Begin typing your search...

आजम खान या ओवैसी: मुसलमानों का सबसे बड़ा सियासी खिलाड़ी कौन? समझिए 2027 से पहले दोनों की सियासी हैसियत

आजम खान और ओवैसी के बीच मुस्लिम राजनीति में किसका कितना प्रभाव है? यूपी चुनाव 2027 से पहले दोनों नेताओं के जनाधार, सियासी ताकत और राजनीतिक रणनीति का विश्लेषण.

आजम खान या ओवैसी: मुसलमानों का सबसे बड़ा सियासी खिलाड़ी कौन? समझिए 2027 से पहले दोनों की सियासी हैसियत
X

उत्तर प्रदेश की राजनीति में मुस्लिम नेतृत्व को लेकर एक बार फिर बहस तेज है. एक तरफ समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान हैं, जिन्होंने रामपुर से अपनी सियासी पहचान बनाई और मुलायम सिंह यादव के दौर से पार्टी के बड़े मुस्लिम चेहरे रहे. दूसरी तरफ एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी हैं, जो हैदराबाद से निकलकर राष्ट्रीय राजनीति में मुस्लिम प्रतिनिधित्व और स्वतंत्र नेतृत्व की पैरवी कर रहे हैं. दोनों की राजनीति का तरीका और प्रभाव अलग है, लेकिन 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सवाल है कि उत्तर प्रदेश में मुसलमानों के बीच किसकी सियासी हैसियत ज्यादा है?

राजनीतिक विश्लेषक राजेश भारती के मुताबिक, दोनों नेता मुस्लिम राजनीति के अहम चेहरे हैं, लेकिन बेहतर नेता की बात करें तो आजम खान ओवैसी से आगे नजर आते हैं. भारती का मानना है कि आजम खान मुसलमानों के मुद्दों पर मुखर होकर बोलते हैं, लेकिन उनकी राजनीति ओवैसी के मुकाबले कम सांप्रदायिक है. आजम खान ने अपनी राजनीतिक पहचान खुद के संघर्ष और मेहनत से बनाई, जबकि ओवैसी को राजनीतिक विरासत और सियासी घराना अपने पिता से मिला. हालांकि, वह ओवैसी को भी योग्य नेता मानते हैं.

आजम खान में क्या खास है?

राजेश भारती के मुताबिक, आजम खान की सबसे बड़ी खूबी यह है कि उन्होंने उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में अपनी अलग राजनीतिक पहचान बनाई. उन्हें सरकार चलाने और सत्ता में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाने का लंबा अनुभव है. आजम खान केवल रामपुर तक सीमित रहने वाले नेता नहीं रहे, बल्कि समाजवादी पार्टी के गठन से लेकर उसकी सरकारों तक उनकी अहम भूमिका रही है.

आजम खान रामपुर विधानसभा सीट से 10 बार विधायक चुने गए. उन्होंने 1980 में पहली बार चुनाव जीता था. 2019 में वह रामपुर से लोकसभा सांसद भी बने. मुलायम सिंह यादव के साथ समाजवादी पार्टी को खड़ा करने वाले नेताओं में उनकी गिनती होती है. अखिलेश यादव की सरकार में भी उनका प्रभाव कायम रहा. वह कई बार कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं.

भारती का कहना है कि आजम खान की राजनीति का एक बड़ा पक्ष शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान है. उन्होंने रामपुर में मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय की स्थापना की. इसके अलावा कई कॉलेज और स्कूल भी स्थापित किए. राजनीतिक विश्लेषक के मुताबिक, आजम खान आज सक्रिय रहें या न रहें, उनके बनाए शिक्षण संस्थानों से बच्चों और युवाओं को लंबे समय तक लाभ मिलता रहेगा.

उनका राजनीतिक प्रभाव रामपुर के अलावा मुरादाबाद, संभल, अमरोहा, बिजनौर और बरेली जैसे रुहेलखंड के इलाकों में भी माना जाता रहा है. हालांकि, कानूनी मामलों और जेल में रहने के कारण उनकी राजनीतिक सक्रियता प्रभावित हुई. अब अंतरिम जमानत पर बाहर आने के बाद 2027 के चुनाव में उनकी भूमिका को लेकर फिर चर्चा शुरू हो गई है.

ओवैसी की राजनीति कैसी?

राजेश भारती के मुताबिक, असदुद्दीन ओवैसी कानून के जानकार और योग्य नेता हैं. उनकी भाषण शैली में अपील है और उन्होंने अपनी अलग राजनीतिक पहचान भी बनाई है. हालांकि, भारती का मानना है कि उनकी राजनीति एक खास सांप्रदायिक एजेंडे के इर्द-गिर्द केंद्रित रहती है और उनके भाषणों का प्रभाव स्थायी राजनीतिक नतीजों में तब्दील होता दिखाई नहीं देता.

ओवैसी की सबसे बड़ी ताकत उनकी राष्ट्रीय पहचान और अपना राजनीतिक संगठन है. वह हैदराबाद से लगातार पांच बार लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं. संसद में संवैधानिक अधिकारों, अल्पसंख्यक प्रतिनिधित्व और नागरिक मुद्दों पर मुखर होकर अपनी बात रखते हैं. वह 2008 से एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और दूसरी पार्टियों के सहारे राजनीति करने के बजाय स्वतंत्र मुस्लिम नेतृत्व की पैरवी करते हैं.

हैदराबाद और तेलंगाना में एआईएमआईएम का मजबूत आधार है. महाराष्ट्र और बिहार जैसे राज्यों में भी पार्टी ने चुनावी मौजूदगी दर्ज कराई है. ओवैसी की आक्रामक भाषण शैली उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में बनाए रखती है. अब वह मुस्लिम राजनीति को दलित और दूसरे सामाजिक समूहों के साथ जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं. चंद्रशेखर आजाद के साथ उनका गठबंधन इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है.

दोनों में किसका पलड़ा भारी है?

राजेश भारती की नजर में आजम खान का राजनीतिक कद ओवैसी से अलग और ज्यादा व्यापक अनुभव वाला है. इसकी वजह सिर्फ उनकी मुस्लिम राजनीति नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की सत्ता और प्रशासन में उनकी लंबी भूमिका भी है. उन्होंने ऐसे राज्य में अपनी जगह बनाई, जहां की राजनीति का राष्ट्रीय सत्ता पर भी असर पड़ता है. वहीं ओवैसी की पहचान मुख्य रूप से अपनी पार्टी, संसदीय भाषणों और स्वतंत्र मुस्लिम नेतृत्व की राजनीति से बनी है.

चुनावी आंकड़े भी दोनों की स्थिति का अंतर दिखाते हैं. 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में एआईएमआईएम ने करीब 95 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे. पार्टी को कुल 4,50,929 वोट मिले, जो प्रदेश के कुल मतों का लगभग 0.49 प्रतिशत था. इसके बावजूद पार्टी एक भी सीट नहीं जीत सकी.

दूसरी तरफ आजम खान ने 2022 में रामपुर विधानसभा सीट से जीत दर्ज की थी. हालांकि, सजा के कारण उनकी सदस्यता समाप्त होने के बाद दिसंबर 2022 में हुए उपचुनाव में उनके करीबी आसिम राजा को भाजपा के आकाश सक्सेना ने हरा दिया. 2024 के लोकसभा चुनाव में भी रामपुर सीट से समाजवादी पार्टी के मोहिबुल्लाह नदवी जीते. इन नतीजों से यह भी स्पष्ट होता है कि आजम खान का पुराना प्रभाव होने के बावजूद रामपुर में राजनीतिक परिस्थितियां बदल रही हैं.

2027 में किसकी कितनी चलेगी?

2027 के विधानसभा चुनाव में आजम खान और ओवैसी दोनों की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है, लेकिन दोनों के सामने अलग-अलग चुनौतियां हैं. आजम खान की वापसी समाजवादी पार्टी के पारंपरिक मुस्लिम आधार को मजबूत कर सकती है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश और रुहेलखंड में उनका पुराना राजनीतिक अनुभव अखिलेश यादव के लिए उपयोगी हो सकता है.

दूसरी तरफ ओवैसी के सामने उत्तर प्रदेश में एआईएमआईएम का संगठन बूथ स्तर तक मजबूत करने की चुनौती है. 2022 के चुनाव परिणाम बताते हैं कि भाषणों और रैलियों से लोकप्रियता हासिल करना और उसे विधानसभा सीटों में बदलना दो अलग-अलग बातें हैं. चंद्रशेखर आजाद के साथ गठबंधन के जरिए वह दलित-मुस्लिम समीकरण बनाने की कोशिश कर रहे हैं.

मुस्लिम राजनीति का चेहरा कौन बदलेगा?

आखिरकार, आजम खान के सामने अपनी पुरानी सियासी जमीन वापस हासिल करने की चुनौती है, जबकि ओवैसी के सामने राष्ट्रीय लोकप्रियता को उत्तर प्रदेश में सीटों और संगठन की ताकत में बदलने की परीक्षा है. ऐसे में 2027 का चुनाव तय करेगा कि दोनों में कौन अपनी राजनीतिक हैसियत को जमीन पर ज्यादा प्रभावशाली साबित कर पाता है.

स्टेट मिरर स्पेशलअसदुद्दीन ओवैसीयोगी आदित्‍यनाथअखिलेश यादव
अगला लेख