अकाल तख्त बोलता है तो हिल जाती है पंजाब की सियासत, भगवंत मान विवाद के बहाने समझें इसकी ताकत और बड़े फैसलों की पूरी कहानी
भगवंत मान को पंथ विरोधी घोषित करने के बाद अकाल तख्त चर्चा में है. जानिए तख्त का इतिहास, बेअदबी पर रुख और पंजाब की राजनीति पर उसके बड़े फैसलों का असर.
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को अकाल तख्त द्वारा "गुरु-दोखी" और "खालसा पंथ विरोधी" घोषित किए जाने के बाद एक बार फिर यह सवाल चर्चा में है कि आखिर अकाल तख्त की ताकत कितनी है और उसके फैसलों का समाज व राजनीति पर कितना असर पड़ता है. सिख पंथ की सर्वोच्च संस्था माने जाने वाले अकाल तख्त ने पिछले चार दशकों में कई ऐसे फैसले दिए हैं, जिन्होंने न केवल धार्मिक विमर्श बल्कि पंजाब की राजनीति को भी प्रभावित किया.
जरनैल सिंह भिंडरांवाले के दौर से लेकर राम रहीम, सिमरनजीत सिंह मान, बादल परिवार और अब भगवंत मान तक, अकाल तख्त के आदेश और फरमान कई बार सियासी बहस के केंद्र बने हैं. ऐसे में समझना जरूरी है कि अकाल तख्त क्या है, बेअदबी को लेकर उसका रुख इतना सख्त क्यों है और उसके फैसलों का वास्तविक प्रभाव कितना होता है.
अकाल तख्त क्या और क्यों माना जाता है शक्तिशाली?
Akal Takht सिख पंथ की सर्वोच्च सांसारिक (Temporal) संस्था मानी जाती है. इसकी स्थापना छठे गुरु Guru Hargobind ने 1606 में अमृतसर में की थी. यह सिखों के पांच तख्तों में सबसे प्रमुख है और धार्मिक-सामाजिक मामलों में इसके फैसलों को विशेष महत्व दिया जाता है.
अकाल तख्त के जत्थेदार और पांचों तख्तों के प्रमुख धार्मिक मुद्दों पर सामूहिक निर्णय लेते हैं. किसी व्यक्ति को "तनखैया", "गुरु-द्रोही", "पंथ-विरोधी" घोषित करना या सार्वजनिक माफी का आदेश देना इसकी सबसे बड़ी धार्मिक कार्रवाइयों में माना जाता है.
अकाल तख्त के फैसलों का समाज में कितना असर?
1. अमृतधारी और पारंपरिक सिख समुदाय में अकाल तख्त के आदेशों का बड़ा प्रभाव होता है. कई लोग ऐसे व्यक्तियों से दूरी बनाते हैं, जिन्हें पंथ-विरोधी या तनखैया घोषित किया जाता है.
2. पंजाब की राजनीति में अकाल तख्त के फैसले चुनावी माहौल, धार्मिक छवि और जनमत को प्रभावित कर सकते हैं.
3. अकाल तख्त के फैसले भारतीय कानून के तहत कानूनी सजा नहीं होते, लेकिन सामाजिक और धार्मिक दबाव पैदा कर सकते हैं.
4. आधुनिक दौर में कई नेता और संगठन अकाल तख्त के आदेशों को चुनौती भी देते रहे हैं. इसलिए इसका प्रभाव व्यक्ति, क्षेत्र और राजनीतिक परिस्थिति के अनुसार बदलता है.
किन-किन मसलों पर अकाल तख्त के फैसले सुर्खियों में रहे?
- 1978-1984 : जरनैल सिंह भिंडरवाले का दौर, जब अकाल तख्त सिख राजनीति और पंजाब आंदोलन का प्रमुख केंद्र बना. बाद में 1984 के Operation Blue Star के दौरान परिसर को भारी नुकसान हुआ.
- अकाल तख्त परिसर में सरबत खालसा के दौरान 1986 खालिस्तान प्रस्ताव से जुड़े मिशन की घोषणा तख्त ने की थी, जिसे पंजाब की राजनीति का बड़ा मोड़ माना गया.
- अकाल तख्त ने 1998 में Amitabh Bachchan प्रकरण में, कुछ सिख संगठनों की शिकायतों के बाद अमिताभ बच्चन के खिलाफ धार्मिक नाराजगी जताई गई. हालांकि बाद में मामला ठंडा पड़ गया. इस मामले में कहा गया था कि 1984 दिल्ली सिख दंगों में अभिताभ बच्चन ने अहम भूमिका निभाई थी.
- सिमरनजीत सिंह मान के खिलाफ अकाल तख्त ने 2006 में बड़ा फैसला सुनाया था. अकाल तख्त के तत्कालीन जत्थेदार ने Shiromani Akali Dal (Amritsar) के अध्यक्ष Simranjit Singh Mann को धार्मिक समारोहों में शामिल होने से रोकने (बार करने) का हुक्मनामा जारी किया था. उन पर अकाल तख्त की 400वीं वर्षगांठ के कार्यक्रम के दौरान श्री गुरु ग्रंथ साहिब की मौजूदगी में हंगामा, नारेबाजी और अनुशासनहीनता को दोषी माना था. उसके बाद 2006 में अकाल तख्त ने अनुशासनहीनता और धार्मिक मर्यादा भंग करने के आरोप में सिमरनजीत सिंह मान को धार्मिक समारोहों में शामिल होने से प्रतिबंधित कर दिया था." इसके बाद कई मौकों पर मान ने खुद को अकाल तख्त के निर्देशों का पालन करने वाला नेता बताया है.
- साल 2007 में डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम सिंह के खिलाफ तख्त ने फरमान सुनाया था. गुरमीत राम रहीम द्वारा गुरु गोबिंद सिंह जैसी वेशभूषा धारण करने पर अकाल तख्त ने कड़ा विरोध किया था. तख्स के इस फैसले के बाद पंजाब में बड़े प्रदर्शन हुए.
- साल 2015 में अकाल तख्त ने पहले राम रहीम को राहत दी, लेकिन भारी विरोध के बाद फैसला वापस लेना पड़ा. यह अकाल तख्त के इतिहास के सबसे विवादास्पद घटनाक्रमों में से एक माना जाता है.
- साल 2015 में ही प्रकाश सिंह बादल और सुखबीर सिंह बादल पर बेअदबी मामलों और प्रशासनिक फैसलों को लेकर अकाल तख्त ने सवाल उठाए थे. साथ ही सरकार पर दबाव बनाया था. इस मामले में बाद के वर्षों में अकाली नेतृत्व को कई बार स्पष्टीकरण देने पड़े.
- साल 2020 में गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूपों के गायब होने के विवाद में अकाल तख्त ने SGPC अधिकारियों को सार्वजनिक रूप से जवाबदेह ठहराया.
- 15 जनवरी 2026 को भगवंत मान को बेअदबी मामले में तलब किया था. सीएम पर आरोप था कि उनके कुछ बयानों और कथित वीडियो से सिख समाज की भावनाएं आहत हुई हैं.
जब तख्त के आदेश पर बतौर सजा नेताओं ने दी अपनी सेवा
अकाल तख्त के आदेश पर कई बड़े सियासी नेताओं और प्रभावशाली व्यक्तियों ने श्री हरिमंदिर साहिब (गोल्डन टेंपल) में धार्मिक सेवा (तनखाह) की है. सबसे चर्चित मामलों में अकाली दल के प्रमुख और पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल और सुखबीर सिंह बादल शामिल हैं.
दिसंबर 2024 में अकाल तख्त द्वारा घोषित धार्मिक दंड के तहत सुखबीर बादल ने व्हीलचेयर पर बैठकर सेवा की, बर्तन साफ किए और श्रद्धालुओं की सेवा की. प्रकाश सिंह बादल को सजा नहीं दी गई थी, बल्कि उन्हें तनखैया घोषित किया गया था. सुखबीर बादल को श्रद्धालुओं के जूते साफ करने और हाथ जोड़कर माफी मांगने का आदेश दिया गया.
इससे पहले पूर्व राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह को साल 1984 में सिख दंगों में उनकी भूमिका पर सवाल खड़े हुए थे. सिखों पर हो रहे अत्याचारों पर उन्हें मूकदर्शक कहा गया था. बाद में ज्ञानी जैल सिंह को लिखित माफी मांगने पर माफ कर दिया गया था.
गुरुचरण सिंह टोहरा और सुरजीत सिंह बरनाला तथा अकाली राजनीति से जुड़े अन्य नेताओं को भी विभिन्न विवादों और पंथ-विरोधी माने गए फैसलों के लिए अकाल तख्त के समक्ष पेश होकर क्षमा मांगनी पड़ी.
अकाल तख्त के आदेश को सिख पंथ में सर्वोच्च धार्मिक अनुशासन माना जाता है, इसलिए बड़े से बड़ा नेता भी इसके निर्देशों का पालन करने को बाध्य समझता है.
शेर ए पंजाब को भी तख्त के आदेश पर मिली थी सजा
इतना ही नहीं इतिहास पलटकर देखें तो महाराजा रणजीत सिंह जिन्हें शेर-ए-पंजाब कहा जाता है. वह धार्मिक प्रवृत्ति के थे. एक बार उन्हें मोरा नाम की एक मुसलमान महिला मिली. उसने इच्छा जताई कि महाराजा किसी दिन उसके घर पधारें. वे उसके घर चले गए, लेकिन इस वजह से उन्हें तनखैया करार दिया गया था.
बतौर सजा, उस वक्त श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार अकाली फूला सिंह ने महाराजा की पीठ पर कोड़े मारे. इसके साथ ही हर्जाना भी दिया गया, जिसके बाद महाराजा को माफी दी गई.
बेअदबी पर Zero Tolerance
बेअदबी का मतलब है किसी धर्म, धार्मिक ग्रंथ, धार्मिक स्थल या पवित्र प्रतीक का अपमान करना. सिख धर्म में यह बेहद गंभीर मामला माना जाता है. श्री गुरु ग्रंथ साहिब, गुरुद्वारों, निशान साहिब या अन्य धार्मिक प्रतीकों के प्रति अनादर को सिख समाज अपनी आस्था पर सीधा आघात मानता है.
सिख परंपरा में दसवें गुरु, गुरु गोबिंद सिंह जी के बाद श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को ही जीवित और अंतिम गुरु का दर्जा दिया गया है. इसलिए गुरु ग्रंथ साहिब के किसी भी स्वरूप को नुकसान पहुंचाना, उसका अपमान करना या उसके प्रति असम्मानजनक व्यवहार करना सिख समुदाय की भावनाओं को गहराई से आहत करता है. यही वजह है कि बेअदबी को सिख धर्म में अक्षम्य अपराध माना जाता है और इस पर "Zero Tolerance" की नीति अपनाई जाती है.
कानून क्या कहता है?
धार्मिक ग्रंथों और आस्था से जुड़ी वस्तुओं के अपमान को रोकने के लिए सख्त कानूनी प्रावधान किए गए हैं.
धार्मिक ग्रंथ को नुकसान पहुंचाने, फाड़ने, जलाने या उसका अपमान करने पर 7 से 20 साल तक की सजा का प्रावधान किया गया है.
अगर बेअदबी की घटना सांप्रदायिक तनाव या शांति भंग करने की साजिश के तहत की गई हो तो 10 साल से लेकर उम्रकैद तक की सजा हो सकती है.
अपराध के लिए उकसाने वाले या साजिश में शामिल लोगों को भी मुख्य आरोपी के बराबर सजा मिल सकती है.
यह अपराध गैर-जमानती (Non-Bailable) और संज्ञेय (Cognizable) श्रेणी में रखा गया है, यानी पुलिस सीधे कार्रवाई कर सकती है और आसानी से जमानत नहीं मिलती.
इसी कारण पंजाब और सिख समाज में बेअदबी के मामलों को केवल धार्मिक नहीं, बल्कि सामाजिक और कानून-व्यवस्था से जुड़ा अत्यंत संवेदनशील मुद्दा माना जाता है.
किस कानून के तहत सजा का प्रावधान?
यदि किसी धर्म, धार्मिक भावनाओं, पूजा स्थल या धार्मिक ग्रंथ के अपमान का मामला हो तो आमतौर पर भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धाराएं लागू होती हैं. इनमें धर्म या धार्मिक भावनाएं भड़काने, पूजा स्थलों को नुकसान पहुंचाने या धार्मिक समूहों का अपमान करने से जुड़े अपराध शामिल हैं.
श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी से जुड़े मामलों के लिए पंजाब सरकार ने "जगत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) अधिनियम, 2026" लागू किया है. यह कानून विशेष रूप से गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूप (सरोप) की पवित्रता और सुरक्षा के लिए बनाया गया है.
अकाल तख्त कोई सरकारी संस्था नहीं, लेकिन सिख समाज की सबसे प्रभावशाली धार्मिक-सामाजिक सत्ता है. उसके फैसले कानूनी नहीं होते, फिर भी पंजाब की राजनीति में कई बार सरकारों, मुख्यमंत्रियों और बड़े नेताओं की छवि तथा चुनावी समीकरणों को प्रभावित करते रहे हैं.




