Begin typing your search...

पहले लगाया 56 साल के शख्स पर झूठा रेप केस, फिर मांगे 5 लाख, कैसे एक रिकॉर्डिंग ने खोली कामवाली की पोल

दिल्ली के द्वारका इलाके में एक नौकरानी द्वारा लगाए गए रेप के आरोप की जांच में चौंकाने वाला मोड़ सामने आया. शुरुआती शिकायत में उसने एक 56 साल के व्यक्ति पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था, लेकिन पुलिस जांच में मामला कथित तौर पर झूठा निकला.

woman arrested
X

कैसे एक रिकॉर्डिंग ने खोली झूठा रेप केस लगाने वाली कामवाली की पोल

( Image Source:  chatgpt )
हेमा पंत
Edited By: हेमा पंत3 Mins Read

Updated on: 3 July 2026 11:07 AM IST

दिल्ली के द्वारका में एक 56 साल के व्यक्ति पर रेप का आरोप लगने के बाद मामला बेहद गंभीर नजर आ रहा था. पुलिस ने शिकायत मिलते ही जांच शुरू कर दी, लेकिन अगले ही दिन कहानी में ऐसा मोड़ आया जिसने पूरे केस की दिशा बदल दी. आरोप लगाने वाली महिला ने शिकायत वापस लेने के बदले उसके बेटे से 5 लाख रुपये की मांग की थी.

जहां बेटे ने महिला से हुई बातचीत को रिकॉर्ड कर लिया, जिसमें वह कथित तौर पर पैसे लेकर मामला खत्म करने की बात करती सुनाई दी, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल रिकॉर्ड और इस ऑडियो रिकॉर्डिंग ने जांच में ऐसा सच सामने रखा कि रेप की शिकायत करने वाली महिला खुद सलाखों के पीछे पहुंच गई.

ऐसे शुरू हुआ पूरा मामला

30 जून को दोपहर करीब 1:22 बजे पुलिस कंट्रोल रूम (112) पर एक महिला का कॉल आया. महिला ने बताया कि उसे एक मोबाइल ऐप के जरिए द्वारका के एक फ्लैट में घर का काम करने के लिए भेजा गया था. वहां 56 साल के व्यक्ति ने कथित तौर पर काम पूरा होने के बाद उसके साथ रेप किया. महिला ने दावा किया कि वह किसी तरह वहां से निकलने में सफल रही और अपने सीनियर्स को पूरी घटना की जानकारी दी. कंपनी की सलाह पर उसने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई.

एक फोन कॉल ने बदल दिया पूरा मामला

जांच के दौरान 1 जुलाई को नया मोड़ आया. पुलिस को पता चला कि महिला ने आरोपी व्यक्ति के बेटे से कॉन्टैक्ट कर शिकायत वापस लेने के बदले 5 लाख रुपये की मांग की थी. उसने कथित तौर पर धमकी दी कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो रेप का मामला आगे बढ़ाकर परिवार की इज्जत मिट्टी में मिला देगी. बाद में दोनों की मुलाकात तय हुई, जहां महिला कथित तौर पर शुरुआती तौर पर 2 लाख रुपये लेने पर राजी हो गई. इस दौरान आरोपी के बेटे ने पूरी बातचीत को रिकॉर्ड कर लिया. उसने पहले ही पुलिस को इस मुलाकात की जानकारी दे दी थी.

महिला को किया गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल रिकॉर्ड और रिकॉर्ड की गई बातचीत महिला के आरोपों से मेल नहीं खा रहे थे. इसके बाद महिला ने अपनी शिकायत वापस ले ली, लेकिन उसी दिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. उसके पास से 2 लाख रुपये भी बरामद किए गए.

अब आगे क्या?

पीड़ित व्यक्ति के बयान और उपलब्ध सबूतों के आधार पर पुलिस ने महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308 के तहत जबरन वसूली (एक्सटॉर्शन) का मामला दर्ज किया है. पुलिस अब उसके पुराने रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या उसने पहले भी इसी तरह लोगों को झूठे मामलों में फंसाकर पैसे वसूलने की कोशिश की थी.

अगला लेख