ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसायटी में बिजली संकट, रातभर परेशान रहे लोग; बोले- मेंटेनेंस चार्ज पूरा लेने के बावजूद नहीं मिला बैकअप
मिडिल ईस्ट संकट का असर अब ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हाउसिंग सोसायटियों तक पहुंच गया है. डीजल की कमी के चलते कई सोसायटियों में पावर बैकअप प्रभावित हो रहा है. श्री राधा स्काई गार्डन सोसायटी ने निवासियों से बिजली का सीमित इस्तेमाल करने की अपील की है, जबकि लोग मेंटेनेंस टीम पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं.
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की श्री राधा स्काई गार्डन सोसायटी में डीजल कमी पर भड़के लोग
Greater Noida West Societies Face Power Backup Crisis: मिडिल ईस्ट संकट का असर अब ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हाईराइज हाउसिंग सोसाइटी में भी दिखाई देने लगा है. ग्रेटर नोएडा वेस्ट की कई हाउसिंग सोसायटियों में डीजल की कमी के चलते पावर बैकअप व्यवस्था प्रभावित होने लगी है. इसी बीच ग्रेटर नोएडा वेस्ट की श्री राधा स्काई गार्डन सोसायटी की मेंटेनेंस टीम ने निवासियों के लिए एक एडवाइजरी जारी कर बिजली के सीमित उपयोग की अपील की है.
सोसायटी में रहने वाली कल्पना ने बताया कि रात में बिजली जाने के बाद डीजी शुरू नहीं हुआ, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. उन्होंने कहा कि गर्मी के कारण लोग अपने बच्चों के साथ देर रात तक फ्लैट के नीचे टहलते रहे. कल्पना के अनुसार, मेंटेनेंस टीम का कोई भी व्यक्ति बात करने को तैयार नहीं था. इतना ही नहीं, कई कर्मचारी सोसायटी छोड़कर ही गायब हो गए.
'पावर बैकअप चालू रखना मेंटेनेंस टीम की जिम्मेदारी है'
सोसायटी के एक अन्य निवासी ने मेंटेनेंस टीम पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि निवासी समय पर पूरा मेंटेनेंस शुल्क देते हैं. ऐसे में डीजल की व्यवस्था करना और पावर बैकअप चालू रखना मेंटेनेंस टीम की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि डीजल की कमी का खामियाजा निवासियों को भुगतना पड़ रहा है.
मेंटेनेंस टीम की ओर से एडवाइजरी में क्या कहा गया है?
मेंटेनेंस टीम की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि एशिया में जारी युद्ध संघर्ष और भारत सरकार द्वारा लगाए गए कुछ प्रतिबंधों के कारण डीजल की थोक आपूर्ति में भारी कमी और खरीद संबंधी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. इसके चलते पावर बैकअप संचालन के लिए पर्याप्त डीजल की व्यवस्था करना बेहद मुश्किल हो गया है.
एडवाइजरी में निवासियों से अपील की गई है कि ग्रिड पावर बंद होने की स्थिति में पावर बैकअप का उपयोग कम से कम करें और बिजली का इस्तेमाल आवश्यकता अनुसार ही करें, ताकि उपलब्ध संसाधनों का पूरे सोसायटी के हित में प्रभावी ढंग से प्रबंधन किया जा सके.
एडवाइजरी से क्यों नाराज हैं लोग?
मेंटेनेंस टीम ने इस चुनौतीपूर्ण समय में निवासियों से सहयोग और समझदारी बनाए रखने की भी अपील की है. हालांकि, मेंटेनेंस टीम की एडवाजरी से निवासी नाराज है. निवासियों का कहना है कि अगर मेंटेनेंस टीम मेंटेनेंस चार्ज पूरा ले रहा है उसकी जिम्मेदारी है पावर बैकअप देना चाहिए.




