तीन फॉर्मेट, तीन शतक! इंग्लैंड के खिलाफ ODI में कैसा है रोहित शर्मा का रिकॉर्ड? 20 रन बनाते ही पाकिस्तानी दिग्गज को छोड़ देंगे पीछे
इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज 14 जुलाई से शुरू होने जा रही है. इस सीरीज से पहले रोहित शर्मा लंदन पहुंच गए हैं. उन्होंने नेट पर प्रैक्टिस करनी भी शुरू कर दी है. आइए, जानते हैं कि इंग्लैंड की सरजमीं पर उनका रिकॉर्ड कैसा रहा है...
रोहित शर्मा
Rohit Shama's Record in England: भारत को टी-20 सीरीज के बाद इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है. इस फॉर्मेट में रोहित शर्मा की फिर से वापसी होने जा रही है. जून में अफगानिस्तान के खिलाफ हुई तीन मैचों की वनडे सीरीज में रोहित ने 143 रन बनाए थे. आखिरी मैच में उन्होंने 69 गेंदों पर 79 रन की शानदार पारी खेली थी.
पहला वनडे 14 जुलाई को बर्मिंघम के एजबेस्टन में खेला जाएगा. वहीं, दूसरा मैच 16 जुलाई को कार्डिफ और तीसरा व आखिरी मैच लॉर्ड्स के ऐतिहासिक ग्राउंड में 19 जुलाई को होगा.
इंग्लैंड की सरजमीं पर रोहित का कैसा रहा है रिकॉर्ड?
इंग्लैंड की सरजमीं पर रोहित ने 27 मैचों में 64.90 की औसत से 1428 रन बनाए हैं. इसमें 7 शतक शामिल है. यह किसी भी विदेशी बल्लेबाज की तुलना में सबसे ज्यादा है. इसके अलावा, रोहित ने 7 अर्धशतक भी जड़े हैं.
इंग्लैंड के खिलाफ इंग्लैंड में कैसा है रिकॉर्ड?
इंग्लैंड के खिलाफ रोहित ने 19 मैचों में 48.26 की औसत से 724 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 3 अर्धशतक शामिल हैं. वे इंग्लैंड में इंग्लैंड के खिलाफ तीनों फॉर्मेट में शतक लगाने वाले इकलौते भारतीय बल्लेबाज हैं.
लंदन में शुरू की प्रैक्टिस
रोहित शर्मा वनडे सीरीज से पहले लंदन पहुंच गए हैं, जहां वे स्थानीय क्लबों और क्रिकेटरों के साथ नेट पर प्रैक्टिस कर रहे हैं. इसके अलावा, वे अपने स्थानीय दोस्तों से भी मुलाकात कर रहे हैं.
20 रन बनाते ही टूट जाएगा इंजमाम-उल-हक का रिकॉर्ड?
रोहित शर्मा के नाम इस समय 285 वनडे मैचों की 277 पारियों में 11720 रन है. इसमें 33 शतक और 62 अर्धशतक शामिल हैं. अगर वे आगामी वनडे सीरीज में 20 रन और बना लेते हैं तो पाकिस्तान के दिग्गज बल्लेबाज और कप्तान रहे इंजमाम-उल-हक का रिकॉर्ड तोड़ देंगे. इंजमाम के नाम 11739 रन है.
इंग्लैंड के खिलाफ भारत की वनडे टीम
शुभमन गिल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, ईशान किशन. वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और गुरनूर बराड़.




