मर्डर के 9 महीने बाद राजा रघुवंशी के घर में जन्मा लड़का, Raja is Back लिखकर घरवालों ने मनाया जश्न
राजा रघुवंशी मर्डर के 9 महीने बाद उनके परिवार में एक बच्चे का जन्म हुआ, जिसे घरवाले उनकी वापसी मान रहे हैं. बच्चे के घर आने पर परिवार ने Raja is Back लिखकर जश्न मनाया.
राजा और सोनम रघुवंशी फाइल फोटो
इंदौर के बिजनेसमैन राजा रघुवंशी की मौत के बाद परिवार में खुशियों ने दस्तक दी है. परिवार में एक बच्चे का जन्म हुआ है, जिसे घरवाले राजा की वापसी के रूप में देख रहे हैं. खास बात यह है कि जिस दिन राजा की मौत हुई थी, ठीक उसी तिथि और लगभग उसी समय यह बच्चा पैदा हुआ, जिससे परिवार इसे एक संयोग नहीं बल्कि ईश्वर का संकेत मान रहा है.
नवजात के घर आने पर परिवार ने इसे खास अंदाज में सेलिब्रेट किया. घर को सजाया गया और मुख्य दरवाजे पर “Raja Is Back” का बोर्ड लगाया गया.
राजा रघुवंशी के घर में जन्मा बच्चा
दरअस राजा रघुवंशी के बड़े भाई सचिन रघुवंशी पिता बन गए हैं. वहीं, परिवार ने बच्चे का नाम भी राजा ही रखा है. उन्होंने बताया कि राजा की हत्या 'ग्यारस' के दिन हुई थी, जिसे 'एकादशी' भी कहा जाता है, जो कि चंद्र पखवाड़े का ग्यारहवां दिन होता है. सचिन के बेटे का जन्म भी एक 'ग्यारस' के दिन ही हुआ था. इस संयोग के चलते परिवार इस घटना को राजा रघुवंशी की वापसी कह रहा है.
राजा इज़ बैक लिखकर सजाया घर
बच्चे के जन्म की खुशी पर घर को Raja is Back लिखकर सजाया गया. पूरे घर को गुब्बारों और फूल से सजाया गया. मां और बच्चे को सजाई गई कार में घर लाया गया, जहां पूरे परिवार ने उनका जोरदार स्वागत किया.
क्या है मामला?
यह मामला उस समय सामने आया था, जब शादी के कुछ ही दिनों बाद राजा रघुवंशी अपनी पत्नी के साथ मेघालय हनीमून पर गए थे और अचानक दोनों लापता हो गए. 23 मई को उनके गायब होने की खबर सामने आई, जिसके बाद परिवार ने पुलिस पर ढील बरतने के आरोप लगाए. कुछ दिनों बाद 2 जून को राजा का शव बरामद हुआ, जिससे मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया. जांच के दौरान उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी पर हत्या में शामिल होने का शक गहराया.




