क्या आजम ने निकाल लिया है ओवैसी का तोड़, पिता का जिक्र कर कैसे छेड़ रहे दुखती रग, सुल्तान सलाहुद्दीन ओवैसी से क्या है कनेक्शन?
जेल से रिहाई के बाद आजम खान ने ओवैसी पर निशाना साधा. सुल्तान सलाहुद्दीन ओवैसी से अपने रिश्ते याद कर अब्दुल वाले बयान और यूपी की सियासत पर बेबाक जवाब दिए.
जेल से रिहाई के बाद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने पहली बार खुलकर कई राजनीतिक और निजी मुद्दों पर अपनी बात रखी. वरिष्ठ पत्रकार अजीत अंजुम से बातचीत में आजम खान ने असदुद्दीन ओवैसी, चंद्रशेखर आजाद, अखिलेश यादव और अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर बेबाक जवाब दिए. ओवैसी के यूपी में चुनाव प्रचार और 'अब्दुल अब दरी नहीं बिछाएगा' वाले बयान पर आजम खान ने कड़ी नाराजगी जताई. उन्होंने ओवैसी को हद में रहने की नसीहत देने के साथ उनके पिता सुल्तान सलाहुद्दीन ओवैसी का भी जिक्र किया.
आजम खान ने कहा कि उनका ओवैसी के पिता से पुराना संबंध रहा है. उन्होंने सुल्तान सलाहुद्दीन ओवैसी को बेहतरीन इंसान बताते हुए कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में उनकी कुछ बातें उनके पिता को भी परेशान करती होंगी. बातचीत के दौरान आजम खान ने रामपुर में ओवैसी के प्रचार, उनके लिए की गई दुआ, चंद्रशेखर के साथ गठबंधन और जेल में बिताए दिनों पर भी खुलकर अपनी बात रखी.
क्या आजम ने ओवैसी को दिया जवाब?
अजीत अंजुम ने बातचीत की शुरुआत में आजम खान को यूपी की राजनीति का मुखर वक्ता और बुलंद आवाज बताया. इस पर आजम खान ने कहा, "ऐसी बात नहीं है. मैं तो कपड़े भी वैसे नहीं पहनता, शक्ल से भी वैसा नहीं हूं. जो लोग शक्ल और कपड़ों से पहचाने जाते हैं, हम तो उनके काबिल भी नहीं हैं."
इस पर उनसे पूछा गया कि जब भी यूपी में मुसलमानों की नुमाइंदगी या अल्पसंख्यकों की बात होती है, तब आजम खान की आवाज और उनके बयानों का असर दिखाई देता है. क्या उनकी रिहाई के बाद यूपी में एक नया राजनीतिक काउंटर नैरेटिव तैयार करने की कोशिश हो रही है?
आजम खान ने इस पर तंज भरे अंदाज में कहा, "मैं तो उनका शुक्रिया अदा करूंगा. उनसे वादा लेना चाहूंगा कि वो फिर मुझे जेल न भेजें. उनके एजेंडे के हिसाब से खुद को सही साबित करने की कोशिश करूंगा. पर कुछ तो इसके बदले मुझे भी मुआवजा मिले. अब आप प्लाया तो हाथ में दे देंगे, एक सिक्का भी न डालें, उसका लेकर मैं क्या करूंगा? कुछ रहम भी तो हो."
उन्होंने आगे कहा, "मैं तो गली में रह रहा हूं. जनरेटर तक नहीं है मेरे पास. वो ओवैसी और उनके आका कुछ करें तो मेरे लिए करें. नहीं तो कुछ जायदाद ही बनवा दें, जो हैदराबाद में होती है. मेरे लिए एक-आध महल ही बनवा दें. मैं पैसों के बाजार का सामान नहीं हूं. अदना सा आदमी हूं. कम से कम अदने से सामान की कोई कीमत तो मिले. कुछ मिल तो रहा नहीं है, खाली हाथ बिक जाऊं बाजार में, किसलिए? सिर्फ हैदराबादी के लिए."
सुल्तान सलाहुद्दीन से क्या है रिश्ता?
अजीत अंजुम ने पूछा कि आजम खान बार-बार हैदराबाद का जिक्र क्यों कर रहे हैं? इस पर उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका वास्ता हैदराबाद से नहीं, बल्कि असदुद्दीन ओवैसी के पिता सुल्तान सलाहुद्दीन ओवैसी से रहा है.
आजम खान ने कहा, "हैदराबाद तो बड़ा शहर है. हमारा तो उनके वालिद मोहतरम से वास्ता था. उसी शहर में ओवैसी रहते हैं. उनकी पार्टी के चार विधायक जीता करते थे. अब भी चार ही हैं या एक-दो ज्यादा हो गए होंगे. मैं तो उनके हौसले की दाद देता हूं. कद्र करता हूं. मैं तो समझता हूं कि वो फौलाद से बने हैं. जिनके चार विधायक हों और 400 सीटों की मांग करते हों, वो या तो फौलाद से बने हैं या शेर हैं. यह कोई मामूली बात है?"
'अब्दुल' वाले बयान पर क्यों भड़के?
असदुद्दीन ओवैसी के उस बयान पर आजम खान नाराज हो गए, जिसमें उन्होंने कहा था कि अब्दुल अब दरी नहीं बिछाएगा. इस पर आजम खान ने कहा, "अल्लाह से वादा करता हूं, मैंने ऐसा कभी नहीं किया. ऐसा किया तो मैं कुफ्र में दाखिल हो जाऊंगा. अगर मैं अब्दुल की तौहीन कर रहा हूं तो लानत है मुझ पर. अब्दुल तो अल्लाह के नामों से जुड़ा है. अब्दुल करीम, अब्दुल रहीम, अब्दुल रज्जाक. मैं ऐसा करूंगा? तौबा करें अल्लाह से. ओवैसी का नाम लिए बगैर वो अल्लाह से माफी मांगें."
उन्होंने आगे कहा, "उन्हें अगर हमारी पहचान करानी ही थी तो मुन्ना भाई करा लेते. उनसे दरी उठवा लेते. अब्दुल से, अल्लाह से, अब्दुल करीम से, अब्दुल रहीम से, अब्दुल रहमान से हम दरी बिछवाएंगे, दरी उठवाएंगे, महज चंद रोटी की तकसीम के लिए? हम किसी को खुश करने के लिए अपने दीन को इतना रुसवा करेंगे?"
जब यह पूछा गया कि ओवैसी तो यही कह रहे हैं, तब आजम खान ने स्पष्ट किया कि वह सिर्फ ओवैसी की बात नहीं कर रहे हैं. उन्होंने कहा, "वो तो बड़े आदमी हैं. मैं हर उस शख्स की बात कर रहा हूं, जो ऐसा कर रहा है. वो तो अब्दुल को सियासी हथियार बना चुका है. अल्लाह के दरबार में तौबा करें, ताजा कलमा पढ़ें."
ओवैसी के पिता को क्यों किया याद?
बातचीत के दौरान आजम खान ने सुल्तान सलाहुद्दीन ओवैसी के साथ अपने पुराने संबंधों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि रामपुर के टांडा में एक जनसभा के दौरान ओवैसी ने उन पर आरोप लगाया था कि अब्दुल अब दरी नहीं बिछाएगा. इस पर आजम खान ने कहा कि ऐसी बात करने वालों को अल्लाह से माफी मांगनी चाहिए.
उन्होंने कहा, "ओवैसी जो भी हों, मैं उनकी बात नहीं करता. उनके तो वालिद से वास्ता था. वो एक महान इंसान थे. ओवैसी की इस हरकत पर वो कब्र में भी परेशान होंगे."
हालांकि, बातचीत में अंजुम ने बाबरी एक्शन कमेटी का जिक्र किया तो आजम खान ने स्पष्ट किया कि वह सुल्तान सलाहुद्दीन ओवैसी की बात कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी का अल्पसंख्यक दर्जा बहाल कराने के लिए एएमयू एक्शन कमेटी बनाई गई थी.
आजम खान के मुताबिक, इस कमेटी में शफीकुर्रहमान, डॉ. सिद्दीकी, मुफ्ती मुकर्रम और डॉ. अब्दुल जलील फरीदी जैसे लोग शामिल थे. सुल्तान सलाहुद्दीन ओवैसी उस प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थे. आजम खान ने भी बताया कि वह उनके साथ रहा करते थे और उनसे मुलाकात होती थी.
उन्होंने कहा, "खैर, इस बात को आप मौजूं यानी बहस का मुद्दा न बनाएं. उनके बारे में हर शख्स को मालूम है. उनका मिशन क्या है?"
संभल का जिक्र कर क्या बोले?
आजम खान ने असदुद्दीन ओवैसी पर निशाना साधते हुए संभल का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि ओवैसी वहां नहीं गए, जहां से उनकी पार्टी का चेयरमैन जीता है.
आजम खान ने कहा, "वो संभल नहीं गए, जहां से उनका चेयरमैन जीता है. क्यों नहीं गए? ऐसी भी तो वहां हमारा उम्मीदवार हारा है. उनके कैंडिडेट को 1500 वोट मिले. हमारा कैंडिडेट विरोधी से 150 वोट से हार गया. हराकर उन्हें तो तसल्ली मिली होगी."
उन्होंने पुराने राजनीतिक संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि वह जफरयाब जिलानी, जावेद हबीब और दूसरे नामचीन मुस्लिम लोगों के साथ सुल्तान सलाहुद्दीन ओवैसी को चुनाव जिताने के लिए हैदराबाद जाते थे.
आजम खान ने कहा, "वो जो कहते हैं कि अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा, मैं तो कहता हूं कि वो सीएम ही नहीं, हिंदुस्तान का वजीर-ए-आजम बने. पर वो अपनी सीटें चार से पांच कर लें."
उन्होंने एक बार फिर साफ किया कि उनकी सुल्तान सलाहुद्दीन ओवैसी से कोई अदावत नहीं थी. वह उनके बेटे असदुद्दीन ओवैसी के खिलाफ निजी दुश्मनी नहीं रखते.
ओवैसी की दुआ पर क्यों उठाए सवाल?
अजीत अंजुम ने आजम खान से पूछा कि ओवैसी तो उनके शुभचिंतक हैं और उनके लिए दुआएं भी मांगते हैं. साथ ही ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने यूपी में चुनावी गठबंधन भी कर लिया है.
इस पर आजम खान ने कहा, "उनकी दुआ बहुत अच्छी है मेरे लिए, पर इस दुआ के पीछे दुआ किसके लिए कर रहे हैं? वो तो रामपुर से गुजर गए. मेरी चिंता इतनी ही है तो मेरी पत्नी घर पर बीमार थी, रास्ते में उनसे मिल ही लेते. पर वो वैसा नहीं करेंगे."
उन्होंने आगे कहा, "वो तो किसी जलसे में मेरे लिए दुआ करते हैं. ऐसा करने की जरूरत क्या थी? समय नहीं था तो टेलीफोन ही कर लेते. ऐसा क्यों करेंगे?"
आजम खान ने तंज कसते हुए कहा, "हम लोग तो बाजारू हैं. बाजारू लोगों के लिए बातें भीड़ में होती हैं. फोन करते तो किसी को पता नहीं चलता. जलसा-ए-आम में दुआ कर दी तो खबर भी इंटरनेशनल बन गई. ये तो मेरी खुशनसीबी है. वो मेरे लिए दुआ हुई या दुआ किसी और के लिए हुई? मतलब क्या?"
इसके बाद उन्होंने कहा, "मुझसे ज्यादा मत बुलवाओ, कहीं फिर जेल चला जाऊंगा. आजम खान किसी से डरता नहीं है. परदा ही खोल दीजिए."
क्या आजम अब चुप रह जाएंगे?
बातचीत के आखिर में आजम खान से उनके बयानों और जेल जाने की आशंका को लेकर सवाल किया गया. इस पर उन्होंने अपने अंदाज में जवाब दिया.
आजम खान ने कहा, "फिर जेल चला जाऊंगा तो क्या आजम जुबान पर ताला लगा लेंगे? जनाब, दिल ही नहीं रहा. अब तो चुभने की जगह भी नहीं है. आप अगर अगला नश्तर मारेंगे तो जो नश्तर पैबंद हैं दिल में, टकराकर गिर जाएगा. ऐसा इसलिए कि अब मेरे दिल में चुभन की जगह भी नहीं है."
ओवैसी के पिता सुल्तान सहालुद्दीन कौन थे?
सुल्तान सलाहुद्दीन ओवैसी हैदराबाद की राजनीति के प्रमुख नेताओं में गिने जाते थे. उन्होंने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) को राजनीतिक रूप से मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई. वे लंबे समय तक हैदराबाद की राजनीति में सक्रिय रहे और लोकसभा सांसद भी बने.
सुल्तान सलाहुद्दीन ओवैसी 1962 से 1984 तक लगातार आंध्र प्रदेश विधानसभा के सदस्य रहे. इसके बाद 1984 में पहली बार हैदराबाद लोकसभा सीट से सांसद चुने गए. उन्होंने 1989, 1991, 1996, 1998 और 1999 में भी जीत दर्ज की. इस तरह वे लगातार छह बार सांसद रहे और 2004 में बेटे असदुद्दीन ओवैसी के लिए सीट छोड़ दी.
उनके राजनीतिक सफर में मुस्लिम समुदाय से जुड़े मुद्दे और प्रतिनिधित्व प्रमुख रहे. सुल्तान सलाहुद्दीन ओवैसी के परिवार में उनके बेटे असदुद्दीन ओवैसी और अकबरुद्दीन ओवैसी शामिल हैं.
असदुद्दीन ओवैसी ने आगे चलकर पार्टी की कमान संभाली और राष्ट्रीय राजनीति में अपनी पहचान बनाई, जबकि अकबरुद्दीन ओवैसी तेलंगाना की राजनीति में सक्रिय हैं. आजम खान ने अपने इंटरव्यू में सुल्तान सलाहुद्दीन ओवैसी के साथ पुराने संबंधों का जिक्र करते हुए उन्हें बेहतरीन इंसान बताया.




