Begin typing your search...

लव-जिहाद पर तीखे बयान, कई बड़े राजनीतिक लोगों के गुरु, लाखों अनुयायियों वाले कौन हैं कथावाचक उत्तम स्वामी, जिन पर लगा रेप का आरोप

लव-जिहाद पर तीखी राय रखने और बड़े राजनीतिक चेहरों के आध्यात्मिक मार्गदर्शक के तौर पर पहचाने जाने वाले उत्तम स्वामी पर दुष्कर्म का आरोप लगने के बाद हलचल मच गई है.

uttam swami
X
( Image Source:  instagram-@uttamswamiji )
हेमा पंत
Edited By: हेमा पंत

Updated on: 13 Feb 2026 1:32 PM IST

लव-जिहाद जैसे मुद्दों पर अपने कड़े और बेबाक बयानों की वजह से सुर्खियों में रहने वाले कथावाचक उत्तम स्वामी एक बार फिर चर्चा के केंद्र में हैं. देशभर में भागवत कथा करने वाले इस धर्मगुरु को लाखों श्रद्धालु अपना आध्यात्मिक मार्गदर्शक मानते हैं. संत परंपरा से जुड़े होने के साथ-साथ वे कई प्रभावशाली राजनीतिक हस्तियों के करीबी माने जाते रहे हैं, जिस कारण उनका नाम धार्मिक ही नहीं, सियासी हलकों में भी अक्सर लिया जाता है.

अब उन्हीं स्वामी पर राजस्थान की एक महिला द्वारा दुष्कर्म का आरोप लगाए जाने के बाद हलचल तेज हो गई है. दरअसल 12 फरवरी को एक युवती ने दिल्ली पुलिस के आयुक्त को ईमेल भेजकर स्वामी पर दुष्कर्म का आरोप लगाने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग करने की जानकारी सामने आई है.

कौन हैं उत्तम स्वामी?

उत्तम स्वामी एक ऐसे संत के रूप में जाने जाते हैं जो अलग-अलग जगहों पर जाकर श्रीमद्भागवत कथा सुनाते हैं. वह श्री पंच अग्नि अखाड़े का महामंडलेश्वर है. इसलिए धार्मिक जगत में उनकी एक खास पहचान है. उनके मानने वालों की संख्या काफी बड़ी बताई जाती है और बहुत से लोग उन्हें ईश्वरानंद जी महाराज कहकर बुलाते हैं. वे सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी अपने प्रवचन कर चुके हैं.

संन्यास लेकर बने कथावाचक

उत्तम स्वामी मूल रूप से महाराष्ट्र के अमरावती जिले के लोहागांव इलाके के रहने वाले हैं. बाद में उन्होंने धार्मिक रास्ता अपनाया और सांसारिक जीवन से दूरी बनाकर संन्यास ले लिया. संन्यास लेने के बाद उन्होंने कथा-प्रवचन को ही अपना प्रमुख काम बना लिया. अलग-अलग शहरों में कार्यक्रम करते हुए उन्होंने धीरे-धीरे अपनी पहचान बनाई और बड़ी संख्या में लोगों को अपने साथ जोड़ा. इसी तरह उनके अनुयायियों का दायरा लगातार बढ़ता गया.

राजनीतिक लोगों से कनेक्शन

उत्तम स्वामी का असर सिर्फ धार्मिक मंचों तक सीमित नहीं बताया जाता, बल्कि उनकी पहुंच राजनीति तक भी मानी जाती है. अक्सर चर्चा होती रही है कि कई राज्यों के बड़े नेता उन्हें अपना गुरु या आध्यात्मिक सलाह देने वाला मानते हैं. लेकिन हाल में सामने आए विवाद के बाद अब तक प्रमुख राजनीतिक हस्तियों की तरफ से खुलकर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. इस चुप्पी को लेकर भी तरह-तरह की बातें की जा रही हैं.

विवादों से गहरा नाता

उत्तम स्वामी अक्सर अपने सख्त और सीधे बयानों की वजह से खबरों में बने रहते हैं. खास तौर पर “लव जिहाद” जैसे मुद्दों पर वे बहुत कड़ी कार्रवाई की बात करते रहे हैं, यहां तक कि कई बार उन्होंने मौत की सजा की मांग भी की है. उनके ऐसे बयान सोशल मीडिया पर तेजी से फैलते हैं और लोगों के बीच बहस शुरू हो जाती है.

अब ताजा मामले के सामने आने के बाद सबकी नजर इस बात पर है कि जांच आगे कैसे बढ़ती है. साथ ही यह भी देखा जाएगा कि इन घटनाओं का उनकी छवि, उनके अनुयायियों और समाज में उनके असर पर आगे क्या प्रभाव पड़ता है.

RAJASTHAN NEWS
अगला लेख