कौन हैं शालिग्राम गर्ग और धीरेंद्र शास्त्री से क्या है कनेक्शन? जमीन विवाद को लेकर किसान के साथ मारपीट औऱ फायरिंग करने का लगा आरोप
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के छोटे भाई शालिग्राम गर्ग एक बार फिर विवादों में हैं. इस बार उन पर जमीन विवाद में किसान के साथ मारपीट और फायरिंग का आरोप लगा है. इससे पहले भी उनका नाम पिस्टल लहराने, टोल प्लाजा विवाद और अन्य मामलों में सामने आ चुका है.
Acharya Dhirendra Krishna Shastri
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के छोटे भाई शालिग्राम गर्ग उर्फ सौरव गर्ग एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार उनका नाम मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में हुए एक जमीन विवाद से जुड़ा है. आरोप है कि विवाद के दौरान एक किसान के साथ मारपीट की गई और उस पर गोली भी चलाई गई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.
हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब शालिग्राम गर्ग का नाम किसी विवाद में सामने आया हो. पिछले कुछ वर्षों में उन पर पिस्टल लहराने, धमकी देने, मारपीट करने और टोल प्लाजा पर विवाद जैसे कई आरोप लग चुके हैं. इसी वजह से उनका नाम पहले भी कई बार सुर्खियों में रहा है.
कौन हैं शालिग्राम गर्ग?
शालिग्राम गर्ग, जिन्हें सौरव गर्ग के नाम से भी जाना जाता है, बागेश्वर धाम के प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के छोटे भाई हैं. धीरेंद्र शास्त्री का जन्म 4 जुलाई 1996 को मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के गढ़ा गांव में हुआ था, जबकि शालिग्राम का जन्म वर्ष 2000 के आसपास माना जाता है. उनके पिता पंडित रामकृपाल गर्ग कथावाचक रहे हैं और माता सरोज गर्ग गृहिणी हैं. परिवार लंबे समय से धार्मिक परंपराओं से जुड़ा रहा है
ताजा मामला क्या है?
ताजा मामले में किसान मोतीलाल कुशवाहा ने आरोप लगाया है कि जमीन विवाद के दौरान उनके साथ मारपीट की गई और उन पर गोली चलाई गई. घटना के बाद घायल किसान को अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.
क्या बोले धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री?
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने भाई शालिग्राम गर्ग से जुड़े हालिया विवाद और दर्ज हुए प्रकरण पर कहा, "हम पहले भी कह चुके हैं कि हमारे परिवार से, खासकर शालिग्राम से, किसी भी प्रकार का कोई संबंध या नाता नहीं है. लगभग तीन साल हो चुके हैं. गांव और समाज बहुत बड़ा है और यहां कुछ न कुछ घटनाएं होती रहती हैं. हर बात को हमसे नहीं जोड़ा जाना चाहिए. हम साधु हैं, सबके हैं, सनातन के हैं और प्रत्येक व्यक्ति के लिए हैं. हमारी यही विशेष प्रार्थना है कि जो बात हम दो-तीन साल पहले कह चुके हैं, उसे बार-बार हमसे न जोड़ा जाए..."
किन-किन मामलों में आ चुका शालिग्राम गर्ग का नाम?
फरवरी 2023 में शादी में पिस्टल लहराने का आरोप
शालिग्राम गर्ग पहली बार बड़े विवाद में फरवरी 2023 में आए थे। छतरपुर के गढ़ा गांव में एक दलित परिवार की शादी के दौरान उन पर पिस्टल लहराने, लोगों को धमकाने और गाली-गलौज करने के आरोप लगे थे. घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे. मामले में एससी/एसटी एक्ट समेत कई धाराओं में एफआईआर दर्ज हुई थी. बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी.
अप्रैल 2024 में टोल प्लाजा विवाद में दर्ज हुआ मामला
अप्रैल 2024 में सागर जिले के मुगवारी टोल प्लाजा पर टोल टैक्स को लेकर उनका विवाद हुआ था. आरोप था कि टोल मांगने पर उन्होंने अपने साथियों के साथ टोल कर्मचारियों के साथ मारपीट की. इस मामले में भी पुलिस ने शालिग्राम सहित कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था.
दिसंबर 2024 में जारी किया था वीडियो
दिसंबर 2024 में शालिग्राम गर्ग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. इसमें उन्होंने कहा था कि उनके निजी मामलों को बागेश्वर धाम या पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से नहीं जोड़ा जाए. उन्होंने दावा किया था कि उनका और धीरेंद्र शास्त्री का अब कोई संबंध नहीं है और इसकी जानकारी अदालत में भी दी जा चुकी है.
फिलहाल ताजा जमीन विवाद की जांच जारी है. पुलिस का कहना है कि सभी पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.




