हाइवे पर “मुसलमानों के लिए रोड नहीं” लिखने पर बवाल, HRD कार्यकर्ताओं पर भड़के लोग, कहा-वो विदेश से नहीं आए
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जो सहारनपुर का बताया जा रहा है. इस वीडियो में दो महिलाएं हाइवे पर लगे लोहे के बोर्ड पर “मुसलमानों के लिए रोड नहीं है” लिखती दिखाई दे रही हैं और जय श्री राम के नारे लगा रही हैं. वीडियो सामने आने के बाद इसे लेकर विवाद खड़ा हो गया.
कहा जा रहा है कि ये लोग हिंदू रक्षा दल से जुड़े हैं. साथ ही, मामले को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं. कुछ यूज़र्स ने कमेंट करते हुए कहा कि 'भारत का मुसलमान इसी देश की मिट्टी में जन्मा है'.
क्या है पूरा मामला?
इस वीडियो में दो महिलाएं हाइवे पर लगे लोहे के बोर्ड में अंग्रेजी और हिंदू में लिखती नजर आ रही है "मुसलमानों के लिए रोड नहीं है" और आखिर में दूसरी महिला जय श्री राम के नारे लगाती दिख रही है. कहा जा रहा है कि ये लोग हिन्दू रक्षा दल (HRD) के कार्यकर्ता है. जहां संगठन की अध्यक्ष पिंकी चौधरी का एक बयान भी सामने आया, जिसमें उन्होंने कहा कि “जो टैक्स नहीं देते, उन्हें नेशनल हाईवे पर चलने का अधिकार नहीं है.” यह बयान सामने आने के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया.
सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग भड़क गए हैं. कई यूज़र्स ने इसे सामाजिक सौहार्द के खिलाफ बताया. एक यूज़र ने लिखा 'भारत का मुसलमान इसी मिट्टी में पैदा हुआ है तुम्हारे तरह उसके शरीर में वही खून दौड़ता है और तुम्हारी तरह इसी मिट्टी में विलीन हो जाता है. सात समुद्र पार से नहीं आया है सिर्फ उसका मजहब अलग है. भारत में सदियों से लोग भिन्न भिन्न धर्म मानने वाले रहे हैं पर इतनी कडुआहट कभी नहीं देखी गयी.' दूसरे यूजर ने कहा 'किसी भी समुदाय को इस तरह निशाना बनाना देश की एकता के लिए ठीक नहीं है.'
पुलिस जांच जारी
प्रारंभिक दावों में इसे गाजियाबाद का बताया गया था, लेकिन बाद में पुलिस जांच में वीडियो की लोकेशन दिल्ली–देहरादून नए हाईवे पर, उत्तराखंड बॉर्डर के पास सहारनपुर जिले के अंतर्गत पाई गई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित लोगों की पहचान की प्रक्रिया जारी है.




