Begin typing your search...

ENG vs IND 1st ODI: गिल की क्लास, सुंदर-अक्षर का दम; इंग्लैंड के किले में भारत की शानदार जीत, 11 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा

भारत ने इंग्लैंड को पहले वनडे में हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली. शुभमन गिल की शानदार 80 रन की पारी और वॉशिंगटन सुंदर-अक्षर पटेल की संयमित साझेदारी ने टीम इंडिया को जीत दिलाई. इस जीत के साथ भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ लगातार छठी वनडे जीत भी दर्ज की.

ENG vs IND 1st ODI: गिल की क्लास, सुंदर-अक्षर का दम; इंग्लैंड के किले में भारत की शानदार जीत, 11 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा
X

England vs INDIA 1st ODI Highlights : भारत ने इंग्लैंड दौरे की शुरुआत शानदार अंदाज में करते हुए पहले वनडे मुकाबले में मेजबान टीम को हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली. एजबेस्टन के मैदान पर मिली यह जीत कई मायनों में खास रही. इंग्लैंड को इस मैदान पर 2015 के बाद पहली बार वनडे में हार का सामना करना पड़ा, जबकि आखिरी बार उसे इसी मैदान पर भारत ने 2014 में हराया था. इसके साथ ही भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ लगातार छठी वनडे जीत दर्ज कर नया रिकॉर्ड भी बना दिया.

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को शुभमन गिल ने तेज शुरुआत दिलाई. उन्होंने शुरुआत से ही सकारात्मक बल्लेबाजी की और इंग्लिश गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा, हालांकि रोहित शर्मा बड़ी पारी नहीं खेल सके और सैम करन का शिकार बनकर सिर्फ 11 रन पर आउट हो गए. इसके तुरंत बाद विराट कोहली भी जोफ्रा आर्चर की गेंद पर एलबीडब्ल्यू होकर महज 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गए.

गिल और अय्यर ने भारतीय पारी को संभाला

दो शुरुआती झटकों के बाद शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर ने भारतीय पारी को संभाला. दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 101 रन की शानदार साझेदारी की और बिना किसी जल्दबाजी के रन गति को बनाए रखा. गिल पूरे समय शानदार लय में दिखे और उन्होंने 80 रन की बेहतरीन पारी खेली. हालांकि 26वें ओवर में वह चोट के कारण रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए. उस समय भारत को जीत के लिए 24.2 ओवर में 110 रन की जरूरत थी.

अय्यर के रन आउट से होने बढ़ा रोमांच

गिल के बाहर जाने के बाद मैच में अचानक रोमांच बढ़ गया. श्रेयस अय्यर खराब रनिंग और हैरी ब्रूक के सीधे थ्रो की वजह से रन आउट हो गए. अगले ही ओवर में केएल राहुल भी जोश टंग की गेंद पर बोल्ड हो गए. यह टंग का पहला वनडे विकेट था और इंग्लैंड ने मुकाबले में वापसी की उम्मीद जगा दी.

फिर सुंदर और अक्षर ने संभाली जिम्मेदारी

इसके बाद वॉशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल ने जिम्मेदारी संभाली.. दोनों ने बिना जोखिम उठाए समझदारी से बल्लेबाजी की। रन रेट पूरी तरह नियंत्रण में होने के कारण दोनों ने धैर्य के साथ पारी को आगे बढ़ाया और भारत को किसी बड़े दबाव में नहीं आने दिया. दोनों ऑलराउंडरों की अहम साझेदारी ने टीम इंडिया को आरामदायक जीत दिला दी. अक्षर ने 57 और सुंदर ने 52 रन की नाबाद पारी खेली. दोनों के बीच 102 रन की मैच जिताऊ साझेदारी हुई.

.. और भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ दर्ज की लगातार छठी जीत

इस जीत के साथ भारत ने न सिर्फ सीरीज में बढ़त बनाई, बल्कि इंग्लैंड के खिलाफ अपनी लगातार छठी वनडे जीत भी दर्ज की, जो दोनों टीमों के बीच भारत की सबसे लंबी जीत की श्रृंखला है. एजबेस्टन में मिली यह जीत भारतीय टीम के आत्मविश्वास को भी नई मजबूती देगी.

इंग्लैंड ने कितने रन बनाए?

इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 47.5 ओवर में 258 रन बनाए. बेन डकेट ने 43, जैकब बेथेल ने 14, जो रूट ने नाबाद 76, कप्तान हैरी ब्रूक ने 1, जोस बटलर ने 5, सैम करन ने 0, विल जैक्स ने 20, लियम डॉसन ने 68, जोफ्रा आर्चर ने 12 और आदिल रशीद ने 1 रन बनाए. वहीं, जोश टंग अपना खाता भी नहीं खोल पाए.

भारत की ओर से अक्षर पटेल ने 9.5 ओवर में 62 रन देकर 4 विकेट लिए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बराड़ ने 2-2 विकेट लिए. वहीं, जसप्रीत बुमराह और शिवम दुबे ने 1-1 विकेट लिया.

क्रिकेट न्‍यूज
अगला लेख