Begin typing your search...

बोकारो में बारिश के बीच जमीन से क्यों निकल रही आग और पानी में उठ रहे बुलबुले? वीडियो वायरल होने पर मचा हड़कंप

बोकारो के गोमिया में बारिश के बीच जमीन के अंदर से आग की लपटें निकल रही हैं. वहीं, पानी में भी लगातार बुलबुले उठ रहे हैं, जिससे लोग हैरान रह गए. इस घटना का वीडियो भी जमकर वायरल हो रहा है.

Bokaro Ground Fire: Flames Emerge From Earth Amid Rain, Methane Gas Suspected
X

बोकारो में बारिश के बीच जमीन से निकली आग 

( Image Source:  x.com/WeatherMonitors )

झारखंड के बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड की बांध पंचायत में शुक्रवार को जमीन के अंदर से आग की लपटें निकलने का हैरान करने वाला मामला सामने आया. पलानी झिरकी हरिजन टोला के पास खुले मैदान में जमीन के भीतर से बुलबुले उठते हुए दिखाई दिए और उनके साथ आग की लपटें भी नजर आईं.

सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि बारिश के बावजूद जमीन के आसपास जमा पानी में लगातार बुलबुले उठ रहे थे और पानी गर्म या खौलता हुआ दिखाई दे रहा था. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में कौतूहल के साथ चिंता भी फैल गई.


जमीन के नीचे गैस रिसाव की आशंका

स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि जमीन के नीचे से किसी ज्वलनशील गैस का रिसाव हो रहा है. उनका मानना है कि गैस ऊपर आने के बाद हवा के संपर्क में आ रही है, जिसके कारण पानी में बुलबुले और आग की लपटें दिखाई दे रही हैं.


हालांकि, शुरुआती वैज्ञानिक आकलन में इसके पीछे मिथेन गैस की संभावना जताई गई है. बोकारो और आसपास का इलाका कोयला क्षेत्र से जुड़ा हुआ है और जमीन के नीचे मिथेन गैस की मौजूदगी की बात पहले भी सामने आती रही है.

वैज्ञानिक ने आग लगने की क्या वजह बताई?

मामले को समझने के लिए धनबाद स्थित सेंट्रल माइनिंग रिसर्च इंस्टीट्यूट (CMFRI) के वैज्ञानिक से जानकारी ली गई. वैज्ञानिक के मुताबिक, बोकारो के आसपास के इलाकों में जमीन के नीचे मिथेन गैस मौजूद है. बोकारो के तलगड़िया इलाके में मिथेन गैस के दोहन का काम भी किया जाता है.


वैज्ञानिकों के अनुसार, मिथेन गैस जब ऑक्सीजन के संपर्क में आती है तो उसमें आग लग सकती है. गोमिया में जिस जगह यह घटना सामने आई, वहां बारिश का पानी जमा था. बारिश के कारण मिट्टी ढीली होने से जमीन के नीचे मौजूद गैस के ऊपर आने का रास्ता बन सकता है. इसके बाद गैस सतह पर पहुंचकर हवा के संपर्क में आई होगी और इसी वजह से आग की लपटें दिखाई देने की संभावना जताई जा रही है.

लोगों को आग से दूर रहने की सलाह

वैज्ञानिकों ने लोगों को घबराने के बजाय सावधानी बरतने की सलाह दी है. खास तौर पर लोगों से कहा गया है कि वे आग की लपटों या गैस निकलने वाली जगह के बिल्कुल पास न जाएं और किसी भी तरह का प्रयोग करने की कोशिश न करें.


फिलहाल जमीन के अंदर से आग और पानी में बुलबुले निकलने की इस घटना ने इलाके में लोगों का ध्यान खींचा है. हालांकि, घटना की वास्तविक वजह और गैस की मात्रा को लेकर विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी.

अगला लेख