Begin typing your search...

Exclusive: पंजाब में चन्नी की साइकिल बनाम मान की सियासी रणनीति, एक्सपर्ट से समझिए कांग्रेस को घेरने के लिए AAP के 5 बड़े दांव क्या?

पंजाब में चन्नी की साइकिल यात्रा के बीच भगवंत मान की AAP ने पांच मोर्चों पर रणनीति बनाई है. जानिए कांग्रेस को घेरने के लिए पार्टी के सियासी दांव.

Exclusive: पंजाब में चन्नी की साइकिल बनाम मान की सियासी रणनीति, एक्सपर्ट से समझिए कांग्रेस को घेरने के लिए AAP के 5 बड़े दांव क्या?
X

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच सियासी मुकाबला तेज हो गया है. कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने ‘जवानी संभाल साइकिल यात्रा’ शुरू करके भगवंत मान सरकार को घेरने की कोशिश की है. दूसरी तरफ AAP अपनी योजनाओं और मुख्यमंत्री के सीधे जनसंपर्क के सहारे चुनावी जमीन मजबूत करने में जुटी है. स्टेट मिरर से बातचीत में वरिष्ठ पत्रकार वंदना शर्मा के बताया कि चन्नी की यात्रा को कांग्रेस के भीतर से ही पूरा समर्थन नहीं मिल रहा है. वहीं AAP ने जनता के बीच अपनी पकड़ बनाए रखने के लिए पांच मोर्चों पर काम तेज किया है.

1. क्या कांग्रेस के नेता ही चन्नी की राह में बन रहे हैं चुनौती?

वरिष्ठ पत्रकार वंदना शर्मा का कहना है कि चन्नी ने चमकौर साहिब से साइकिल यात्रा शुरू करके कांग्रेस को एकजुट दिखाने और जनता से संपर्क बढ़ाने की कोशिश की है. लेकिन इस अभियान को पार्टी के सभी नेताओं का साथ नहीं मिल रहा. अब तक यात्रा जिन इलाकों से गुजरी है, वहां कांग्रेस के भीतर की खींचतान भी सामने आई है. लुधियाना में पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की ओर से अलग यात्रा निकालने की बात कहना इस दूरी को दिखाता है.

चन्नी की कोशिश है कि युवाओं के बीच पहुंचकर बेरोजगारी, नशे और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा जाए. लेकिन वंदना शर्मा के मुताबिक कांग्रेस के नेता ही अगर उनके अभियान से दूरी बनाए रखेंगे तो इसका बड़ा राजनीतिक लाभ मिलना मुश्किल है. यात्रा का उद्देश्य पार्टी में एकजुटता दिखाना है, लेकिन अंदरूनी मतभेद उस संदेश को कमजोर कर सकते हैं.

2. क्या सरकारी योजनाओं के दम पर घर-घर पहुंच रही AAP?

वंदना शर्मा के मुताबिक, AAP की रणनीति लोगों को यह याद दिलाने की है कि मान सरकार के कार्यकाल में उन्हें किन योजनाओं का लाभ मिला है. पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से बातचीत कर रहे हैं और सरकारी सुविधाओं की जानकारी दे रहे हैं. लोगों के सामने यह संदेश रखा जा रहा है कि सरकार बदलने पर मौजूदा योजनाओं का लाभ बंद हो सकता है.

हालांकि, AAP का घर-घर संपर्क अभियान चन्नी की साइकिल यात्रा से पहले ही शुरू हो गया था. 19 सितंबर को भगवंत मान ने लुधियाना में चुनावी पर्चा जारी किया था. इसके बाद 20 सितंबर से धूरी में ‘मान दा मुनाफा’ यानी मान सरकार की योजनाओं से मिलने वाले फायदे का अभियान शुरू हुआ. पार्टी ने 25,332 बूथों पर 2,68,553 कार्यकर्ताओं की टीमें लगाने का दावा किया था.

इस अभियान के जरिए AAP अपनी सरकार के कामकाज का हिसाब जनता तक पहुंचाना चाहती है. पार्टी का जोर इस बात पर है कि लोग सरकारी योजनाओं को केवल चुनावी वादे के तौर पर नहीं, बल्कि अपने परिवार को मिलने वाली राहत के रूप में देखें.

3. क्या बड़े बिजली बिल वालों को राहत देकर AAP ने चला नया दांव?

वंदना शर्मा के मुताबिक, मान सरकार ने उन बिजली उपभोक्ताओं को भी राहत देने की कोशिश की है, जिनके बिल 300 यूनिट से ज्यादा खपत या पुराने बकाये के कारण हजारों रुपये तक पहुंच गए थे. कई उपभोक्ताओं के 15 से 25 हजार रुपये तक के बिल आने की बात सामने आई थी. ऐसे लोगों के लिए सरकार ने बकाया बिल मुक्ति योजना शुरू की है.

इस कदम से AAP उन परिवारों तक पहुंचना चाहती है, जिन्हें मुफ्त बिजली की सुविधा के बावजूद अधिक खपत या बकाया बिल की वजह से आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ा. पार्टी इसे राहत के तौर पर पेश कर रही है. चुनाव से पहले सरकार की कोशिश है कि बिजली का मुद्दा केवल मुफ्त यूनिट तक सीमित न रहे, बल्कि बकाया बिल से परेशान लोगों को भी अपने पक्ष में जोड़ा जाए.

4. क्या दिल्ली लॉबी की जगह मान खुद बन रहे हैं पार्टी का चेहरा?

वंदना शर्मा का कहना है कि पंजाब में जब यह चर्चा तेज हुई कि दिल्ली के नेता यहां की सरकार और संगठन पर प्रभाव रखते हैं, तब AAP के सामने स्थानीय नेतृत्व को आगे दिखाने की जरूरत बढ़ी. ‘पंजाब पर दिल्ली के लोग राज कर रहे हैं’ जैसी धारणा पार्टी के लिए राजनीतिक चुनौती बन सकती थी.

उनके अनुसार अब पंजाब में दिल्ली से आने वाले नेताओं की सक्रियता पहले के मुकाबले कम दिखाई दे रही है. अरविंद केजरीवाल भी पंजाब की राजनीति में पहले की तरह सक्रिय नजर नहीं आ रहे हैं. इसके उलट मुख्यमंत्री भगवंत मान पार्टी के प्रचार और सरकारी कार्यक्रमों में प्रमुख चेहरा बनकर सामने आ रहे हैं. इससे AAP यह संदेश देना चाहती है कि पंजाब से जुड़े फैसलों में स्थानीय नेतृत्व की भूमिका अहम है.

5. क्या लोगों से सीधा जुड़ाव मान के लिए बनेगा चुनावी ताकत?

वंदना शर्मा के मुताबिक, AAP के प्रचार अभियान में लोगों से सीधे संवाद पर खास जोर दिया जा रहा है. पार्टी के कार्यक्रमों में ऐसे लोगों को भी शामिल किया जा रहा है, जो सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने की बात रखते हैं. मुख्यमंत्री भगवंत मान अपने परिचितों और समर्थकों के बीच जाकर उनसे बातचीत करते हैं. इस दौरान वह लोगों के साथ सहज तरीके से मिलते-जुलते हैं.

सरकार के पक्ष में सकारात्मक माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है. वंदना शर्मा का मानना है कि मान का लोगों के बीच पहुंचना और उनसे सीधे बात करना AAP के लिए उपयोगी साबित हो सकता है. इससे पार्टी योजनाओं के आंकड़ों के साथ-साथ लोगों के अनुभवों को भी अपने प्रचार का हिस्सा बना रही है.

चन्नी की साइकिल यात्रा कांग्रेस को सरकार के खिलाफ मुद्दे उठाने का मौका दे रही है, लेकिन पार्टी के भीतर समर्थन की कमी उसके अभियान को कमजोर कर सकती है. दूसरी तरफ AAP सरकारी योजनाओं, बिजली बिल में राहत और भगवंत मान के सीधे जनसंपर्क के जरिए अपनी स्थिति मजबूत करने में जुटी है. वंदना शर्मा के आकलन के मुताबिक, फिलहाल चन्नी की यात्रा से कांग्रेस को बड़ा राजनीतिक फायदा मिलने की संभावना कम है. हालांकि, 2027 के चुनाव में असली फैसला जनता के अनुभव और दोनों दलों के कामकाज पर भरोसे से होगा.

स्टेट मिरर स्पेशलविधानसभा चुनाव 2027कांग्रेस
अगला लेख