Prateek Yadav Family Tree: मां- साधना, पत्नी- अपर्णा और 2 बेटियां! ऐसा था प्रतीक यादव का परिवार
सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव के अचानक निधन के बाद पूरा यादव परिवार शोक में डूब गया है. 38 साल के प्रतीक राजनीति से दूर रहकर बिजनेस, फिटनेस और पशु सेवा से जुड़े हुए थे. उनकी मौत के बाद एक बार फिर मुलायम सिंह यादव के परिवार की चर्चा तेज हो गई है.
Prateek Yadav Family Tree: उत्तर प्रदेश की राजनीति के सबसे प्रभावशाली परिवारों में शामिल मुलायम सिंह यादव का परिवार एक बार फिर चर्चा में है. प्रतीक यादव का अचानक निधन होने से पूरा परिवार गहरे सदमे में है. बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह लखनऊ स्थित घर में उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनकी मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट बताया गया है.
प्रतीक यादव राजनीति में सक्रिय नहीं थे, लेकिन वे हमेशा अपनी फिटनेस, बिजनेस और सामाजिक कार्यों को लेकर चर्चा में रहते थे. आइए, उनके परिवार के बारे में जानते हैं...
प्रतीक यादव के पिता कौन थे?
मुलायम सिंह यादव यूपी की राजनीति के सबसे बड़े नेताओं में गिने जाते थे. उन्होंने समाजवादी पार्टी की स्थापना की और तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने. मुलायम सिंह का राजनीतिक प्रभाव सिर्फ यूपी तक सीमित नहीं था, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति में भी उनकी मजबूत पकड़ थी. वे 1996 से लेकर 1998 तक देश के रक्षा मंत्री थे. उन्होंने प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा और इंद्र कुमार गुजरात के कार्यकाल में रक्षा मंत्री के रूप में काम किया.
प्रतीक यादव की मां का क्या नाम था?
प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे. साधना लंबे समय तक सार्वजनिक जीवन से दूर रहीं, लेकिन बाद में उनका नाम राजनीतिक चर्चाओं में आने लगा. जुलाई 2022 में साधना गुप्ता का निधन हो गया, जबकि उसी साल अक्टूबर में मुलायम सिंह यादव भी दुनिया छोड़ गए. अब प्रतीक यादव की मौत ने परिवार को तीसरा बड़ा झटका दिया है.
ये भी पढ़ें :क्या पल्मोनरी एम्बोलिज्म बनी प्रतीक यादव की मौत की वजह, जानें कितनी गंभीर है ये बीमारी?
अखिलेश यादव से प्रतीक का क्या रिश्ता था?
अखिलेश यादव, प्रतीक यादव के सौतेले बड़े भाई थे. जहां अखिलेश यादव ने राजनीति में मुलायम सिंह की विरासत संभाली, वहीं प्रतीक ने खुद को राजनीति से दूर रखा.अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव भी राजनीति में सक्रिय हैं. उनके तीन बच्चे हैं- अदिति, टीना और अर्जुन.
अपर्णा यादव और प्रतीक यादव की शादी कब हुई?
प्रतीक यादव और अपर्णा दोनों बचपन के दोस्त थे. उनकी मुलाकात स्कूल के दिनों में हुई थी. लंबे रिलेशनशिप में रहने के बाद साल 2011 में उन्होंने पहले सगाई और फिर शादी की. यह शादी उस समय यूपी की सबसे चर्चित राजनीतिक शादियों में गिनी गई थी.
अपर्णा यादव ने बाद में राजनीति में कदम रखा. पहले वह समाजवादी पार्टी में थीं, लेकिन 2022 में उन्होंने BJP जॉइन कर लिया था. इस समय वह उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं.
प्रतीक और अपर्णा यादव की कितनी बेटियां हैं?
प्रतीक और अपर्णा यादव की दो बेटियां हैं- प्रथम और प्रतीक्षा यादव. हालांकि, परिवार बेहद हाई-प्रोफाइल रहा, लेकिन दोनों ने हमेशा अपने बच्चों को मीडिया और राजनीति से दूर रखा.
राजनीति नहीं, बिजनेस और फिटनेस चुना
प्रतीक यादव ने राजनीति के बजाय बिजनेस और फिटनेस की दुनिया को चुना. उन्होंने ब्रिटेन की University of Leeds से पढ़ाई की थी. लखनऊ में वह फिटनेस बिजनेस और रियल एस्टेट से जुड़े हुए थे. उनका 'The Fitness Planet' नाम का जिम काफी चर्चित था.
जानवरों के लिए भी करते थे काम
प्रतीक यादव सिर्फ फिटनेस प्रेमी नहीं थे, बल्कि पशु प्रेमी भी थे. उन्होंने 'Jeev Ashray' नाम की पहल के जरिए आवारा और घायल कुत्तों के रेस्क्यू और देखभाल का काम भी किया. सोशल मीडिया पर भी वह अक्सर अपने पालतू जानवरों के साथ तस्वीरें साझा करते थे.
मौत से पहले क्या टेंशन में थे प्रतीक?
पिछले कुछ समय में प्रतीक यादव ने सोशल मीडिया पर निजी तनाव और रिश्तों में खटास को लेकर कुछ पोस्ट भी साझा किए थे. हालांकि परिवार की ओर से कभी किसी कानूनी विवाद या अलगाव की पुष्टि नहीं हुई. उनकी मौत के बाद समाजवादी पार्टी और बीजेपी समेत सभी दलों के नेताओं ने दुख जताया है.




