प्यार में धोखा, फिर गर्लफ्रेंड को जिंदा जलाकर युवक ने कर दिया चैप्टर क्लोज, 7 पॉइंट्स में जानें गुरुग्राम की खौफनाक कहानी
गुरुग्राम में एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड को जिंदा जलाकर मार दिया. दरअसल लड़की को पता चल गया था कि युवक पहले से ही शादीशुदा है जिसके बाद दोनों के बीच झगड़ा हुआ.
Gurugram Love Affair
हरियाणा के गुरुग्राम से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादीशुदा होने की बात छिपाकर प्रेम संबंध बनाने के आरोप में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी प्रेमिका को जिंदा जला दिया. गंभीर रूप से झुलसी युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान 35 वर्षीय सुनील कुमार उर्फ नोनी के रूप में हुई है. जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की दुकान से कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल की गई केरोसिन की बोतल और मोबाइल फोन बरामद किया है. फिलहाल आरोपी को अदालत ने दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है और मामले की जांच जारी है.
7 पॉइंट्स में जानें पूरा मामला
1. पुलिस के अनुसार, करीब डेढ़ साल पहले 23 वर्षीय दिव्या कटारिया गहने बेचने के लिए सुनील कुमार की दुकान पर गई थी. यहीं से दोनों के बीच जान-पहचान हुई, जो बाद में प्यार में बदल गई.
2. जांच में सामने आया कि युवती को बाद में पता चला कि सुनील पहले से शादीशुदा है. इसके बाद दोनों के रिश्ते में तनाव बढ़ने लगा और अक्सर विवाद होने लगे.
3. पुलिस के मुताबिक, 18 जून को युवती आरोपी की दुकान पर पहुंची, जहां दोनों के बीच कहासुनी हुई. आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने युवती पर केरोसिन डाल दिया, हालांकि उस समय आग नहीं लगाई.
4. विवाद सुलझाने की कोशिश में युवती ने सोहना रोड स्थित सेंट्रल पार्क में एक फ्लैट बुक किया, जहां दोनों ने रात बिताई. पुलिस का आरोप है कि अगली सुबह दोनों के बीच फिर बहस हुई और इसी दौरान आरोपी ने युवती को आग के हवाले कर दिया.
5. घटना के बाद आरोपी घायल युवती को गुरुग्राम के आर्टेमिस अस्पताल लेकर गया. गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया, जहां 27 जून को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.
6. पुलिस ने बताया कि 19 जून को अस्पताल से सूचना मिलने के बाद भी युवती और उसकी मां ने कोई कानूनी कार्रवाई नहीं कराई. मामले ने नया मोड़ तब लिया, जब 30 जून को युवती के चचेरे भाई विकास ने सेक्टर-9ए थाने में शिकायत दर्ज कराई.
7. शिकायत के अनुसार, 22 जून को अस्पताल में युवती ने बताया था कि सुनील ने उसे आग लगाई थी और सच बताने या शिकायत करने पर उसे, उसकी मां और बहन को जान से मारने की धमकी दी थी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है.




