चलती कार रुकवाई, पुलिसकर्मी को बाहर खींचा और बेरहमी से पीटा, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात- 7 पॉइंट्स में जानें पूरा मामला
नागपुर में एक पुलिसकर्मी को कुछ युवकों ने गाड़ी से बाहर खींचकर बुरी तरह से पीटा है, ये पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. 14 लोगों को मामले में गिरफ्तार किया गया है.
Nagpur police officer beaten
सोशल मीडिया पर एक सीसीटीवी की वीडियो जो नागपुर की है काफी वायरल हो रही है. दरअसल बीच सड़क पर कुछ युवकों ने एक पुलिसकर्मी की कार रोककर उसे बाहर खींच लिया और उसके साथ जमकर मारपीट की. आरोपियों ने न सिर्फ पुलिसकर्मी को सड़क पर घसीटा, बल्कि उसकी कार में भी तोड़फोड़ की. पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई.
घटना के बाद पुलिस विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की और तकनीकी सबूतों के आधार पर 14 आरोपियों को हिरासत में ले लिया. पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार किए गए कुछ आरोपियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है.
7 पॉइंट्स में जानें पूरा मामला
1. पुलिस के अनुसार, यह घटना 28 जून की रात की है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि एक मामूली कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि बाइक सवार युवकों ने पुलिसकर्मी की कार को रोक लिया और हमला कर दिया. बताया गया कि पुलिसकर्मी उस समय ड्यूटी पर तैनात था और अपनी निजी कार से एक महिला मित्र के साथ मनकापुर चौक की ओर जा रहा था.
2. जानकारी के अनुसार, सात से आठ युवक मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए और उन्होंने अपनी बाइक पुलिसकर्मी की कार के सामने खड़ी कर दी. इसके बाद कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू हुई और देखते ही देखते आरोपियों ने पुलिसकर्मी को कार से बाहर खींच लिया.
3. हमलावरों ने सड़क पर उसके साथ मारपीट की, उसे घसीटा और लगातार लात-घूंसों से हमला किया. घटना के दौरान पुलिसकर्मी की कार में भी तोड़फोड़ की गई. पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई.
4. फुटेज में देखा जा सकता है कि हमलावर पुलिसकर्मी को सड़क के बीचोंबीच पीट रहे हैं. मारपीट के बाद आरोपी मौके से मोटरसाइकिलों पर फरार हो गए. पुलिस अब इसी सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल सबूतों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है.
5. हमले में घायल पुलिसकर्मी को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया. फिलहाल उनका इलाज जारी है और चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 14 आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया.
6. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हर्ष पवार, गौरव धिरदे, संयम गणेशपुरी, यस प्रतिकी, सत्यम शिर्के, प्रेमराज धकाते, आकाश बोकाड़े, नितिन गोखले, विक्की तेलघरे, भूमि देव उर्फ सागर बोकड़े, गणेश उइके, प्रीतम मोडेकर और टीकाराम बारापात्रे के रूप में हुई है.
7. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए कुछ आरोपियों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है. कार्रवाई के दौरान उनके कब्जे से पांच दोपहिया वाहन और लगभग 5.6 लाख रुपये मूल्य का सामान भी बरामद किया गया है.




