Begin typing your search...
राम मंदिर चंदा विवाद: चंपत राय के समर्थन में उतरे लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर, बोले- आरोपी का संबंध सपा से है; जानें और क्या कहा
राम मंदिर चंदा विवाद के बीच लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर चंपत राय के समर्थन में उतर आए हैं. उन्होंने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि अगर कोई अनियमितता हुई है तो जांच हो, लेकिन राम मंदिर और ट्रस्ट को बदनाम करने की राजनीतिक कोशिशें सफल नहीं होंगी.
Loni MLA Nand Kishore Gurjar
Nand Kishore Gurjar Defends Champat Rai: राम मंदिर के चंदे को लेकर चल रही राजनीतिक बयानबाजी के बीच गाजियाबाद की लोनी सीट से विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय का खुलकर बचाव किया है. उन्होंने चंपत राय पर लगाए जा रहे आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. नंदकिशोर गुर्जर ने कहा कि चंपत राय ने अपना पूरा जीवन राम मंदिर आंदोलन के लिए समर्पित किया है. उनके संघर्ष और योगदान पर सवाल उठाना करोड़ों राम भक्तों की आस्था का अपमान है.
लोनी विधायक ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं ने वर्षों तक कठिन संघर्ष और तपस्या की, जिसके बाद अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण संभव हो सका.
नंदकिशोर गुर्जर ने क्या-क्या कहा?
- नंदकिशोर गुर्जर ने आरोप लगाया कि राम मंदिर को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि यदि कहीं कोई चोरी या अनियमितता हुई है तो उसकी जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए..
- विधायक ने दावा किया कि इस मामले में सभी को पता है कि चोरी का आरोपी कौन है और उसका राजनीतिक संबंध समाजवादी पार्टी से है. उन्होंने अजमेर दरगाह में हुई कथित चोरी का भी जिक्र करते हुए विपक्ष पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया.
- समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए नंदकिशोर गुर्जर ने कहा कि अयोध्या आंदोलन के दौरान कारसेवकों और संतों पर गोलियां चलवाई गई थीं, जिसे देश आज भी नहीं भूला है. उन्होंने दावा किया कि उस समय समाजवादी पार्टी के नेताओं ने इस कार्रवाई पर गर्व जताया था. आज वही लोग राम मंदिर और उसके ट्रस्ट पर सवाल उठा रहे हैं.
- कांग्रेस पर निशाना साधते हुए लोनी विधायक ने कहा कि जिन लोगों ने वर्षों तक भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए, वे अब राम मंदिर की चिंता जताने का दिखावा कर रहे हैं.
- नंदकिशोर गुर्जर उन्होंने कहा कि राम मंदिर की छवि खराब करने की किसी भी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा.
- विधायक ने कहा कि यदि राम मंदिर से जुड़े किसी भी मामले में कोई अनियमितता सामने आती है तो उसका पूरा हिसाब होगा. उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ किसी भी दोषी को बख्शेंगे नहीं.
- नंदकिशोर गुर्जर ने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल और उनके समर्थक राम मंदिर की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं.




