Begin typing your search...

कैसे AC ब्लास्ट ने दिल्ली में ले ली 9 लोगों की जान? छत का दरवाजा बना कारण, जिंदा जल गए लोग- Top Updates

दिल्ली के विवेक विहार में AC ब्लास्ट होने से एक बिल्डींग में भीषण आग लग गई है. आग की चपेट में आने से 9 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई.

Vivek Vihar Fire Incident
X

Vivek Vihar Fire Incident

( Image Source:  X/ @JITENDERMONGA_, @Chhotukingoffi1 )

दिल्ली के शाहदरा इलाके में रविवार तड़के एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया. विवेक विहार स्थित एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में अचानक भीषण आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया. इस हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है.

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर तेजी से राहत और बचाव कार्य शुरू किया. कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन इस हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है.

कब हुआ हादसा?

यह हादसा सुबह करीब 3 बजे के आसपास हुआ, जब इमारत की दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल पर आग फैल गई. आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. कई लोग अपने फ्लैट्स में ही फंस गए और बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिल पाया.

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. फायर ब्रिगेड, ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीमों ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. इस दौरान 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. वहीं, दो लोग मामूली रूप से घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल भेजा गया है.

स्थानीय निवासी के मुताबिक "सुबह करीब 3:13 बजे AC में धमाके से घर में आग लगी। हादसे की सूचना पर फायर ब्रिगेड करीब 3:35 बजे पहुंची. कई लोगों को बालकनी और खिड़कियों के जरिए बाहर निकाला गया."

घटना पर क्या बोले शाहदरा के डीसीपी?

शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने कहा, "सुबह करीब 4 बजे हमें आग लगने की सूचना मिली थी. कॉल मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया गया." उन्होंने आगे बताया कि अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई और व्यक्ति अंदर फंसा न हो.

कैसे हुआ इतना बड़ा हादसा?

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आग की शुरुआत एसी में धमाके के कारण हुई. बताया जा रहा है कि दूसरी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में एसी ब्लास्ट हुआ, जिससे आग तेजी से तीसरी मंजिल तक फैल गई. हालांकि, आग किस हिस्से से शुरू हुई, इसकी विस्तृत जांच अभी जारी है.

जानकारी के अनुसार, जब तीसरी मंजिल तक आग पहुंची तो वहां मौजूद लोग जान बचाने के लिए छत की ओर भागे. लेकिन दुर्भाग्यवश छत का दरवाजा बंद मिला, जिससे वे बाहर नहीं निकल सके और आग की चपेट में आ गए. इसी तरह दूसरी मंजिल पर मौजूद चार लोगों की भी इस हादसे में मौत हो गई.

अगला लेख