Noida Power Cut: ओवरलोडिंग से लेकर ओवरहीटिंग तक, भीषण गर्मी के बीच नोएडा में जबरदस्त पावर कट, सोसाइटीज में भी हाल-बेहाल
कहने को तो नोएडा को नो पावर कट जोन माना जाता है, लेकिन पिछले कई दिनों से शहर के अलग-अलग इलाकों में लगातार बिजली कटौती और ट्रिपिंग की समस्या सामने आ रही है.
noida power cut
भीषण गर्मी और हीटवेव के बीच यूपी का शो विंडो कहे जाने वाले नोएडा में बिजली संकट गहराता जा रहा है. कहने को तो नोएडा को नो पावर कट जोन माना जाता है, लेकिन पिछले कई दिनों से शहर के अलग-अलग इलाकों में लगातार बिजली कटौती और ट्रिपिंग की समस्या सामने आ रही है.
सेक्टर, गांव, हाईराइज सोसायटी में लोग घंटों बिजली गुल रहने से परेशान हैं. तेज गर्मी के कारण एयर कंडीशनर, कूलर और अन्य बिजली उपकरणों के इस्तेमाल में भारी बढ़ोतरी हुई है, जिससे बिजली की मांग रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गई है.
नोएडा में कितनी पहुंची बिजली की डिमांड?
पूरे गौतमबुद्ध नगर जिले में बिजली की डिमांड 2609 MVA तक पहुंच चुकी है, जिसे बिजली विभाग सप्लाई करने में जुटा हुआ है. वहीं अकेले नोएडा में बिजली की मांग 1600 MVA से ज्यादा दर्ज की जा रही है. दूसरी ओर ग्रेटर नोएडा में भी रिकॉर्ड डिमांड 925 मेगावाट तक पहुंचने का अनुमान है.
अगर बात अप्रैल महीने की करे तो गौतमबुद्ध नगर जिले में बिजली की मांग करीब 1900 मेगावाट तक पहुंच गई थी. बिजली विभाग के अनुसार सामान्य दिनों में जिले में औसतन 1800 MVA की मांग रहती है, लेकिन इस बार गर्मी के चलते बिजली की खपत में 45 से 50 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. पहले गर्मियों में यह बढ़ोतरी 15 से 25 प्रतिशत तक ही सीमित रहती थी.
क्यों कट रही इतनी बिजली?
बढ़ती डिमांड और भीषण गर्मी का असर अब बिजली पर साफ दिखाई देने लगा है. लगातार ओवरलोडिंग और ओवरहीटिंग के चलते कई इलाकों में ट्रांसफॉर्मर जवाब दे रहे हैं, जिसकी वजह से बार-बार ट्रिपिंग और सप्लाई बाधित होने की समस्या सामने आ रही है. बिजली विभाग का कहना है कि ट्रांसफॉर्मरों को ठंडा रखने के लिए कूलर भी लगाए जा रहे हैं और जहां भी खराबी की सूचना मिल रही है, वहां तुरंत मरम्मत कर सप्लाई बहाल की जा रही है.
हालांकि जमीनी हकीकत यह है कि शहर के कई इलाकों में दिन और रात दोनों समय बिजली कटौती से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है. खासकर रात के समय बिजली गुल होने से लोगों की नींद और दिनचर्या दोनों प्रभावित हो रही हैं. भीषण गर्मी में लगातार हो रही बिजली कटौती ने नो पावर कट जोन की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.




