पंजाब में क्या है बीजेपी का प्लान, क्यों बनाई चार्जशीट कमेटी, AAP से आए किस-किस सांसद में मिली जगह?
राघव चड्ढा को पंजाब BJP की 2027 विधानसभा चुनाव की मैनिफेस्टो कमेटी में बड़ी जिम्मेदारी दी गई है. उनके साथ AAP छोड़कर BJP में शामिल हुए अन्य नेताओं को भी अलग-अलग कमेटियों में जगह मिली है.
Punjab Election 2027 BJP
पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अभी से अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. पार्टी ने चुनावी रणनीति बनाने और आम आदमी पार्टी की सरकार को घेरने के लिए दो अहम कमेटियों का गठन किया है. इन दोनों कमेटियों में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी में आए कई बड़े नेताओं को जगह दी गई है. सबसे ज्यादा चर्चा राघव चड्ढा की नियुक्ति को लेकर हो रही है, जिन्हें बीजेपी की मैनिफेस्टो कमेटी में शामिल किया गया है.
खास बात यह है कि अप्रैल 2026 में आम आदमी पार्टी के कई राज्यसभा सांसदों के साथ बीजेपी में शामिल हुए राघव चड्ढा अब पंजाब में पार्टी की चुनावी रणनीति तैयार करने में अहम भूमिका निभाएंगे. उनके अलावा AAP छोड़कर बीजेपी में आए पांच अन्य नेताओं को भी अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर बीजेपी ने इन नेताओं को कौन सी जिम्मेदारी सौंपी है और 2027 के चुनाव में पार्टी की क्या रणनीति रहने वाली है?
पहली कमेटी में कौन-कौन?
पंजाब बीजेपी के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने राज्य स्तर पर दो महत्वपूर्ण कमेटियों का गठन किया है. इनमें पहली कमेटी चुनावी घोषणा पत्र यानी मैनिफेस्टो तैयार करेगी, जबकि दूसरी कमेटी पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ आरोपों और मुद्दों को लेकर चार्जशीट तैयार करेगी. बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना को मैनिफेस्टो कमेटी का चेयरमैन बनाया गया है. इस कमेटी में राघव चड्ढा के अलावा मनप्रीत सिंह बादल, अश्वनी शर्मा, मनोरंजन कालिया, सोम प्रकाश, राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, अश्वनी सेखरी, सतनाम सिंह संधू, राजिंदर गुप्ता, हरभजन सिंह, परमपाल कौर और एचएस फुल्का को शामिल किया गया है.
दूसरी कमेटी में कौन-कौन?
बीजेपी ने दूसरी कमेटी के गठन में भी कई बड़े नेताओं को जगह दी है. पूर्व सांसद और पंजाब बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ को चार्जशीट कमेटी का चेयरमैन बनाया गया है. इस कमेटी में इकबाल सिंह लालपुरा, विजय सांपला, श्वेत मलिक, परनीत कौर, रवनीत सिंह बिट्टू, दिनेश बब्बू, सुशील रिंकू, गेज्जा राम, विक्रमजीत सिंह साहनी, अशोक मित्तल, संदीप पाठक, एसएस चन्नी और जगमीत सिंह बराड़ को सदस्य बनाया गया है. इस कमेटी का मुख्य काम पंजाब की भगवंत मान सरकार के कामकाज और नीतियों को लेकर बीजेपी का पक्ष तैयार करना और सरकार के खिलाफ राजनीतिक मुद्दों को सामने लाना होगा.
AAP छोड़कर BJP में आए किन नेताओं को मिली जिम्मेदारी?
दोनों कमेटियों में आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए नेताओं को भी महत्वपूर्ण स्थान मिला है. मैनिफेस्टो कमेटी में राघव चड्ढा, उद्योगपति राजिंदर गुप्ता और पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह को शामिल किया गया है. वहीं, चार्जशीट कमेटी में AAP के पूर्व रणनीतिकार संदीप पाठक के साथ अशोक मित्तल और विक्रमजीत सिंह साहनी को जिम्मेदारी दी गई है.
कांग्रेस छोड़कर BJP में आए किन नेताओं को मिली जिम्मेदारी?
बीजेपी की इन दोनों कमेटियों में केवल आम आदमी पार्टी से आए नेताओं को ही जगह नहीं मिली है, बल्कि कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए कई दिग्गज नेताओं को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है. इनमें सुनील जाखड़, मनप्रीत सिंह बादल, रवनीत सिंह बिट्टू, परनीत कौर और राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी जैसे नाम शामिल हैं. इसके अलावा चार्जशीट कमेटी में शामिल सुशील रिंकू भी पहले आम आदमी पार्टी में थे. वह जालंधर से AAP के लोकसभा सांसद रह चुके हैं. मार्च 2024 में उन्होंने बीजेपी का दामन थाम लिया था. इससे पहले वह कांग्रेस में भी रह चुके हैं.




