Begin typing your search...

ENG vs IND 1st ODI: बुमराह ने रचा इतिहास, इंग्लैंड में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बने; जडेजा का रिकॉर्ड टूटा

जसप्रीत बुमराह ने इंग्लैंड के खिलाफ बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. उन्होंने हैरी ब्रूक को आउट कर वनडे क्रिकेट में अपने 150 विकेट पूरे किए. साथ ही, वह इंग्लैंड में भारत के लिए सबसे ज्यादा वनडे विकेट लेने वाले गेंदबाज भी बन गए.

Jasprit Bumrah
X

Jasprit Bumrah

( Image Source:  BCCI )

England vs India First ODI: भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे पहले वनडे मुकाबले में जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बड़े मैचों में उनसे बेहतर गेंदबाज़ ढूंढना आसान नहीं है. भारतीय तेज़ गेंदबाज़ ने इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक को आउट करते ही अपने वनडे करियर का 150वां विकेट हासिल कर लिया. इसके साथ ही बुमराह ने एक नहीं, बल्कि दो बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए.

बुमराह ने हैरी ब्रूक को महज 1 रन पर पवेलियन भेजा. उन्होंने ऑफ-कटर गेंद फेंकी, जो पिच से हल्की उछाल लेकर बल्लेबाज़ के बल्ले का ऊपरी किनारा ले गई. पहली स्लिप में खड़े रोहित शर्मा ने आसान कैच लपक लिया. यह विकेट भारत के लिए बेहद अहम था, क्योंकि इंग्लैंड की टीम अच्छी शुरुआत के बाद मजबूत स्थिति में दिख रही थी.

इस विकेट के साथ बुमराह ने वनडे क्रिकेट में 150 विकेट पूरे किए और वह भारत के लिए सबसे कम गेंदों में 150 वनडे विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज़ बन गए. उन्होंने यह उपलब्धि केवल 4,605 गेंदों में हासिल की. मोहम्मद शमी सबसे तेज 150 विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. उन्होंने यह उपलब्धि 4,070 गेंदों में हासिल की थी, जबकि कुलदीप यादव को यहां तक पहुंचने के लिए 4513 गेंदें लगी थीं.

इंग्लैंड में भारत के सबसे सफल वनडे गेंदबाज़ बने बुमराह

हैरी ब्रूक का विकेट बुमराह के लिए इसलिए भी खास रहा क्योंकि इसके साथ ही वह इंग्लैंड की धरती पर भारत के लिए सबसे ज्यादा वनडे विकेट लेने वाले गेंदबाज़ बन गए. अब उनके नाम इंग्लैंड में 31 विकेट दर्ज हो गए हैं. इस सूची में उन्होंने रवींद्र जडेजा (30 विकेट) को पीछे छोड़ दिया. इसके बाद भुवनेश्वर कुमार (28), मदन लाल (27) और मोहम्मद शमी (26) का नंबर आता है.

भारत को दिलाई मैच में वापसी

बुमराह का यह स्पैल भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हुआ. उन्होंने कप्तान हैरी ब्रूक को जल्दी आउट कर इंग्लैंड पर दबाव बना दिया और भारतीय टीम की मुकाबले में जोरदार वापसी कराई. कप्तान शुभमन गिल ने सही समय पर बुमराह को गेंद थमाई और स्टार तेज़ गेंदबाज़ ने अपने अनुभव से टीम को बड़ी सफलता दिलाई.

भारत और इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन

  • इंग्लैंड: जैकब बेथेल, बेन डकेट, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम करन, विल जैक्स, जोफ्रा आर्चर, लियाम डॉसन, जोश टंग और आदिल रशीद.
  • भारत: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, गुरनूर बराड़, जसप्रीत बुमराह और प्रसिद्ध कृष्णा.
क्रिकेट न्‍यूज
अगला लेख