Noida Protest: नोएडा में मजदूरों के प्रदर्शन के बाद बड़ा फैसला, DCP इंडस्ट्रीज बना नया पद; ACP समेत इतने पुलिसकर्मी होंगे तैनात
नोएडा में श्रमिक आंदोलन के बाद इंडस्ट्रीज के लिए अलग पुलिस सेल बनाया गया है. नई व्यवस्था के तहत DCP (इंडस्ट्रीज) का नया पद बनाया गया है. करीब 2 लाख कंपनियों और 4 लाख श्रमिकों से अब सीधा समन्वय होगा और उनकी समस्याओं का तेजी से समाधान किया जाएगा.
श्रमिक आंदोलन के बाद गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट का बड़ा फैसला
Noida DCP Industries, Gautam Budh Nagar Police: नोएडा में हाल ही में हुए श्रमिक आंदोलन के बाद गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है. औद्योगिक क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था और श्रमिक मुद्दों को बेहतर तरीके से संभालने के लिए अब अलग पुलिस व्यवस्था लागू की गई है. पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर 'इंडस्ट्रीज पुलिस सेल' का गठन किया गया है. इसके तहत एक नए DCP (इंडस्ट्रीज) पद का सृजन किया गया है, जिसके साथ ACP, तीन इंस्पेक्टर और करीब 25 पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे.
यह विशेष पुलिस यूनिट जिले की 15 हजार से ज्यादा औद्योगिक इकाइयों पर निगरानी रखेगी. साथ ही करीब 2 लाख कंपनियों और 4 लाख श्रमिकों के साथ सीधा समन्वय स्थापित किया जाएगा, ताकि किसी भी विवाद या शिकायत का त्वरित समाधान हो सके.
ये भी पढ़ें :VIP लाउंज-AC वेटिंग रूम, हिमाचल, J-K तक के लिए बस, कैसा होगा नोएडा का प्रीमियम बस अड्डा
नई व्यवस्था का मकसद क्या है?
इस नई व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य श्रमिकों की समस्याओं को तुरंत सुनना, उनका समाधान करना और कंपनियों व श्रमिक संगठनों के बीच बेहतर संवाद कायम करना है. साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने और श्रम कानूनों के पालन पर विशेष फोकस रहेगा.
पुलिस अधिकारियों ने क्या बताया?
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह सेल जिले के सभी जोनों की पुलिस के साथ समन्वय बनाकर काम करेगी, जिससे किसी भी औद्योगिक विवाद या तनाव की स्थिति को समय रहते संभाला जा सके.
इंडस्ट्रीज पुलिस सेल को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है. इसके स्थायी ढांचे को लेकर विस्तृत प्रस्ताव अगले तीन दिनों में डीजीपी और गृह विभाग को भेजा जाएगा. साथ ही जल्द ही इस व्यवस्था के लिए एक विस्तृत SOP (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) भी जारी की जाएगी.




