC और गैर-जाटव दलित वोट को मजबूती से अपने साथ बनाए रखना. दूसरा मुफ्त राशन, आवास, किसान सम्मान निधि और महिला योजनाओं के जरिए लाभार्थी वर्ग को स्थायी वोट बैंक में बदलना. तीसरा, कानून-व्यवस्था और हिंदुत्व के मुद्दे को लगातार जीवित रखना.
तमिलनाडु में जेसेफ विजय की TVK के उभार ने BJP को यह संकेत दिया है कि युवाओं और पहली बार वोट डालने वालों में नई राजनीति की भूख बढ़ रही है. इसलिए, पार्टी डिजिटल प्रचार, युवा सम्मेलन और रोजगार आधारित नैरेटिव पर भी ज्यादा फोकस कर रही है. योगी ने इस बात को ध्यान में रखते हुए सियासी ताने बाने बुनने का काम यूपी में शुरू कर दिया है.
BJP को यह बखूबी पता है कि 2024 लोकसभा चुनाव में यूपी में उसकी सीटें घटी थीं. इसलिए 2027 में बूथ प्रबंधन और जातीय समीकरण को पहले से ज्यादा आक्रामक तरीके से साधने की तैयारी चल रही है. पार्टी का लक्ष्य केवल सत्ता बचाना नहीं, बल्कि विपक्ष को एकजुट नहीं होने देना है.
क्या PDA मॉडल से SP, बीजेपी को रोक पाएगी?
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव 2024 लोकसभा चुनाव के बाद काफी आत्मविश्वास में हैं. हालांकि, बंगाल चुनाव ने उन्हें अलर्ट भी कर दिया है. SP ने कांग्रेस के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश में BJP को बड़ा नुकसान पहुंचाया था. इसी कारण अखिलेश अब 2027 में PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक गठबंधन को स्थायी राजनीतिक समीकरण में बदलने की कोशिश कर रहे हैं.
अखिलेश की रणनीति साफ है- भाजपा के हिंदुत्व नैरेटिव का जवाब सामाजिक न्याय और संविधान बचाने के मुद्दे से देना. वह लगातार आरक्षण, बेरोजगारी, पेपर लीक, निजीकरण और जातीय जनगणना जैसे मुद्दों को उठा रहे हैं. बंगाल और तमिलनाडु की राजनीति से SP यह सीख रही है कि मजबूत क्षेत्रीय पहचान और सामाजिक गठबंधन राष्ट्रीय दलों को चुनौती दे सकते हैं.
SP अब केवल यादव-मुस्लिम पार्टी की छवि से बाहर निकलने की कोशिश कर रही है. पार्टी छोटे पिछड़े समुदायों, दलितों और युवाओं को संगठन में जगह दे रही है. सोशल मीडिया पर भी SP पहले की तुलना में ज्यादा आक्रामक दिख रही है.
अखिलेश यह भी समझ रहे हैं कि BSP के कमजोर होने से दलित वोट पूरी तरह खाली नहीं पड़ा है. इसी कारण वह दलित नेताओं और आंबेडकरवादी प्रतीकों पर लगातार जोर दे रहे हैं.
सपा के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि क्या SP लोकसभा चुनाव वाली एकजुटता को विधानसभा तक बनाए रख पाएगी? क्योंकि विधानसभा चुनाव में जातीय ध्रुवीकरण और स्थानीय उम्मीदवार ज्यादा महत्वपूर्ण हो जाते हैं. फिर भी SP मानती है कि अगर PDA समीकरण स्थिर रहा, तो 2027 में मुकाबला सीधे BJP बनाम SP हो सकता है.
'विजय' के लाइन पर स्ट्रीट पॉलिटिक्स पर जोर देंगे चंद्रशेखर?
चंद्रशेखर आजाद 2027 को अपने राजनीतिक विस्तार का सबसे बड़ा मौका मान रहे हैं. तमिलनाडु में TVK के तेजी से उभार ने आजाद समाज पार्टी को यह संदेश दिया है कि यदि कोई नेता लगातार जमीन पर सक्रिय रहे और युवाओं से सीधा जुड़ाव बनाए, तो वह कम समय में बड़ा विकल्प बन सकता है.
इसी सोच के तहत ASP ‘सत्ता परिवर्तन यात्रा’ निकाल रही है. पार्टी गांव-गांव चौपाल, बाइक रैली और पदयात्रा के जरिए बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करना चाहती है. ASP की राजनीति केवल चुनावी नहीं, बल्कि आंदोलन आधारित है. दलित उत्पीड़न, संविधान और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर चंद्रशेखर की सक्रियता ने उन्हें दलित युवाओं में लोकप्रिय बनाया है. चंद्रशेखर ने हर जिले में यात्रा निकालने का भी ऐलान किया है.
BSP के कमजोर होने से ASP को राजनीतिक जगह मिल रही है. पार्टी खास तौर पर उन सीटों पर फोकस कर रही है, जहां दलित और मुस्लिम वोट मिलकर निर्णायक भूमिका निभाते हैं.
चंद्रशेखर गठबंधन राजनीति से दूरी बनाकर स्वतंत्र पहचान बनाना चाहते हैं. उनका मानना है कि बड़े गठबंधन छोटे दलों को केवल वोट ट्रांसफर मशीन की तरह इस्तेमाल करते हैं.
हालांकि, सबसे बड़ी चुनौती यह है कि सड़क की लोकप्रियता को वोटों में कैसे बदला जाए. 2022 विधानसभा चुनाव में गोरखपुर से हार ने यह दिखाया कि आंदोलन और चुनावी गणित अलग चीजें हैं. लेकिन 2024 में नगीना से जीत ने ASP का आत्मविश्वास बढ़ा दिया है. अब पार्टी खुद को “नई दलित राजनीति” के चेहरे के रूप में पेश कर रही है.
संगठन शांत, क्या मायावती कोर वोट बैंक पर खेलेंगी दांव?
बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती भले कम सक्रिय दिखाई दे रही हैं, लेकिन BSP अभी भी उत्तर प्रदेश की राजनीति में पूरी तरह खत्म नहीं हुई है. पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका कोर जाटव वोट बैंक और बूथ स्तर का पुराना संगठन है.
मायावती की रणनीति फिलहाल “लो प्रोफाइल लेकिन स्थिर राजनीति” की दिखती है. वह आक्रामक आंदोलन की जगह शांत संगठनात्मक पुनर्निर्माण पर ध्यान दे रही हैं. BSP यह मानकर चल रही है कि SP और BJP के बीच बढ़ते ध्रुवीकरण से एक वर्ग ऐसा पैदा होगा, जो तीसरे विकल्प की तलाश करेगा.
मायावती अभी भी दलित स्वाभिमान, संविधान और आंबेडकरवादी राजनीति को अपनी सबसे बड़ी वैचारिक ताकत मानती हैं. हालांकि, नई पीढ़ी के दलित युवाओं का एक हिस्सा चंद्रशेखर आजाद की तरफ आकर्षित हुआ है, फिर भी BSP का पारंपरिक वोट पूरी तरह खत्म नहीं हुआ.
BSP गठबंधन राजनीति से भी दूरी बनाए हुए है. मायावती मानती हैं कि गठबंधन में पार्टी का वोट ट्रांसफर हो जाता है, लेकिन बदले में राजनीतिक लाभ नहीं मिलता.
उनकी रणनीति “कम बोलो, सही समय का इंतजार करो” वाली दिख रही है. BSP जानती है कि त्रिकोणीय या चतुष्कोणीय मुकाबले में उसका स्थायी वोट प्रतिशत कई सीटों पर निर्णायक बन सकता है. इसलिए पार्टी अभी संगठन बचाने और कोर समर्थकों को एकजुट रखने पर काम कर रही है.
2024 लोकसभा चुनाव: UP के नतीजे क्या?
2024 लोकसभा चुनाव ने उत्तर प्रदेश की राजनीति की दिशा बदल दी. SP-कांग्रेस गठबंधन ने PDA समीकरण के जरिए BJP को बड़ा नुकसान पहुंचाया. मुस्लिम, यादव और दलित वोटों का एक हिस्सा SP की तरफ मजबूती से गया. इस चुनाव ने यह भी दिखाया कि केवल हिंदुत्व और लाभार्थी योजनाएं अब अकेले पर्याप्त नहीं हैं. बेरोजगारी, पेपर लीक, किसान असंतोष और संविधान जैसे मुद्दों ने युवाओं और पिछड़े वर्गों को प्रभावित किया.
दूसरी तरफ BSP का वोट प्रतिशत तो रहा, लेकिन वह सीटों में नहीं बदल सका. इसका फायदा सीधे SP को मिला. चंद्रशेखर आजाद की नगीना सीट पर जीत ने यह संकेत दिया कि दलित राजनीति में नया नेतृत्व उभर रहा है. SP राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी और उसने 37 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस ने 6 सीटें हासिल कीं. दूसरी तरफ BJP 2019 के मुकाबले काफी नीचे आ गई और उसे 33 सीटें मिलीं. सहयोगी दलों के साथ NDA का आंकड़ा 36 तक पहुंचा.
चंद्रशेखर आजाद ने नगीना सीट जीतकर दलित राजनीति में नई संभावनाओं का संकेत दिया. वहीं BSP कोई सीट नहीं जीत सकी, हालांकि उसका वोट प्रतिशत पूरी तरह खत्म नहीं हुआ. 2024 का सबसे बड़ा संदेश यही था कि यूपी अब पूरी तरह एकतरफा राजनीति वाला राज्य नहीं रहा. गठबंधन, जातीय संतुलन और स्थानीय उम्मीदवारों की भूमिका पहले से ज्यादा महत्वपूर्ण हो गई है.
2022 यूपी विधानसभा चुनाव: क्या संकेत मिले थे?
2022 विधानसभा चुनाव में BJP ने लगातार दूसरी बार सत्ता हासिल कर यह साबित किया कि उसका संगठन और लाभार्थी राजनीति बेहद मजबूत है. योगी आदित्यनाथ की कानून-व्यवस्था वाली छवि और मुफ्त राशन योजना ने पार्टी को बड़ा फायदा पहुंचाया. हालांकि, SP ने भी 2017 की तुलना में मजबूत वापसी की थी. अखिलेश यादव ने OBC वोटों में सेंध लगाई और कई क्षेत्रों में BJP को कड़ी टक्कर दी. लेकिन SP ग्रामीण बूथ नेटवर्क और महिला वोटरों तक BJP जैसी पहुंच नहीं बना सकी. BSP इस चुनाव में लगभग हाशिए पर चली गई. पार्टी केवल एक सीट जीत सकी, जिससे दलित राजनीति में नेतृत्व संकट की चर्चा शुरू हुई.
2022 का चुनाव ने साफ संकेत दिया था कि यूपी में केवल जातीय समीकरण काफी नहीं हैं. मजबूत संगठन, बूथ प्रबंधन, लाभार्थी योजनाएं और मुख्यमंत्री चेहरा भी निर्णायक भूमिका निभाते हैं. यही कारण है कि 2027 के लिए सभी दल अब केवल नारों नहीं, बल्कि माइक्रो सोशल इंजीनियरिंग और जमीनी नेटवर्क पर सबसे ज्यादा ध्यान दे रहे हैं.
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ने लगातार दूसरी बार सत्ता हासिल की. BJP गठबंधन ने 403 में से 273 सीटें जीतीं, जिनमें अकेले BJP को 255 सीटें मिलीं. समाजवादी पार्टी गठबंधन ने 125 सीटें जीतीं, जिनमें SP को 111 सीटें मिलीं. चुनाव में अखिलेश यादव ने मजबूत चुनौती दी, लेकिन BJP का बूथ प्रबंधन, हिंदुत्व, कानून-व्यवस्था और मुफ्त राशन जैसी योजनाएं निर्णायक साबित हुईं.
बहुजन समाज पार्टी का प्रदर्शन बेहद खराब रहा और पार्टी सिर्फ 1 सीट जीत सकी. इससे दलित राजनीति में BSP की पकड़ कमजोर होने की चर्चा तेज हुई. कांग्रेस को केवल 2 सीटें मिलीं. दो सीटें अन्य के खाते में गई थी. कुल मिलाकर 2022 और 2024 के नतीजों ने साफ कर दिया कि उत्तर प्रदेश में अब मुकाबला पहले से ज्यादा बहुकोणीय और सामाजिक समीकरण आधारित होता गया है. यही वजह है कि सपा और बीजेपी ने अभी से चुनावी तैयारी शुरू कर दी है.




