श्रमिक दिवस से पहले नोएडा में हाई अलर्ट, धारा 163 लागू; 1000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात-ड्रोन से निगरानी
नोएडा में श्रमिक दिवस से पहले धारा 163 लागू कर दी गई है. औद्योगिक क्षेत्रों में 1000 से ज्यादा पुलिसकर्मी, ड्रोन और CCTV से निगरानी की जा रही है. पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने फेज 2 होजरी कॉम्प्लेक्स में फ्लैग मार्च किया.
नोएडा में धारा 163 लागू
Noida High Alert, Section 163 Imposed Ahead of Labour Day: नोएडा में 1 मई यानी श्रमिक दिवस से पहले पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है. हाल ही में हुए श्रमिक विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया है. पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने खुद फेज-2 होजरी कॉम्प्लेक्स में फ्लैग मार्च कर हालात का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए.
गौतमबुद्धनगर जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 30 अप्रैल से 8 मई तक धारा 163 लागू कर दी गई है. इस दौरान बिना अनुमति भीड़ जुटाने और किसी भी तरह की अव्यवस्था फैलाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. जिले को 11 जोन और 49 सेक्टर में बांटकर निगरानी की जा रही है, ताकि हर इलाके पर कड़ी नजर रखी जा सके.
कितने पुलिसकर्मी होंगे तैनात?
सुरक्षा के लिहाज से 1000 से ज्यादा पुलिसकर्मी और PAC के जवान तैनात किए गए हैं. औद्योगिक क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की भारी मौजूदगी रहेगी. इसके अलावा 50 से ज्यादा स्थानों पर CCTV और ड्रोन के जरिए निगरानी की जा रही है.
ड्रोन उड़ाने पर लगा बैन
प्रशासन ने साफ किया है कि सरकारी दफ्तरों के आसपास ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध रहेगा और किसी भी तरह का माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी. पुलिस का फोकस पूरी तरह शांति व्यवस्था बनाए रखने पर है.
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने आम लोगों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और शांति बनाए रखें, ताकि श्रमिक दिवस के मौके पर किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके.




