एक्टर राम चरण ने क्यों मांगी जसप्रीत बुमराह से माफी, ऐसा क्या बोल गए मंच पर? वीडियो हो गया वायरल
फिल्म पेड्डी के म्यूजिक लॉन्च इवेंट में एक्टर राम चरण से टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को लेकर एक गलती हो गई, जिसका वीडियो वायरल होने के बाद राम चरण अब बुरमाह से माफी मांगी.
Ram Charan Apology Jasprit Bumrah
साउथ सुपरस्टार राम चरण इन दिनों अपनी आगामी फिल्म पेड्डी को लेकर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वह अपनी किसी फिल्म नहीं बल्कि एक वायरल वीडियो की वजह से चर्चा में आ गए. भोपाल में आयोजित फिल्म के भव्य म्यूजिक लॉन्च इवेंट के दौरान राम चरण से भारतीय क्रिकेटरों को लेकर कुछ शब्दों में प्रतिक्रिया देने को कहा गया.
इस दौरान उन्होंने क्रिकेट जगत के कई दिग्गज खिलाड़ियों पर दिलचस्प टिप्पणियां कीं, लेकिन जसप्रीत बुमराह को लेकर हुई एक छोटी सी गलती सोशल मीडिया पर बड़ा मुद्दा बन गई. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राम चरण को माफी मांगनी पड़ी.
क्या बोले थे राम चरण?
इवेंट में मौजूद मीडिया से बातचीत के दौरान राम चरण ने सचिन तेंदुलकर को लंबा और शानदार सफर, महेंद्र सिंह धोनी को शांत और संयमित, विराट कोहली को “आग” और रोहित शर्मा को सबका चहेता बताया. हालांकि, जब उनसे टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने गलती से उन्हें फुटबॉलर कह दिया. देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और यूजर्स तरह-तरह की कमेंट करने लगे.
माफी मांगते हुए क्या बोले राम चरण?
वीडियो वायरल होने के बाद राम चरण ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए जसप्रीत बुमराह से माफी मांगी. उन्होंने लिखा "उफ… मैं कभी-कभी नाम भूलने में सचमुच बहुत लापरवाह हो जाता हूं @Jaspritbumrah93 जी से हुई इस गड़बड़ी के लिए माफी चाहता हूं. यह सारी उत्तेजना और भीड़ के बीच एक वास्तविक मानवीय त्रुटि थी." राम चरण ने आगे कहा कि वह भारतीय तेज गेंदबाज का बेहद सम्मान करते हैं और उनके खेल के बड़े प्रशंसक हैं.
क्या चोटिल हो गए बुमराह?
दूसरी ओर, भारतीय टीम और मुंबई इंडियंस के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इस समय अपनी फिटनेस और फॉर्म को लेकर चर्चा में हैं. मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच महेला जयवर्धने ने खुलासा किया कि बुमराह टी20 विश्व कप के दौरान लगी हल्की चोट से अब तक पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं.
कैसा रहा बुमराह के लिए आईपीएल 2026?
बुमराह का इस सीजन में प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. मुंबई इंडियंस के लिए खेले गए 13 मुकाबलों में वह केवल चार विकेट ही हासिल कर सके. टीम मैनेजमेंट के मुताबिक, चोट और लंबे आराम के कारण उनकी लय और धार प्रभावित हुई.




