Begin typing your search...

किसका कटा टिकट, किन नए चेहरों को मिला मौका, 2 सांसद कौन जिनको पंजाब विधानसभा चुनाव में उतारा; कैसी है AAP उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट

आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए अब तक 2 बार में 71 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए. इस बार कई विधायकों के नाम काटे गए हैं और कई नए चेहरों को टिकट मिला है.

Punjab Assembly Election
X

Punjab Assembly Election

( Image Source:  ChatGPT )

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं. पार्टी ने गुरुवार को 31 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी. इससे पहले 31 अक्टूबर को 40 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की गई थी. इस तरह AAP अब तक 117 विधानसभा सीटों में से 71 पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है. दूसरी सूची में पार्टी ने कई बड़े बदलाव करते हुए कुछ मौजूदा विधायकों का टिकट काट दिया है, जबकि नए चेहरों और दूसरी पार्टियों से आए नेताओं को चुनावी मैदान में उतारा है.

AAP की इस सूची को पंजाब में सत्ता विरोधी माहौल का मुकाबला करने और अपनी राजनीतिक पकड़ बनाए रखने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है. पार्टी ने आठ मौजूदा विधायकों को दोबारा मौका नहीं दिया है. वहीं अपने दो लोकसभा सांसदों को विधानसभा चुनाव में उतारकर राज्य में संगठन को मजबूती देने की कोशिश की है. इसके अलावा कांग्रेस और अकाली दल के प्रभाव वाले क्षेत्रों में हाल ही में पार्टी में शामिल हुए नेताओं पर भी भरोसा जताया गया है.

किसका काटा टिकट, किसको मिला मौका?

1. चमकौर साहिब- AAP ने यहां मौजूदा विधायक डॉ. चरणजीत सिंह का टिकट काट दिया है. उन्होंने 2022 के विधानसभा चुनाव में तत्कालीन मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को हराकर बड़ी जीत दर्ज की थी. अब पार्टी ने इस सीट से जसवीर सिंह गढ़ी को उम्मीदवार बनाया है.

2. लांबी- इस सीट पर कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां को दोबारा टिकट नहीं मिला है. उन्होंने 2022 में पंजाब के पांच बार मुख्यमंत्री रह चुके प्रकाश सिंह बादल को हराया था. पार्टी ने उनकी जगह रणधीर सिंह खुड्डियां को चुनावी मैदान में उतारा है.

3. खरड़- पूर्व कैबिनेट मंत्री और गायिका से नेता बनीं अनमोल गगन मान का टिकट काट दिया गया है. उनकी जगह परमिंदर सिंह गोल्डी को उम्मीदवार बनाया गया है.

4. पट्टी- पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर की जगह जस्सा पट्टी को टिकट दिया गया है. भुल्लर को आपराधिक जांच और गिरफ्तारी से जुड़े विवादों के बाद कैबिनेट पद और 2027 की चुनावी दौड़ से इस्तीफा देना पड़ा था.

5. बठिंडा ग्रामीण- मौजूदा विधायक अमित रतन कोटफट्टा को पार्टी ने इस बार मौका नहीं दिया है. उन्होंने 2022 में 35,400 से अधिक वोटों और करीब 53.70 प्रतिशत वोट हिस्सेदारी के साथ जीत दर्ज की थी. हालांकि, हाई-प्रोफाइल रिश्वतखोरी मामले में विजिलेंस ब्यूरो की ओर से गिरफ्तारी के बाद उनकी जगह पूर्व PCS अधिकारी गोपाल सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है.

6. शुतराणा- इस आरक्षित सीट पर कुलवंत सिंह बाजीगर की जगह बीबी लूंबा को टिकट दिया गया है.

7. अमृतसर उत्तर- 2022 में जीत हासिल करने वाले कुंवर विजय प्रताप सिंह के बीजेपी में शामिल होने के बाद AAP ने पूर्व मेयर करमजीत सिंह रिंटू को अपना उम्मीदवार बनाया है.

8. जालंधर सेंट्रल- इस सीट पर मौजूदा विधायक रमन अरोड़ा की जगह नितिन कोहली को टिकट दिया गया है. पार्टी का मकसद कांग्रेस और बीजेपी की चुनौती के बीच इस शहरी सीट पर अपनी पकड़ बनाए रखना है.

किन 2 मौजूदा लोकसभा सांसदों को चुनाव में उतारा?

1. बरनाला- संगरूर से लोकसभा सांसद और संसद के निचले सदन में AAP के फ्लोर लीडर गुरमीत सिंह मीत हेयर को बरनाला से उम्मीदवार बनाया गया है. यह उनका पुराना चुनावी क्षेत्र रहा है. वह 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में इसी सीट से जीत हासिल कर चुके हैं. अब पार्टी ने एक बार फिर उन्हें उनके गृह क्षेत्र से मैदान में उतारा है.

2. फगवाड़ा- होशियारपुर के लोकसभा सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल को फगवाड़ा से टिकट दिया गया है. इस फैसले के साथ चब्बेवाल परिवार को पार्टी की ओर से दूसरा विधानसभा टिकट मिला है. इससे पहले उनके बेटे और चब्बेवाल से विधायक इशांक कुमार चब्बेवाल का नाम पहली सूची में शामिल किया जा चुका है.

विधानसभा चुनाव 2027
अगला लेख