Begin typing your search...

इस शख्‍स को लड़कियों से कोई दिक्‍कत है क्‍या? हमारा बजट 'छोरा' और कांग्रेस का 'छोरी' बोलने वाले BJP नेता को नहीं कोई पछतावा

राजस्थान के बीजेपी नेता ने बजट की तुलना लड़का-लड़की से कर डाली. उनके मुताबिक बीजेपी का बजट छोरा होने जैसा था और कांग्रेस का बजट छोरी होने जैसा था.

इस शख्‍स को लड़कियों से कोई दिक्‍कत है क्‍या? हमारा बजट छोरा और कांग्रेस का छोरी बोलने वाले BJP नेता को नहीं कोई पछतावा
X
( Image Source:  X-@Bahadurwair )
समी सिद्दीकी
Edited By: समी सिद्दीकी

Published on: 18 Feb 2026 2:18 PM

Rajasthan News: राजस्थान विधानसभा में राज्य बजट पर चर्चा के दौरान बीजेपी विधायक बहादुर सिंह कोली ने के एक बयान ने राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया. बहस के दौरान विधायक ने मौजूदा बीजेपी सरकार के बजट की तुलना 'लड़के के जन्म' से और पिछली कांग्रेस सरकार के बजट की तुलना 'लड़की के जन्म' से की.

इस टिप्पणी के बाद विपक्ष ने कड़ी आपत्ति जताई है. इसके साथ ही सोशल मीडिया पर उनकी काफी फज़ीहत हो रही है. यूजर्स उनके इस बयान को संकीर्ण सोच की एक मिसाल बता रहे हैं.

क्या है पूरा मामला?

सोमवार शाम बजट पर चर्चा में हिस्सा लेते हुए वेयर से बीजेपी विधायक बहादुर सिंह कोली ने कहा,हमारा बजट युवा बजट है, उनका बजट बुजुर्गों वाला बजट था. हमारी सरकार ने पहले ही बजट में लड़का पैदा किया, फिर दूसरे और तीसरे बजट में भी लड़का ही हुआ. जो युवा अवस्था में लड़का पैदा करता है, वही हमेशा काम का होता है."

कांग्रेस पर क्या बोले बहादुर सिंह कोली ?

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा,"जब अशोक गहलोत मुख्यमंत्री थे, तो उन्होंने अपने आखिरी बजट में कई घोषणाएं कीं, लेकिन वहां लड़का नहीं, लड़की पैदा हुई. इसी वजह से आप आज विपक्ष में बैठे हैं."

कांग्रेस ने क्या कहा?

कोली के इस बयान पर मंगलवार को कांग्रेस विधायकों ने विरोध जताया. नेता प्रतिपक्ष टीका राम जूली ने इसे भेदभावपूर्ण और अनुचित करार दिया. जूली ने कहा,"16 फरवरी को आपके विधायक बजट पर बोलते हुए बेटे और बेटी में भेदभाव करने वाली बातें कर रहे थे. आपके विधायक हंस रहे थे. मुझे शर्म आती है कि आज भी ऐसी सोच मौजूद है. मेरी भी दो बेटियां हैं, जिनमें से एक की हाल ही में शादी की है. आज के समय में भी बीजेपी विधायक बेटियों के बारे में ऐसी सोच रखते हैं."

उन्होंने सत्तारूढ़ दल से इस मुद्दे पर अपना रुख साफ करने की मांग की और कहा कि गंभीर बजट चर्चा के दौरान इस तरह लड़का-लड़की में भदभाव की कोई जगह नहीं होनी चाहिए.

अपना बचाव में क्या बोले कोली?

बाद में अपने बयान का बचाव करते हुए बहादुर सिंह कोली ने पत्रकारों से कहा,"इसमें गलत क्या है? यह हमारी ब्रजभाषा है.” जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें अपना बयान अनुचित लगता है, तो उन्होंने जवाब दिया, "कौन सा बयान गलत था? मैंने कहा कि अच्छा बजट पेश हुआ है, मतलब 'छोरा' पैदा हुआ है." उन्होंने आगे कहा, “उन्होंने चुनाव से पहले जनता को बहकाने के लिए लोकलुभावन बजट पेश किया था, जो लड़की के जन्म जैसा था."

RAJASTHAN NEWS
अगला लेख