Begin typing your search...

79 रनों की पारी खेल रोहित शर्मा ने तोड़ा 37 साल पुराना रिकॉर्ड, जानें किस मामले में टॉप पर पहुंचे 'हिटमैन'

अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में रोहित शर्मा ने 79 रनों की पारी खेलकर 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़कर इतिहास रच दिया. रोहित ने 69 गेंदों पर ये रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 3 छक्के शामिल रहे.

Rohit Sharma
X

Rohit Sharma 

( Image Source:  X/@BCCI )

भारत और अफगानिस्तान के बीच खेली गई 3 मैचों की वनडे सीरीज अब खत्म हो चुकी है. सीरीज का आखिरी मुकाबला 20 जून को खेला गया था, जिसमें टीम इंडिया ने जीत हासिल करके मेहमान टीम का सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया. वहीं इस मैच में टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने कमाल की बल्लेबाजी करते 79 रनों की पारी खेली.

इस 79 रनों की पारी के साथ रोहित ने वनडे क्रिकेट में इतिहास रचते हुए 37 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया. रोहित ने 69 गेंदों पर ये रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 3 छक्के शामिल रहे. रोहित का ये उनके वनडे करियर का 62वां अर्धशतक है.

रोहित ने कौनसा तोड़ा रिकॉर्ड?

अफगानिस्तान के खिलाफ इस अर्धशतकीय पारी के साथ रोहित शर्मा भारत की ओर से वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में 50 या उससे अधिक रन बनाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं. जब उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की, तब उनकी उम्र 39 साल और 51 दिन थी. इस मामले में उन्होंने पूर्व भारतीय दिग्गज मोहिंदर अमरनाथ का रिकॉर्ड तोड़ा. अमरनाथ ने 15 अक्टूबर 1989 को शारजाह में पाकिस्तान के खिलाफ 80 गेंदों पर 88 रन बनाए थे. उस समय उनकी उम्र 39 साल और 21 दिन थी. अब यह रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम दर्ज हो गया है.

X/ @BCCI

राहुल द्रविड़ का कौनसा रिकॉर्ड तोड़ा?

अफगानिस्तान के खिलाफ खेली गई इस पारी के साथ रोहित शर्मा ने वनडे क्रिकेट में अपने 50 या उससे अधिक रन वाले स्कोर की संख्या 95 तक पहुंचा दी. इसी के साथ उन्होंने भारत के पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ दिया. राहुल द्रविड़ ने अपने वनडे करियर में कुल 94 बार 50 प्लस स्कोर बनाए थे, जिसमें 12 शतक और 82 अर्धशतक शामिल थे. वहीं रोहित शर्मा अब तक 33 शतक और 62 अर्धशतक लगा चुके हैं, जिससे उनके 50+ स्कोर की कुल संख्या 95 हो गई है.

X/ @BCCI

कैसा रहा मैच का हाल?

इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान की टीम 44.2 ओवर में 218 रनों पर ही सिमट गई थी. इस दौरान कप्तान हश्मतुल्लाह शहीदी ने शानदार शतक भी लगाया. उनके बल्ले से 102 रनों की पारी निकली, जिसमें 13 चौके और 1 छक्का शामिल रहा. वहीं टीम इंडिया की तरफ से गेंदबाजी करते हुए प्रसिद्ध कृष्णा ने 8.2 ओवर में महज 23 रन देकर सबसे ज्यादा 5 विकेट हासिल किए.

वहीं टीम इंडिया ने 219 रनों के लक्ष्य को आसानी से 28.4 ओवर में 1 विकेट खोकर हासिल कर लिया था. टीम इंडिया की तरफ से यशस्वी जायसवाल ने कमाल की बल्लेबाजी करते शतक जड़ा. उन्होंने 86 गेंदों पर 110 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें 14 चौके और 3 छक्के शामिल रहे. इसके अलावा रोहित ने 79 और श्रेयस अय्यर 20 रन बनाकर नाबाद रहे.

रोहित शर्मा
अगला लेख